पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगायी आस्‍था की डुबकी

FARRUKHABAD NEWS धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की लगाई डुबकी लगाई तथा सूर्य देव को प्रणाम कर अर्ध्य दिया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मण व गरीब निराश्रितों को तिल, गुड़, कंबल व ऊनी वस्त्र दान किए। गंगा किनारे कल्पवास कर रहे श्रद्धालु सुबह तड़के से ही गंगा में डुबकी लगाकर पूजा अर्चना में लीन दिखे| इसी के साथ ही माघ मेले का शंखनाद भी हो गया|
शहर के पांचाल घाट पर इस समय एक माह के माघ मेला राम नगरिया का कल्पवास चल रहा है| पौष पूर्णिमा को लेकर प्रात: काल चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने मोक्ष दायिनी में आस्था की डुबकी लगानी प्रारंभ कर दी थी। कच्चे घाटों पर भी पहुंचकर स्थानीय श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। आचार्य सर्वेश कुमार शुक्ल नें बताया कि पौष पूर्णिमा से माघ स्नान पर्व भी प्रारंभ हो गया है, जो एक माह तक चलेगा। इस माह में सूर्योदय से पूर्व गंगा में डुबकी लगाकर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र, लकड़ी, तिल का दान तथा ब्राह्मणों को दक्षिणा देने वाले पापों से मुक्त होकर मनोवांछित फल और स्वर्ग के भागीदार बनते हैं। उन्होंने बताया कि माघ माह में कल्पवास, गंगा में डुबकी और गरीब-निराश्रितों को दान करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इस माह में भगवान वासुदेव और विष्णु की पूजा अर्चना करना भी बेहद शुभ माना जाता है।