नए राज्यपालों की सूची तैयार, टंडन, कल्याण और केसरी का नाम शामिल!

Uncategorized

Kalyan Singhडेस्क: भाजपा ने सात राज्यों के लिए नए राज्यपालों के नाम की सूची तैयार कर ली है। सरकार ने संकेत दिया है कि रविवार तक इनके नामों की घोषणा कर दी जाएगी। यूपीए कार्यकाल में कांग्रेस के नजदीकी माने जाने वाले पांच राज्यपालों के इस्तीफे और दो राज्यपालों के कार्यकाल खत्म होने के कारण सात राज्यपालों के पद खाली हो गए हैं।

गौरतलब है कि गोवा के राज्यपाल बीवी वांगचू ने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले में सीबीआई की पूछताछ के बाद शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दिया। उधर, बिहार के राज्यपाल डीवाई पाटिल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा राज्यपालों के तय नामों की अंतिम सूची शनिवार तक गृह मंत्रालय को भेज देगी। सूची में पार्टी के उन उम्रदराज दिग्गज नेताओं के नाम हैं जिन्हें सरकार में शामिल नहीं किया गया है। इनमें हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है। इनके साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और वरिष्ठ पार्टी नेता लालजी टंडन का नाम है।

भाजपा के पुराने नेता केसरी नाथ त्रिपाठी, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को भी राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा है। दिल्ली के भाजपा नेता वीके मलहोत्रा, पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाईक और ओ राजगोपाल को भी इस फेहरिस्त में शामिल किया गया है। इस सूची में वरिष्ठ पार्टी नेता मुरली मनोहर जोशी का नाम नहीं है। चर्चा है कि लालजी टंडन और कल्याण सिंह राज्यपाल पद लेने के बहुत इच्छुक नहीं हैं।

उधर, झारखंड में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर रहे यशवंत सिन्हा भी राज्यपाल के पद के लिए बहुत उत्साहित नहीं माने जा रहे हैं। इन भाजपा नेताओं का नाम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, कर्नाटक, त्रिपुरा और गोवा के राज्यपाल के लिए तय किया जाना है।
[bannergarden id=”8″] [bannergarden id=”11″]