मोदी ने भाजपा को गरीबों की पार्टी बनाया : अमित शाह

Uncategorized

AMITनई दिल्ली: भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी अध्यक्ष के तौर पर अपने नाम की मुहर लगने के बाद अमित शाह ने अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए सबका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करने की रहेगी। अपने संबोधन में कुशल बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली की भी सराहना की। पार्टी अध्यक्ष के तौर पर औपचारिक एलान के बाद शाह के निशाने पर आज पिछली यूपीए सरकार, लालू प्रसाद यादव समेत कई अन्य नेता और पार्टियां भी रहीं। उन्होंने अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को भी कहा।

शाह ने कहा कि कई राज्यों में पार्टी को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि 130 साल पुरानी पार्टी 14 राज्यों में अपना खाता भी नहीं खोल पाई। कांग्रेस यहां तक कि प्रमुख विपक्षी पार्टी भी नहीं बन पाई। ये साधारण बदलाव है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बने महज 75 दिन हुए हैं, लेकिन कांग्रेस वर्तमान सरकार के आगे कई मुश्किलें छोड़ गई है और इसका निदान वर्तमान सरकार को करना है। शाह ने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार ने डब्ल्यूटीओ में अपने पक्ष को साफ कर दिया है कि हमलोग भारतीय किसानों के हित से कोई समझौता नहीं करेंगे। अब जरूरी हो गया है कि चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सम्पूर्ण जनादेश मिले।
शाह ने जम्मू-कश्मीर के बारे में कहा कि यहां व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार है। यहां के लोग दो राज्यवंशीय परम्परा से तंग आ चुके हैं। ये सिर्फ राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर राज्य के भाजपा कार्यकर्ता ये सुनिश्चित करें कि पार्टी जम्मू-कश्मीर में जीत दर्ज करे।
अमित शाह ने हरियाणा पर कहा कि अगर आप हरियाणा की बात करते हैं तो लैंड डील में भ्रष्टाचार हुए और इसमें कुछ लोगों के चेहरे भी सामने आए। साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि नीतीश बिहार में लालू प्रसाद यादव के साथ अवसरवादी गठबंधन कर रहे हैं। सिर्फ सत्ता के लिए नीतीश कुमार, लालू यादव की गोद में बैठ गए हैं।
शाह ने उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि लोगों को हमें दिखाना होगा कि कैसे यूपी की सरकार तुष्टीकरण की नीति में संलग्न है। भाजपा का ये कर्तव्य है कि यूपी में शांति कायम हो। क्योंकि यहां से पार्टी को भारी विजय मिली है। तुष्टीकरण की नीति और पक्षपातपूर्ण रवैए से यहां की कानून व्यवस्था खराब है।
अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में शानदार जीत का श्रेय राजनाथ सिंह और नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि राजनाथ-मोदी की जोड़ी ने भाजपा के सपने को सच किया। उन्होंने पार्टी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां कोई भी छोटा-सा कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक छोटा-सा कार्यकर्ता इस बार 15 अगस्त को लालकिले पर झंडा फहराएगा।अमित शाह ने कहा कि देश को अभी कांग्रेस से मुक्ति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमने आक्रोश को आशा में बदला। इस जीत से हमारा विजय अभियान खत्म नहीं हुआ बल्कि शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने भाजपा को गरीबों की पार्टी बनाया।

राजनाथ ने किया अमित शाह के नाम का अनुमोदन
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कैडर है और न ही विचारधारा। राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनाव में विजयी परचम लहराने के बाद भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की पहली बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, वैंकेया नायडु आदि के योगदान की भी सराहना की।

राजनाथ सिंह ने अमित शाह की तारीफ करते हुए उनके नाम का अनुमोदन भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए किया, जिस पर पार्टी के सदस्यों ने अपनी मुहर लगा दी। राजनाथ ने कहा कि शाह को पार्टी की कमान सौंपना एक उचित फैसला है। शाह के नेतृत्व में पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जबरदस्त प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने देश को खोखला किया: जेटली
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस ने देश को खोखला कर दिया था और वह इसे खराब हालत में छोड़ गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से त्रस्त देश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया।

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई बैठक
भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई। इस बैठक में देशभर से पार्टी के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बैठक में हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं। बैठक को मोदी समेत पार्टी के कई नेता संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन उसका समापन होगा। इस बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी जाएगी। भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के मुताबिक इस बैठक में एक प्रस्ताव पास किया जायेगा जिसमें आर्थिक एवं राजनीतिक मुद्दों के साथ नई सरकार की उपलब्धियों और आगे का खाका होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी 50 वर्षीय शाह को 9 जुलाई को पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया था। शाह को लोकसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश में भाजपा की जबर्दस्त जीत का श्रेय दिया जाता है जिसके कारण पार्टी बहुमत हासिल कर सकी। भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में अनुमोदन के बाद अमित शाह अपनी नई टीम बनाएंगे।