शिवालयों के बाहर भोले नाथ के दर्शन को घंटो लाइन में लगी आस्था

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भगवान शिव व माता पार्वती विवाहोत्सव के महापर्व महाशिवरात्रि पर गुरुवार को शहर के विभिन्न शिव मंदिरों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। हर तरफ जलाभिषेक करने वालों की धूम रही। शहर के पांडेश्वर नाथ मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं न पूजन अर्चन शुरू कर दिया जो देर रात तक जारी रहा। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर पर महिला पुलिस व सुरक्षाकर्मी तैनात थे।
पांडेश्वर नाथ मंदिर व परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया। सुबह पांच बजे से ही यहां श्रद्धालु पहुंचना शुरू कर दिए थे। दिन में आठ बजे तक मेले जैसा दृश्य हो गया। बाबा को जलाभिषेक करने के बाद लोग मत्था टेक रहे थे। दिनभर यहां भक्तिगीतों का कार्यक्रम भी चलता रहा।  बाबा भोले का भव्य श्रृंगार किया गया। मन्दिर के सामने दर्शन के लिए लम्बी-लम्बी कतारें लगी रहीं| इसके साथइसके अलावा द्वादश ज्योतिर्लिंग मठ, द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, कोतवालेश्वर महादेव, महाकाल मंदिर के अलावा कंपिल में रामेश्वर नाथ मंदिर में भी लम्बी-लम्बी लाइनें देखने को मिलीं|
नवाबगंज पुठरी मंदिर में भी उमड़ी आस्था
नवाबगंज संवाददाता के अनुसार ग्राम पुठरी में स्थित ऐतिहासिक शिवालय में शिव रात्रि पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ लग गई।  जनपद एटा, मैनपुरी, बदायूं, कन्नौज सहित नवाबगंज व आसपास के ग्रामों के कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भक्तों ने हर-हर महादेव, बम-बम भोले आदि जयकारों के साथ शिवलिंग पर गंगा जल व दुग्ध अर्पित कर जलाभिषेक किया। भक्तों ने दुग्ध, बेल पत्र, धतूरा, पुष्प आदि अर्पित कर भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। सुरक्षा के लिए नवाबगंज थानाध्यक्ष अंकुश राघव के नेतृत्व में पुलिस बल तैंनात रहा|
भोलेबाबा कमेटी ने पांचाल घाट पर किया रुद्राभिषेक
नगर संवाददाता के अनुसार जय भोले बाबा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी के नेतृत्व में महाशिव रात्रि पर पांचाल घाट पर रुद्राभिषेक का आयोजन किया| बालू के शिवलिंग स्थापित कर उनका भव्य श्रंगार किया गया| जिसके बाद पूजा अर्चन के साथ ही मन्त्रोच्चार के द्वारा रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ| जिसमे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए|