सोमवार से शुरू होगा नामांकन, बिकेंगे पर्चे 

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में दो नगर पालिका और सात नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य पदों के चुनाव के लिए सोमवार से पर्चो की बिक्री और नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अधिसूचना जारी कर दी है। कायमगंज तहसील में एक नगर पालिका और तीन नगर पंचायत व कलक्ट्रेट में एक नगर पालिका और चार नगर पंचायतों के लिए नामांकन होगा। दोनों जगह बैरीकेडिंग का काम पूरे दिन चलता रहा। आरओ और एआरओ को ड्यूटी बांट दी गई है। 
जिले में दो नगर पालिका और सात नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के नौ और सदस्य पद के 170 पद हैं। दूसरे चरण में चुनाव होने के कारण 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। कलेक्ट्रेट परिसर में नगर पालिका  सदर, कमालगंज, मोहम्मदाबाद, खिमसेपुर, संकिसा के अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए पर्चों की बिक्री होगी और नामांकन होंगे। कायमगंज तहसील क्षेत्र के नगर पालिका कायमगंज, नगर पंचायत कंपिल, शमसाबाद व नवाबगंज के अध्यक्ष व सदस्य पदों के नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन कराने की कार्रवाई तहसील कायमगंज में संपन्न होगी। दोनों जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बैरीकेडिंग कर दी गई है। पुलिस बल की तैनाती भी हो गई है। दो नगर पालिका और सात न गर पंचायत के अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए नौ आरओ और दस एआरओ लगाए गए हैं। सदस्य पद के निर्वाचन के लिए 20 आरओ और 40 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम के आदेश पर रविवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से आरओ और एआरओ को ड्यूटी का वितरण कर दिया गया। नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए वही नामांकन कर सकता हैं, जिसने तीस साल की आयु पूरी कर ली है। सदस्य पद के लिए 21 साल आयु पूरी करने वाला नामांकन करा सकता है। नामांकन पत्रों की खरीद और नामांकन कराने के दौरान कोविड के नियमों का प्रत्याशियों को पालन करना होगा।