करवा चौथ कल, सुहागिनों से बाजार गुलजार

FARRUKHABAD NEWS धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) करवा चौथ 24 अक्टूबर यानी कल है। ठीक पहले बाजार गुलजार है। सराफा से लेकर कपड़े की दुकानों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी है। मेंहदी लगवाने सुहागिनों के साथ कुंवारी कन्याएं भी उत्साहित है। कोरोना महामारी के बीच पहली बार व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी झलक रही है। सुहागिनों ने सजने-संवरने की तैयारी तेज कर दी है। पर्व को देखते हुए बाजारों में चूड़ी, ब्यूटी पार्लर और मेहंदी लगाने वालों का व्यवसाय बढ़ रहा है। जनपद में करीब 80 से 100 करोड़ रुपये के करोबार की उम्मीद है।
दीपावली से पहले करवा चौथ ने बाजार में उछाल ला दिया है। 24 अक्टूबर को रात आठ बजकर दो मिनट पर चंद्रोदय होगा। महिलाएं चलनी की ओट पर चंद्रमा के दर्शन कर पति को देख व्रत पूरा करेंगी। ठीक पहले बाजार में रौनक लौट आई है। शनिवार को साड़ी व कास्मेटिक दुकानों में महिलाओं की भारी भीड़ रही। सराफा व्यापारियों से लेकर कुम्हारों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। सोना-चांदी खरीदने सराफा दुकानों में जबरदस्त रुझान दिख रहा है। महिलाएं लहंगा, साड़ी, चूड़ी, काजल, पाउडर, सिंदूर से लेकर आभूषण और मोबाइल फोन खरीदने सबसे अधिक डिमांड कर रही है।
कपड़ा बाजार में रौनक लौट आई है। करवा चौथ को लेकर महिलाएं उत्साहित हैं। नए वेरायटी और डिजाइन के लहंगा, चोली और साड़ियों की मांग कर रही है। नई साड़ियों के साथ ही गहने व पूजन सामग्री आदि की खरीदी शुरू कर चुकी हैं। शहर के नेहरु रोड, रेलवे रोड आदि बाजार,चौक के पास समेत अन्य जगहों पर पूजन सामग्रियों की खूब बिक्री हुई। वहीं ज्वेलरी से लेकर डिजाइनर व सामान्य साड़ियों की खरीदी भी शुरू हो गई है। इससे इन दुकानों में भीड़ भी देखने को मिल रही है।
फतेहगढ़ बाजार में मेंहदी लगा रहीं ज्योती वर्मा नें बताया कि महिलाओं नें मारवाड़ी और अरेबिक मेहंदी ही सबसे अधिक लगवाई गई है। कुछ ने बांबे कट और गोल्डन मेहंदी भी लगवाई। नवविवाहिताओं ने ऐसे डिजाइन पसंद किए, जो दुल्हन वाले होते हैं। सिल्क की साड़ी की खूब हुई खरीदारी| करवाचौथ पूजन में थाली, करवा, कलश, छलनी का इस्तेमाल होता है। मोती, जरी, कुंदन से इन्हें आकर्षक रूप दिया गया है। साधारण के मुकाबले कुछ महंगे हैं, लेकिन सबसे अधिक इन्हीं की खरीदारी हुई। हालांकि साधारण थाली, करवा, कलश, छलनी की बिक्री होती रही।
क्या है मुहुर्त
आचार्य सर्वेश शुक्ल के अनुसार इस साल चतुर्थी तिथि की शुरुआत 24 अक्टूबर को ही भोर में 03:01 बजे से होगा। यह 25 अक्टूबर की सुबह 5:43 बजे तक रहेगी। इस साल करवा चौथ व्रत पर पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:30 बजे से शाम 6:45 बजे तक का रहेगा। यानी इसकी अवधि एक घंटे 15 मिनट तक की रहेगी। इस दिन चंद्रोदय रात 8:02 बजे होगा। वहीं करवा चौथ व्रत का समय सुबह 6.01 बजे से रात 08.02 बजे तक यानी कुल 14 घंटे एक मिनट का रहेगा।