ब्राह्मण सभा की बैठक में सचिन के सामने बृजेश दुबे ने उठाई समीर यादव की बर्खास्तगी की मांग

Uncategorized

2 5FARRUKHABAD : ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष बृजेश दुबे के वाहन से सार्वजनिक रूप से सपा का झण्डा नोचने का विवाद अभी ठण्डा नहीं हुआ है। रविवार को बृजेश दुबे ने ब्राह्मण सभा के बैनर तले आयोजित विचार गोष्ठी में सचिन यादव व अन्य पार्टी पदाधिकारियों के सामने सपा जिला महासचिव समीर यादव की बर्खास्तगी की मांग की। श्री दुबे ने बताया कि सपा के लोकसभा प्रत्याशी सचिन यादव ने भी घटना पर खेद प्रकट करते हुए ब्राह्मण सभा से चुनाव में सहयोग की अपेक्षा की है। फिलहाल सपा जिलाध्यक्ष इस सम्बंध में कुछ बोलने को राजी नहीं हैं।

विदित है कि गुरुवार को सपा महासचिव समीर यादव ने आवास विकास स्थित सपा कार्यालय के सामने खड़े बृजेश दुबे के वाहन पर लगे सपा के झण्डे को सार्वजनिक रूप से नोचने का प्रयास किया था व उनको सपा कार्यालय में चल रही बैठक से उठा दिया था। घटना के बाद बृजेश दुबे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी व सपा महासचिव समीर यादव को ब्राह्मण विरोधी तक करार दे दिया था। इसी क्रम में रविवार को श्री दुबे की ओर से ब्राह्मण सभा के बैनर तले एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव के पुत्र व लोकसभा प्रत्याशी सचिन यादव के अतिरिक्त सपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर व अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। गोष्ठी के दौरान बृजेश दुबे ने पार्टी के वरिष्ठजनों के सम्मुख सपा महासचिव समीर यादव द्वारा उनके साथ किये गये दुर्व्यवहार का दुखड़ा रोया। गोष्ठी में समाजवादी ब्राह्मण सभा के प्रदेश सचिव हरिओम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

[bannergarden id=”8″]

श्री दुबे ने बताया कि गोष्ठी के दौरान जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर ने समीर यादव द्वारा किये गये दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए खेद व्यक्त किया तथा भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न होने देने का आश्वासन दिया। श्री दुबे ने बताया कि सचिन यादव ने भी घटना पर दुख प्रकट करते हुए ब्राह्मण समाज से सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित सभी पार्टी पदाधिकारियों व उपस्थित ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने समीर यादव की बर्खास्तगी की मांग की।

कार्यक्रम में शिवेन्द्र मोहन मिश्र, राघवेन्द्र मिश्र, कृष्णचन्द्र पाठक, नरदीप अग्निहोत्री, कुलदीप मिश्रा, मोनू मिश्रा, राहुल मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बृजमोहन मिश्रा ने की व संचालन सुधांशु पाठक ने किया।