योगी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार, राज्यपाल ने 23 मंत्रियों को दिलाई शपथ

FARRUKHABAD NEWS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार बुधवार को लखनऊ के राजभवन में पूरा हो गया है। योगी मंत्रिमंडल में छह कैबिनेट मंत्री, छह राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 11 राज्य मंत्रियों ने शपथ ले ली है।पहले कैबिनेट विस्तार 18 नए चेहरों को शामिल किया गया, जबकि पांच को प्रमोट करके कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसमें चार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, जबकि एक राज्यमंत्री को प्रमोट कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

योगी सरकार के नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल आनंदीबेन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नव नियुक्त मंत्रियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद सभी नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान जय श्री राम के नारे भी लगे। बताया जा रहा है कि शपथग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक शाम साढ़े चार बजे तक होगी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत भी करेंगे।

कैबिनेट मंत्री : राजभवन में डॉ. महेंद्र सिंह, सुरश राणा, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, रान नरेश अग्निहोत्री और कमल रानी वरुण ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) : नील कंठ तिवारी, कपिल देव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटारिया, श्रीराम चौहान और रवींद्र जायसवाल ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली है।

राज्य मंत्री : अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ल, विजय कश्यप, डॉ. गिरिराज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चौधरी उदयभान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रमाशंकर सिंह पटेल और अजीत सिंह पाल ने शपथ ले ली है।

2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का पहला कदम

योगी मंत्रिमंडल विस्तार में 2022 के विधानसभा चुनाव की चिंता साफ दिख रही है। अपने पहले विस्तार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण को भी साधने की पूरी कोशिश की है। जानकारों के अनुसार, अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह पूरा फेरबदल किया गया है। इस विस्तार में युवाओं को तवज्जो देने की पूरी कोशिश की गई है।

प्रदेश के सभी क्षेत्रों की हिस्सेदारी की कोशिश

योगी कैबिनेट ने अपने पहले विस्तार में प्रदेश के सभी क्षेत्रों की हिस्सेदारी देने की कोशिश की गई है। कैबिनेट विस्तार में पश्चिम यूपी के मुजफ्फरनगर से कपिलदेव अग्रवाल और चरथावल से विधायक विजय कश्यप, बुलंदशहर से अनिल शर्मा, आगरा कैंट से जीएस धर्मेश और फतेहपुर से विधायक चौधरी उदयभान सिंह, मैनपुरी से रामनरेश अग्निहोत्री को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इसी तरह बुंदेलखंड से स्वतंत्र देव के इस्तीफे के बाद चित्रकूट से विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। कानपुर मंडल से नीलिमा कटियार व कमल रानी वरुण को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। बस्ती मंडल से सतीश द्विवेदी और वाराणसी मंडल से रवीन्द्र जायसवाल को शामिल किया गया है।