जनक्रांति पार्टी से मुकेश व डॉ अनीता लड़ेंगी चुनाव

Uncategorized

फर्रुखाबाद( 10 january ): जनक्रांति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश राजपूत व जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव हारने वाली डॉ अनीता यादव चुनाव लड़ेंगीं|

ठंडी सड़क स्थित आवास पर मुकेश राजपूत ने पत्रकार वार्ता में कहा कि वह भोजपुर विधान सभा क्षेत्र ( मोहम्दाबाद ) से विधान सभा चुनाव लड़ने के उम्मीदवार हैं| उन्होंने बताया कि अम्रतपुर विधान सभा क्षेत्र से डॉ अनीता यादव तथा कायमगंज सुरक्षित क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पवन गौतम व मुन्नी भारती ने दावेदारी की है|

श्री राजपूत ने सदर विधान सभा क्षेत्र के उम्मीदवारों के पत्ते नहीं खोले| उन्होंने बताया कि पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी| चुनाव लड़ने वाले लोग २५ फरवरी तक आवेदन कर दें| आवेदक जिले का ही मूल निवासी होना चाहिए| अपराधियों के आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा| ३० जनवरी को पार्टी की बैठक में प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया जायेगा|

उन्होंने बताया कि पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व पार्टी अध्यक्ष राजू भैया ७ फरवरी को कानपुर मंडल के प्रत्याशियों के साथ इटावा में बैठक करेंगें| संभव है कि उसी दिन प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी जाये|

उन्होंने राहुल गांधी व दिगविजय सिंह के भारतीय होने पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि भगवा आतंकवाद शब्द गाली जैसा लगता है| जबकि भगवा रंग हिन्दुओं की आस्था का प्रतीक रंग है| उन्होंने मतदाता सूची में ४० प्रतिशत वोटों की गड़बडी होने का आरोप लगाते हुए सुधार किये जाने तथा अलाव जलाये जाने की मांग की|

वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कटियार, महामंत्री डॉ ज्ञानेंद्र सिंह शाक्य, पवन गौतम, सूरज श्रीवास्तव व दीना राजपूत मौजूद रहे|