डौंडिया खेड़ा में मिली रसोई

Uncategorized

लखनऊ। उन्नाव के डौंडिया खेड़ा में राजा राव रामबक्श सिंह के किले में आज खुदाई के दौरान रसोई घर होने की पुष्टि हुई है। छठे दिन 25 सेंमी की खुदाई में एक चूल्हा, कछुवे का खोल और घोड़े की टांग निकली। अब तक किले में कुल 2.17 मीटर तक खोदाई का काम हो चुका है।

खोदाई स्थल को देखने को आज धनबाद से एक वैज्ञानिकों की टीम भी पहुंची, पर एएसआई के अधिकारियों ने उनको किले के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी। कल साप्ताहिक अवकाश के बाद आज फिर समय पर खुदाई का काम शुरू हुआ। शुरू के दो घंटे बाद ही मजदूरों को एक ब्लाक में रसोई का चूल्हा मिला। इसके बाद कछुवे का एक खपरैल मिला है। चूड़ियों के मिलने का क्रम अब भी जारी है। तमाम ऐतिहासिक दस्तावेजों में रसोई घर से ही जुड़ा अस्तबल बताया गया। आज इसकी तस्दीक भी हो गई। खोदाई के दौरान घोड़े की टांग भी मिली है।

किले को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। अयोध्या से निर्मोही अखाड़े के पुजारी रामदास व धनबाद से वैज्ञानिकों की एक टीम आई। टीम ने अंदर जाने की अनुमति चाही तो एएसआई के अधिकारियों ने मना कर दिया। एसडीएम विजय शंकर दुबे ने खुदाई का काम बंद होने के बाद बताया कि आज एक चूल्हा (खाना बनाने की भट्टी, कछुवे का खोल और घोड़े की टांग मिली है।