दीवार में नकब लगाकर नगदी जेबरात साफ

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) पुत्र और पति के खेत पर गेहूं काटने जाने पर महिलाएं घर के आंगन में रात में सो गई। चोरों ने कमरे की दीवार में नकब लगा लिया। कमरे में घुस कर रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी व जेवर चोरी कर ले गए। सुबह कमरे का दरवाजा खोलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के गांव उलियापुर निवासी दशरथ सिंह का नगला नान गांव में पांच बीघा खेत है। जिसमें गेहूं की फसल की थी। शुक्रवार देर शाम दशरथ सिंह गेहूं की फसल काटने के लिए पुत्रों को लेकर खेत पर चले गए। घर में महिलाएं अकेली रह गई। गर्मी अधिक होने के कारण महिलाओं ने कमरों में कुंडी लगा दी और आंगन में सो गई। चोरों ने रात में कमरे की दीवार में नकब लगा दिया। जिसके सहारे कमरे में घुस कर रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़ दिया। इसकी भनक आंगन में सो रही महिलाओं को नहीं हुई। अलमारी में रखे 25 हजार रुपये, चार सोने की चूड़ी, चांदी का खड़ुआ व अन्य जेवर चोरी कर ले गए। शनिवार भोर करीब चार बजे पुत्रों के साथ दशरथ खेत से घर लौट कर आए। महिलाओं ने कमरो की कुंडी खोली तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्सा खुला पड़ा था। दीवार में नकब लगा था। तब उनको चोरी की जानकारी हुई। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी नींद से जाग गए। वह दशरथ के घर पहुंचे। मामले की जानकारी ली। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद जांच की। दशराथ सिंह ने बताया कि नगदी व एक लाख से अधिक रुपये के जेवर चोर चोरी कर ले गए हैं। थानाध्यक्ष मनोज कुमार भाटी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर दरोगा को जांच के लिए भेजा था। घटना की तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।