अनुमति ना होने पर शोभायात्रा रोकी, पुलिस से हुई नोकझोंक

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर बिना अनुमति निकाली गई शोभायात्रा को पुलिस ने रोक दिया। इससे अनुयायियों को पुलिस से विवाद होने लगा। सीओ मोहम्मदाबाद मौके पर पहुंचे। शोभायात्रा रोकने से नाराज अनुयायी वहीं धरने पर बैठ गए। सीओ ने समझाकर शांत किया। तब दो घंटे बाद पुलिस ने दो झांकी निकालने की अनुमति दी।
नवाबगंज क्षेत्र में नगला जोधा से कमेटी के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सागर, उपाध्यक्ष देवेंद्र शाक्य के नेतृत्व में शुक्रवार को दस बजे बाबा साहब की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बाबा साहब, भगवान बुद्ध समेत सात झांकियां रथ पर सवार थी। शोभायात्रा निकालने की अनुमति न होने की जानकारी पर थानाध्यक्ष जेपी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर शोभायात्रा को रोक दिया। इसको लेकर अनुयायियों का एसओ से विवाद होने लगा। शोभायात्रा को आगे बढ़ने से रोकने से नाराज अनुयायी वहीं धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ने पर इसकी जानकारी सीओ मोहम्मदाबाद को दी गई। सीओ अरूण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। अनुयायियों से करीब दो घंटे बाद चलने के बाद 12 बजे दो झांकी निकालने की अनुमति दी गई। तब अनुयायियों ने दो झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली। बाकी झांकी वापस कर दी। शोभायात्रा सिरमौरा बांगर में बने बाबा साहब की प्रतिमा के पास पहुंची और वहां पर माल्यार्पण कर सभी ने बाबा साहब को नमन किया। इस दौरान यश वीर आर्य, अरविंद शाक्य, सत्यपाल, सत्यभान झा, पुष्पेंद्र सागर, छविनाथ शाक्य, समेत कई लोग मौजूद रहे।

शोभायात्रा पर हुई पुष्पवर्षा, लगे नारे
फोटो एफ 8 शोभायात्रा में शामिल बाबा साहब की झांकी
शमसाबाद। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर अनुयायियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करने के बाद शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गो से निकाली गई। बाबा साहब के जयकारे लगाकर उनके मार्ग दर्शन पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर पंचायत के मोहल्ला जटपुरा में स्थित बाबा साहब की मूर्ति पर अनुयायियों ने माल्यार्पण किया। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई। जगह-जगह फूल मालाओं से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आंबेडकर पार्क में पहुंचने पर शोभायात्रा का समापन हुआ। इस दौरान मनोहर कुमार, विनोद कुमार, रामसनेही, अवधेश कुमार समेत कई अनुयायी मौजूद रहे।