गाजियाबाद: छेड़छाड़ का विरोध करने पर कार सवार युवकों ने एक महिला कांस्टेबल और उसके पति को घर में बंधक बना मारपीट की। कांस्टेबल की वर्दी भी फाड़ दी गई। मौके पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को भी आरोपियों ने घर में बंद कर पीटा।
कंट्रोल रूम से जारी होने के बाद पुलिस बल ने मकान को घेरकर बंधकों बाहर निकाला। एक आरोपी मौके से दबोच लिया गया। जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
पीड़ित महिला कांस्टेबल निठौरा पुलिस चौकी पर तैनात है। शुक्रवार को डयूटी से वह शाम पांच बजे बाइक पर पति के साथ घर जा रही थी। इस दौरान पीछे से आई कार में सवार दो युवकों ने लगातार गाड़ी का हार्न बजाना शुरू कर दिया।
आगे न निकलकर वह लोग पीछे हार्न बजाते हुए चलने लगे। विरोध करने पर दोनों ने महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ करते हुए मारपीट कर दी। पति ने विरोध किया तो उसे भी पीटा गया। युवक दोनों को खींचते हुए कुछ दूरी पर स्थित अपने घर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।