धान तौल नहीं होने पर ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए पांच आक्रोशित अन्नदाता

CRIME FARRUKHABAD NEWS धार्मिक सामाजिक

शाहजहांपुर: रोजा मंडी समिति में धान लेकर आए पांच किसान तौल न होने पर परिसर में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। क्रय केंद्र प्रभारियों पर अभद्रता और गाली गलौज का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को बुलाने की मांग की। इससे मंडी समिति परिसर में खलबली मच गई। तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी। उन्होंने किसानों को धान की तौल कराने और क्रय प्रभारियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पांच किसान ओवरहेड टैंक से नीचे उतर आए।
भावलखेड़ा क्षेत्र के अनिल कुमार निवासी सातवां खुर्द,अजीत निवासी जमालपुर आशीष वर्मा, रजनीश व अवधेश कुमार निवासी गुलामखेड़ा शुक्रवार को धान लेकर मंडी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां केंद्रों पर उनका धान नहीं तौला गया। इसका विरोध करने पर क्रय केंद्र प्रभारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। कोई रास्ता न देख वे लोग ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। धान क्रय केंद्र प्रभारियों पर अभद्रता और गाली गलौज का आरोप का लगाया। मामला बढ़ता देख मंडी समिति के अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर उपजिलाधिकारी सदर सुरेंद्र सिंह और सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ओवरहेड पर चढ़े किसानों से वार्ता कर उसकी समस्या जानी। फिर मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद पांचाें किसान नीचे उतर आए। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।