गोपीनाथ मुंडे की सड़क हादसे में मौत, सदमें में परिवार

Uncategorized

Gopinathनई दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे की आज सड़क हादसे में मौत हो गई। मुंडे की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था। ये हादसा दिल्ली एयरपोर्ट पर जाते वक्त हुआ था। गोपीनाथ मुंडे की मौत के बाद उनके घर पर लोग सदमें में हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके निधन की पुष्टि की। गडकरी ने बताया कि मुंडे हवाई अड्डा जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब 6.30 बजे उनकी कार की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने उन्हें सुबह आठ बजे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि मुंडे का अंतिम संस्कार राजकीय नियमों के साथ मराठवाड़ा के बीड जिले के वर्ली गांव में बुधवार को किया जाएगा। उनका शव विशेष विमान से लातूर जिले में ले जाया जाएगा। वहां से अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को वर्ली गांव ले जाया जाएगा। दुर्घटना के बारे में चिकित्सकों ने सबसे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को बताया।

डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि मुंडे के निधन के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम से ही चल पाएगा। उन्हें जब अस्पताल लाया गया तो उनके हृदय की गति रुकी हुई थी।

गडकरी ने बताया कि मुंडे के निधन के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बता दिया गया है। मुंडे का शव पूर्वाह्न् करीब 11.30 बजे बीजेपी के अशोक रोड स्थित कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से भी 12.30 बजे पार्टी कार्यालय में पहुंचने का अनुरोध किया है।

महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राज्य में BJP का ओबीसी चेहरा गोपीनाथ मुंडे को पहली बार केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिली थी। 15वीं लोकसभा में उप-नेता प्रतिपक्ष रह चुके मुंडे ने इस बार बीड लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। उनकी जीत का अंतर दो लाख से ज्यादा रहा था।

12 दिसंबर 1949 को महाराष्ट्र के परली में जन्मे मुंडे ने अपनी पहचान ज़मीन से जुड़े एक कार्यकर्ता के तौर पर बनाई थी। किसानों के हित को लेकर वो काफी मुखर थे। दिवंगत बीजेपी नेता प्रमोद महाजन के बहनोई मुंडे पिछडे मराठवाडा क्षेत्र के एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं।

[bannergarden id=”8″] [bannergarden id=”11″]
दिवंगत बीजेपी नेता वसंतराव भागवत उन्हें राजनीति में लेकर आए थे। भागवत ने ही महाजन सहित कई नेताओं को राजनीति के लिए तैयार किया था। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव मुंडे पिछली लोकसभा में रसायन एवं उवर्रक समिति के अध्यक्ष थे। मुंडे के परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं जिसमें एक बेटी पंकज पलवे पारली विधानसभा सीट से विधायक हैं।

मुंडे को महाराष्ट्र में बीजेपी की ओर से एकमात्र भीड़ जुटाने वाले नेता के तौर पर जाना जाता था। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को खड़ा करने वालों में उनका नाम अहम है।