सामूहिक विवाह में 134 जोड़ों नें थामा एक-दूजे का हाथ

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोमवार को शहर के क्रिश्चियन कालेज ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योंजना का आयोजन किया गया| जिसमे कुल 134 जोड़ों नें एक दूजे का हाथ थामा| सभी नव वर-वधु पर पुष्प वर्षा की गयी|
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव नें दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया| जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित कर निर्धन कन्याओं के विवाह हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुये उनका विवाह सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी भी सरकार ने ली है। इस योजना के माध्यम से वर्ष 2017-18 से वर्ष अब तक 2209 जोडो का विवाह सम्पन्न कराया जा चुका है। जिसमें 1126.59 लाख (रू0 ग्यारह करोड छब्बीस लाख उनसठ हजार मात्र) की धनराशि व्यय की जा चुकी है। प्रत्येक कन्या के विवाह पर शासन द्वारा 51000.00 रूपये प्रति जोड़े पर व्यय किये जाने की व्यवस्था की गई है। जिसमें 35000.00 रूपये कन्या के बैंक खाते मे तथा 10000.00 रूपये की उपहार सामग्री जिसमें चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, वर एवं कन्या के लिये वस्त्र एवं वर्तन आदि उपहार स्वरूप प्रत्येक विवाहित जोड़े को दिये जाते हैं। इसके अतिरिक्त 6000.00 रूपये प्रति जोडे के आयोजन पर व्यय किया जाता है। जिसमेें पांडाल, फर्नीचर, सजावट, फोटोग्राफी, खानपान आदि की व्यवस्था की जाती है। यह योजना ऐसे निर्धन परिवारों के लिये है, जिनकी पुत्रियों की आयु 18 से अधिक है तथा अपनी पुत्री के विवाह करने में आर्थिक कठिनाई महसूस करते है, उनके लिये यह योजना वरदान साबित हो रही है।अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद फर्रूखाबाद रविन्द्र कुमार के माध्यम से सामूहिक विवाह का आयोजन कराया जा रहा है। जिसमें कुल 134 जोडो का विवाह सम्पन्न हो रहा है।