आप प्रत्याशी के खिलाफ अंदर बाहर दोनों जगह विरोध

Uncategorized

KK Dixitफर्रुखाबाद: आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ टिकट को लेकर पार्टी के अंदर मचा कोहराम अब पार्टी के बाहर भी आ गया है| विकलांग पार्टी के अध्यक्ष के के दीक्षित ने मुकुल त्रिपाठी को सलमान से सांठ गठ का प्रत्याशी बताया है| कभी विकलांगों के उपकरण वितरण में घोटाले का आरोप लगाकर ‘आप’ के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के साथ विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले विकलांग पार्टी के अध्यक्ष केके दीक्षित अब आप का सपोर्ट न मिलने पर केजरीवाल को ही आड़े हाथो ले रहे है|

केके दीक्षित ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने सलमान खुर्शीद के साथ सेटिंग कर फर्रुखाबाद संसदीय क्षेत्र से कमजोर प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है। उन्होंने ‘आप’ प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने का एलान करते हुए पूरे देश में 50 व उत्तर प्रदेश में 24 सीटों पर प्रत्याशी लड़ाने की घोषणा कर दी।

केके दीक्षित ने चुनावी टॉप सलमान के खिलाफ खोलने की जगह अब इसका मुह आप पार्टी की ओर मोड़ दिया है| अरविंद केजरीवाल को भेजे पत्र में चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने 21 मार्च तक विकलांग पार्टी के प्रश्नों का उत्तर न दिया तो उन्हें बेनकाब करने के लिए वह जनता के सामने जायेंगे। फर्रुखाबाद में सलमान खुर्शीद के खिलाफ हुई केजरीवाल की पहली सभा में के के दीक्षित ने ही सलमान के खिलाफ मोर्चा खोला था।

आम आदमी पार्टी में मुकुल त्रिपाठी की प्रत्याशिता को लेकर पार्टी के अंदर विरोध फूटा हुआ है| कई पदाधिकारियो ने दिल्ली तक मोर्चा खोला हुआ है| इसमें कई टिकट के दावेदार रहे सदस्य भी हवा भी भर रहे है|