क्रांतिकारियों के मंच से किसानों को लुभाते नजर आए मोदी

Uncategorized

modi_sahid_फिरोजपुर: शहीदी दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के फिरोजपुर में हुसैनीवाला गांव पहुंचे और शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने शहीदों को नमन करने के बाद किसानों को भी अपनी बात समझाने की कोशिश की और केंद्र की ओर से चलाई जा रही योजनाएं गिनाकर उनका दिल जीतने की कोशिश की।

मोदी ने कहा कि इस धरती पर एक वीर माता के साथ भारत मां के प्यारे लाडलों की वीर समाधि को नमन करने का मुझे सौभाग्य मिला है। पंजाब की धरती की विशेषता है। इस धरती ने देश की आजादी की जंग में सबसे ज्यादा बलिदान दिए। देश को आगे बढ़ाने के लिए यहां के किसानों ने पसीना बहाकर देश के अन्न के भंडार भर दिए। आजादी के पहले भी औऱ अब बाद भी यहां के लोग देश के लिए जीते रहे औऱ जी रहे हैं। मैं इस धरती को नमन करता हूं।

अंग्रेजों को भगत सिंह का इतना भय था कि एक दिन पहले ही सभी नियमों और परंपराओं को तोड़ते हुए सरदार भगत सिंह को फांसी दे दी। इतना ही नहीं वो शरीर उनके परिजनों को देने के बजाए इस जगह लाकर मिट्टी का तेल डालकर जला देने का पाप अंग्रेजों ने किया था। इसी धरती में उनका शरीर मिट्टी में विलीन हो गया। आज हिंदुस्तान में किसी एक नाम को सुनते ही हिंदुस्तान के हर कोने में सबको चेतना जग जाती है तो वो भगत सिंह का नाम है।

इस नाम में वो ताकत है जो आज भी नौजवानों को देश के लिए जीने मरने की प्रेरण देता है। उन सपनों को पूरा करना और पूरा करने के लिए हम जितना करे उतना कम है।

मोदी ने रेडियो पर मन की बात के बाद यहां भी किसानों का मुद्दा उठाया। मोदी ने कहा कि क्या आपने कभी सोचा था कि 60 साल के बाद किसान को पेंशन मिल सकती है। लेकिन भारत सरकार ने एक योजना बनाई है कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के जरिए अगर किसान जुड़ जाते हैं तो उनको पेंशन दी जाएगी। इन दिनों किसानों को गुमराह करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कल मैंने मन की बात में किसानों की सारी समस्याओं के जवाब दिए थे। अगर देश को आगे बढ़ना है तो किसानों औऱ उनके परिवार के बारे में भी सोचना जरूरी है। सेना में 80 प्रतिशत जवान किसानों के बच्चे हैं। अगर किसानों का विकास नहीं होगा तो उनके बच्चों का क्या होगा। किसान के बेटों का भी भला करना होगा। दिल्ली की सरकार किसान औऱ उनके बच्चों का भी विकास चाहती है।

पुराने विचार को छोड़ना पड़ेगा कि खेत को पानी से भर देने से फसल अच्छी होगी। बूंद-बूंद पानी से फसल उपजाएंगे और ऐसे में पानी का सही इस्तेमाल करेंगे और पंजाब की पानी की समस्या को दूर कर पाएंगे। हमने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना बनाई है, जिसके तहत सिंचाई की सुविधा पहुंचाई जाएगी। किसानों को अपनी चिंता भी मुझे बतानी है। ज्यादा फसल की चाह में हम अपनी भूमि के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। हमने कैमिकल फर्टिलाइजर के इस्तेमाल से पंजाब की भूमि का क्या हाल कर रखा है। अगर पंजाब ही बर्बाद हो जाएगा तो देश का क्या होगा।

सरकार ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण योजना बनाई है, सॉइल हेल्थ कार्ड। जमीन में भी बीमारियां होती हैं, लेकिन हमें उसके बारे में पता नहीं चल पाता। जमीन में क्या कमियां हैं और कौन सी दवाई की जरूरत है, कौन सा फर्टिलाइजर डाला जाए इसके लिए ये सॉइल हेल्थ कार्ड है। मुझे उम्मीद है कि पंजाब के किसान भी इसका इस्तेमाल करेंगे।