रामपुर की वाल्मीकि बस्ती में मकान बचाने के लिए अनशन

Uncategorized

लखनऊ:रामपुर की वाल्मीकि बस्ती में मकान बचाने के लिए अनशन जारी है। राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश वाल्मीकि और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष अटल वाल्मीकि, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मंजू दलेर, पश्चिमी उ प्र अध्यक्ष अर्जुन वाल्मीकि बस्ती पहुंचे। उनका कहना है कि वाल्मीकि समाज के साथ अन्याय किया जा रहा है। बस्ती के लोग नियमित रूप से बिजली के बिल और घरों एवं पानी का टैक्स देते आ रहे हैं। ऐसे में वाल्मीकि समाज के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। पार्टी और समाज के सभी लोग पूरी ताकत के साथ वाल्मीकि समाज के साथ है। किसी भी कीमत पर मकान नहीं तोड़ने दिए जाएगा। ग़ौरतलब है कि 6 अप्रैल को नगर पालिका ने तोपखाना स्थित वाल्मीकि बस्ती में अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए थे। इसकी जद मे ५५ मकान आ रहे है। इसके विरोध में बस्ती के लोग अनशन पर है। साथ ही वाल्मीकि समाज के ८० परिवार ने टोपी पहनकर सांकेतिक रूप से इस्लाम कबूल किया था। धर्म परिवर्तन मामले पर मचे बवाल के दूसरे दिन हिंदू संगठनों समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं के रामपुर पहुंचने की संभावना है। योगी आदित्यनाथ, साक्षी महाराज और सांसद नैपाल सिंह का नाम चर्चा में। इन्हें बस्ती वाल्मीकि बस्ती में जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत लगायी है। जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात हैं। विश्व हिन्दू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने कहा कि कैबिनेट मंत्री आजम खां रामपुर को पाकिस्तान बनाना चाहते हैं। यदि एक भी धर्म परिवर्तन हुआ तो रामपुर आकर ईंट से ईंट बजा देंगे। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान का रुख भी इस मामले पर सख्त रहा।

आजम खां पर आरोप

गौरतलब है कि रामपुर की वाल्मीकि बस्ती में अतिक्रमण की जद में आए परिवारों ने अपने आवासों को बचाने के लिए कल सांकेतिक रूप से इस्लाम धर्म कबूल कर लिया। प्रशासन की सख्ती और उलेमा द्वारा धर्म परिवर्तन करवाने से इन्कार पर परिवार के सदस्यों ने मुस्लिम टोपी पहन कर धर्म परिर्वतन की घोषणा की। इसके पहले सभी ने कैबिनेट मंत्री आजम खां पर आरोप लगाया कि उनके भय से ही मौलाना धर्म परिवर्तन नहीं करा रहे हैं।

ईंट से ईंट बजाने की चेतावनी

बीती रात साध्वी प्राची रामपुर पहुंची। इस दौरान रामपुर में गांधी समाधि पर बड़ी तादात में पुलिस फोर्स तैनात थी। साध्वी की गाड़ी आते ही पुलिस और पीएसी के जवान आगे बढ़कर गाड़ी रोक ली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद वह गाड़ी के बोनट पर चढ़ गईं। उन्होंने कहा कि रामपुर में गुंडागर्दी की जा रही है। फिर वह गाड़ी से उतरीं और जमीन पर बैठ गई। प्राची एक घंटे तक प्रशासन पर हावी रहीं। सैकड़ों की तादात में मौजूद पुलिस फोर्स भी कुछ नहीं कर सकी। बाद में प्राची ने वाल्मीकि बस्ती जाने को कहा तो पुलिस ने उनसे वहीं से जाने का अनुरोध किया, जिसके बाद साध्वी गांधी समाधि से निकल गईं।

धर्म परिवर्तन नहीं होने दिया जाएगा

भाजपा की पंचायत में भाग लेने अमरोहा पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि रामपुर में जो हो रहा है अच्छा नहीं हो रहा है। किसी भी हाल में वहां वाल्मीकि समाज का धर्म परिवर्तन नहीं होने दिया जाएगा। हम लोग वहां के प्रकरण पर नजर रखे हैं।