फेसबुक पर सांप्रदायिक और अश्‍लील कमेंट पहुंचा सकते हैं जेल

Uncategorized

लखनऊ। फेसबुक पर अक्सर लोग किसी के प्रति गंदे शब्द या कमेंट लिख देते हैं। कोई और कहे तो उसे लाइक और शेयर भी कर डालते हैं। भले ही अब तक सरकार और पुलिस ने इसके प्रति सख्ती नहीं दिखाई हो लेकिन कानूनी शिकंजे में फंसने पर ये कमेंट आपको जेल पहुंचा सकते हैं। कानून ऐसी चीजों के लिए 2 साल की जेल से उम्र कैद तक और 5 हजार से कई करोड़ रुपए तक का जुर्माना फेसबुक यूजर पर कर सकता है। साइबर अवेयरनेस को लेकर आयोजित किए जा रहे एक वर्कशाप में साइबर क्राइम एक्सपर्ट व एजूकेटर दीप यादव ने शहर के टीनएजर्स को इस बारे में जानकारियां दी।
15 दिन चलने वाले इस वर्कशाप में शहर की कई स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। इन्हें 12 कक्षाओं में इथिकल हैकिंग से जुड़ी विभिन्न तकनीकें बताई जाएंगी। शुरुआत फेक ई-मेल, एफबी से जुड़े कानूनों की जानकारी, फिशिंग, आईपी ग्रैबिंग और विभिन्न सर्वर, आदि के बारे में बताया गया। यह कोर्स एक टेस्ट के साथ पूरी होगा जिसमें पास होने पर सभी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट दिए जाएंगे।
फेसबुक पर रहें शालीन : क्या न करें
वर्कशाप का एक रोचक हिस्सा फेसबुक पर सही व्यवहार जानने को लेकर रहा। एजूकेटर दीप यादव ने बताया कि एफबी पर आपका व्यवहार आम जीवन में व्यवहार करने जैसा ही होना चाहिए। एफबी पर दुनिया जरूरी आभासी है, लेकिन लोग वास्तविक हो सकते हैं जो अपना अपमान किए जाने पर कानूनी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होते हैं। इसके तहत दोषी व्यक्ति को 2 साल की कैद से लेकर उम्र कैद की सजा तक हो सकती है। वहीं पीड़ित अगर चाहे तो करोड़ों रुपए का हर्जाना भी दोषी व्यक्ति पर ठोंक सकता है। आलोचना की जा सकती है, लेकिन उसमें भाषा संयत हो, और न साबित किए जा सकने वाले आक्षेप न लगाए जाएं।
– किसी मंत्री या सरकारी अधिकारी की नीति पसंद नहीं आने पर उसकी सीधी आलोचना या भद्दे शब्द न कहें, न ऐसी पोस्ट्स को लाइक या शेयर करें।
– कोई सेलेब्रिटी हो या आम आदमी, उसकी तौहीन न करें।
– धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक चीजें न अपलोड करें न फैलाएं।
– किसी को ‘ईडियट’ भी न कहें। कारोबारी सुनील मित्तल अपने एक दोस्त द्वारा यह शब्द कहे जाने पर उसे 6 महीने की जेल करवा चुके हैं।
– देश के संविधान को लेकर कोई आलोचना न करें।
– फेक नामों या सेलेब्रिटीज के नामों के प्रोफाइल न बनाएं।
– किसी को भी फोटो पर टैग न करें, 3 साल की जेल और 25 हजार का जुर्माना हो सकता है।
– अपनी फ्रेंड लिस्ट से किसी लड़की का फोटो मॉर्फ करके पोस्ट न करें, अगर उसके गार्जियन को भी इस पर आपत्ति हुई तो वो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवा कसता है।
– एस्ट्रिक्स (****) का उपयोग करते हुए भी किसी को अपशब्द कहना, असली अपशब्द कहने जैसा और कानूनी अपराध है।