LIVE: केजरीवाल की ललकार, राजपथ को लोगों से भर देंगे

Uncategorized

Arvind Kejariwalनई दिल्ली: रेल भवन पर धरने पर बैठे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज फिर केंद्र सरकार और गृहमंत्री सुशील शिंदे पर जमकर हमला बोला। साथ ही केजरीवाल ने सुविधाएं भी बंद करने का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने कहा कि ये जगह हमारे लिए जेल बना दी गई है। हमें सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। रेल भवन का टायलेट बंद कर दिया गया है। बैरिकेड हटा कर खुद मुझे टायलेट जाना पड़ा। चाय नहीं आने दे रहे थे। मुझे खुद बैरिकेड तक चाय लेने के लिए जाना पड़ा।

[bannergarden id=”8″]
केजरीवाल ने पूछा कि क्या शिंदे ने देश की जनता के खिलाफ युद्ध घोषित कर लिया है। शिंदे क्यों बताएंगे सीएम कहां बैठेंगे। क्या शिंदे और पुलिस कमिश्नर तानाशाह हो गए हैं। शिंदे साहब अपने आप को क्या समझते हैं। क्या वो सीएम हैं। क्या उनके पास लोग शिकायत लेकर जाते हैं। ये तानाशाही है या प्रजातंत्र है। ये लड़ाई दिल्ली के लोगों के लिए है। शिंदे ने बंद किया है मेट्रो स्टेशन। शिंदे बाधा पैदा कर रहे हैं। हमने क्या किया है। कांग्रेस वालों ने मेट्रो बंद किए हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि इस बार कांग्रेस को वोट मत करना।
[bannergarden id=”11″]
केजरीवाल ने आज सुबह मीडिया से बात करते हुए केंद्र सरकार को फिर चेतावनी दी। केजरीवाल ने कहा कि हम राजपथ को लोगों से भर देंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं कि अपने काम से छुट्टी लेकर वो धरना में शामिल हों। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी, कांग्रेस और मीडिया का एक धड़ा लोगों को गुमराह कर रहा है। इस बीच सुबह अरविंद केजरीवाल ने रेल भवन के आसपास लगे बैरिकेड खोलने की भी कोशिश की। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने केजरीवाल को ऐसा करने से रोका।
[bannergarden id=”17″]
बारिश से खलल

इस बीच मौसम खराब होने से केजरीवाल के धरने में कुछ खलल जरूर पड़ा। दिल्ली के कई जगहों में बारिश के साथ अंधेरा छा गया है। रेल भवन के पास का नजारा भी कुछ ऐसा ही है। आप समर्थक बारिश से बचने के लिए बैनर का सहारा लेते नजर आए। यहां स्ट्रीट लाइट जला दी गई हैं।

पूरी रात जमे रहे केजरीवाल और मंत्री

दिल्ली पुलिस के खिलाफ केजरीवाल कैबिनेट के धरने का आज दूसरा दिन है। रेलभवन के बाहर पूरी रात आम आदमी पार्टी के समर्थकों की भीड़ जुटी रही। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रात में रेल भवन के बाहर सड़क पर ही सो गए। दिल्ली सरकार के मंत्रियों के साथ साथ आम आदमी पार्टी के तमाम नेता भी धरने पर रहे। ‘आप’ नेता संजय सिंह और योगेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ पूरी रात धरने पर बैठे रहे।

किसी भी मुश्किल हालात से निपटने के लिए रात भर धरना स्थल के आसपास भारी तादाद में सुरक्षा बल तैनात रहा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ये चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी उनका धरना जारी रहेगा। केजरीवाल ने कहा कि अगर 26 जनवरी तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो राजपथ को लाखों लोगों से भर देंगे। उन्होंने कहा कि अगर जनता के हित की बात करना अराजकता है तो वो अराजक हैं।

केजरीवाल की केंद्र सरकार को चेतावनी

दिल्ली पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को चुनौती देने वाले अंदाज में कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 जनवरी को राजपथ को लाखों लोगों से भर देंगे।

केजरीवाल ने जनता से की अपील

गृह मंत्रालय के खिलाफ धरने पर बैठे अरविंद केजरीवाल ने आम जनता से बड़ी तादाद में धरने में शामिल होने की अपील की। रेल भवन के सामने बैठे दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आम जनता और ईमानदार पुलिस कर्मियों से विरोध प्रदर्शन में आगे आने की अपील की। केजरीवाल ने कहा कि वो दस दिन तक धरना-प्रदर्शन के लिए तैयार होकर आए हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए ज्यादा से ज्यादा आम लोगों की समर्थन चाहते हैं।

आज भी बंद रहेंगे चार स्टेशन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल धरने के मद्देनजर आज भी दिल्ली के चार मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस के निर्देश पर धरना स्थल के करीब मौजूद पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन सुबह 6 बजे से ही बंद रहेंगे। डीएमआरसी के मुताबिक चारों स्टेशन अगले आदेश तक बंद ही रहेंगे। इससे सुबह के वक्त दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

पीएम से मिले शिंदे

केजरीवाल कैबिनेट के धरना और दिल्ली में कानून व्यवस्था मद्देनजर गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने देर रात प्रधानमंत्री से मुलाकात की। शिंदे और मनमोहन सिंह की मुलाकात लगभग 20 मिनट तक चली। सूत्रों के मुताबिक गृहमंत्री ने प्रधानमंत्री को केजरीवाल के धरने से जुड़े हालात का ब्यौरा दिया। सूत्रों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिए गृह मंत्री कानून विशेषज्ञों से सलाह कर रहे हैं।

‘आप’ के खिलाफ बीजेपी करेगी प्रदर्शन

केजरीवाल सरकार के दो मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी युवा मोर्चा आज दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगा। बीजेपी नेता विजय गोयल की अगुवाई में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज और सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बीजेपी कार्यकर्ताओं का विरोध मार्च सुबह 11.30 बजे पंत मार्ग से जंतर मंतर की तरफ बढ़ेगा। दिल्ली सरकार के धरने और बीजेपी के प्रदर्शन से आम जनता की फजीहत तय है। केंद्रीय दिल्ली में ट्रैफिक पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा।