बिना अनुमति तिराहे चौराहों पर होर्डिंग लगाने वाले सपाइयों पर होगी कार्यवाही

Uncategorized

फर्रुखाबाद : समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव समीर यादव ने पार्टी के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि पार्टी के जिन लोगों ने बिना अनुमति के तिराहों चौराहों पर होर्डिंग लगा रखे हैं उन पर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशों का अक्षरश: पालन कराया जायेगा।

समीर यादव ने जारी किये गये पत्र में कहा है कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों से सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष व महासचिव व सभी नगरों के अध्यक्ष, महासचिव सहित सभी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि होर्डिंग, बैनर, स्टीकर, विजिटिंग कार्ड पार्टी के रंग में छपवाने व राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष की फोटो लगाने पर पूर्णत: प्रतिबंध है। पार्टी का झण्डा लगाने का अधिकार राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्यगण, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्यगण, सांसद/पूर्व सांसद, विधायक/पूर्व विधायक, सदस्य विधान परिषद/पूर्व सदस्य विधान परिषद, जिला व महानगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व कोषाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला/महानगर अध्यक्ष को ही है। इनके अतिरिक्त किसी को भी झण्डा लगाने का अधिकार नहीं है। पार्टी संगठन द्वारा कोई कार्यक्रम आयोजित किये जाने पर होर्डिंग्स अध्यक्ष द्वारा सिर्फ राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष की फोटो लगाकर लगायी जा सकेगी। आयोजक की फोटो नहीं लगेगी। लोकसभा प्रत्याशियों की फोटो लगाने व नाम लिखने की छूट है।

समीर यादव ने पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओ से अपील की कि वे प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। वहीं उन्होंने बताया कि २२ जनवरी को दोपहर १२ बजे पार्टी कार्यालय पर जनेश्वर मिश्र की दूसरी पुण्य तिथि पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी जायेगी।