खील-खिलौने की जमकर हो रही खरीदारी, मात्रा पर मंहगाई का ब्रेक

FARRUKHABAD NEWS धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली पूजन में खील-खिलौनों बिन सब सूना है, इसलिए जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आ रही है, इसके बाजार में भी चहल-पहल दिखने लगी है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग भी पूजा का सामान खरीदने पहुंचने लगे हैं। दीपावली का त्योहार शुक्रवार को है। जिसको लेकर बाजार सजा हुआ है। इस समय बाजार की रौनक ही कुछ अलग है। हर दुकान पर भीड़ भाड़ बढ़ गई है। लइया, गट्टा, खील, खिलौना की दुकानों पर लोग खरीदारी कर रहे हैं। खील और खिलौने लोग अधिक खरीद रहे हैं। इसके साथ ही मिश्री की बिक्री भी हो रही है। खील-खिलौनों की बिक्री तो खूब है लेकिन मंहगाई के चलते लोगों नें मात्रा कम कर दी है|
दीपावली के पर्व पर गणेश-लक्ष्मी का पूजन लइया, खील से ही किया जाता है। पूजा में मिठाई के तौर पर शक्कर के बने खिलौने और गट्टा आदि रखे जाते हैं। इन वस्तुओं के बिना पूजा अधूरी रहती है। इस परंपरा को लेकर लोग दीपावली के त्योहार पर खील-खिलौना हर हाल में खरीदते हैं। त्योहार के कई दिन पहले से लइया गट्टा के विक्रेता अपना माल मंगाकर रख लेते हैं। इस समय लइया, खील की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ हो रही है। लोग उत्साह के साथ पर्व पर प्रयुक्त होने सामग्री लइया, गट्टा, खील, शक्कर से बने खिलौने, बताशे, इलाइची दाना आदि खरीद रहे हैं। लक्ष्मी जी का भोग लगाने के लिए मिश्री की बिक्री भी हो रही है। बाजार में गजब की रौनक हो गई है। खरीदारों के उत्साह में किसी तरह की कमी नहीं है।