15 फरवरी से यूपीभर में चलेगा झाड़ू

Uncategorized

Sanjay SinghLucknow: आम आदमी पार्टी (आप) 15 फरवरी से प्रदेश में ‘झाड़ू चलाओ-बेईमान भगाओ’ यात्रा शुरू करने जा रही है। यह यात्रा 25 फरवरी तक सभी जिलों में चलाई जाएगी। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने बताया कि सूबे में प्रत्याशियों की पहली सूची 15 फरवरी तक जारी कर दी जाएगी।

[bannergarden id=”8″]
भ्रष्टाचार के आरोपी, अपराधी व वंशवाद की राजनीति करने वाले परिवारों के खिलाफ ‘आप’ अपने प्रत्याशी जरूर उतारेगी। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।
चंद परिवारों के हाथ में राजनीति
संजय सिंह ने कहा कि सपा ने यह ऐलान किया है कि वे राहुल व सोनिया गांधी के खिलाफ प्रत्याशी नहीं उतारेगी। हम वंशवाद की राजनीति का विरोध करते हैं।
[bannergarden id=”11″]
संजय ने बताया कि नीतियों में भले ही यह दल एक दूसरे का विरोध करें, लेकिन वंशवाद की राजनीति कायम रहे इसलिए चुनावी गुणा-भाग में यह एक हो जाते हैं। पूरे देश की राजनीति चंद परिवारों के हाथों सिमट कर रह गई है।

उन्होंने बताया कि डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, रिटायर नौकरशाह, युवा व गृहणियां सभी ने ‘आप’ से लोकसभा का टिकट पाने के लिए आवेदन किया है।
यूपी में दिख रहा है ‘आप’ का असर
आम आदमी पार्टी (आप) से लोकसभा चुनाव लड़ने की चाहत रखने वालों की तादाद भी यूपी में दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। शनिवार तक प्रत्याशियों के चुनाव के लिए इंटरव्यू में करीब दो हजार लोगों का शामिल होना इस बात की तस्दीक कर रहा है ‌कि यूपी में भी आम आदमी पार्टी की लहर सही दिशा में बढ़ रही है।
[bannergarden id=”17″]
साक्षात्कार के लिए तीन-तीन सदस्यों का पैनल बनाया गया था। कुल 24 टीमों ने सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक इंटरव्यू लिया। इस दौरान टिकट चाहने वालों से एक दर्जन से अधिक सवाल भी पूछे गए। दिल्ली में आप के बेहतर प्रदर्शन के बाद यूपी में भी इस पार्टी से टिकट चाहने वालों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। यूपी में ‘आप’ की स्क्रीनिंग कमेटी ने शुक्रवार को पहले चरण का साक्षात्कार रखा था।

राजधानी के एक लॉन में आयोजित इंटरव्यू में अमेठी से टिकट मांग रहे कुमार विश्वास भी आम लोगों की तरह टोकन लेकर पैनल के सामने पेश हुए। उन्होंने पैनल के सवालों के जवाब भी दिए।
कोर टीम टटोल रही है नब्ज
शुक्रवार को लखीमपुर से इलियास आजमी, लखनऊ से शिव गोपाल मिश्र व जौनपुर से डॉ. केपी यादव भी इंटरव्यू देने आए। इंटरव्यू के दौरान सेंट्रल एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य आशुतोष, केंद्रीय प्रवक्ता संजय सिंह व आदर्श शास्त्री मुख्य रूप से उपस्थित थे।

पार्टी के टिकट की चाह रखने वालों में आम आदमी ही ज्यादा थे। काफी संख्या में युवा भी शामिल हुए। ‘आप’ की अवध प्रांत की प्रभारी अरुणा सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी ने आम आदमियों में भी यह विश्वास दिलाया है कि वे भी लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।