जुआ खेलने के विवाद में युवक को गोली मारी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के रकाबगंज निवासी युवक सनी पुत्र लालाराम गिहार को जुआ खेलते समय हुए विवाद में दो युवकों ने तमंचे से गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सनी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक सनी मौलाना इंटर कालेज कमालगंज में कक्षा 11 का छात्र है। वह जुआ खेलने के लिए गढ़िया हैवतपुर के निकट गया था। जहां सनी जुए में 6 हजार रुपये जीत भी गया। जिसके बाद सनी ने जुआ खेलने से मना कर दिया और उठकर चल दिया। यह बात मौके पर मौजूद अमलापुर निवासी अनिल यादव व माधौपुर कटरी निवासी भूरा यादव को नागवार गुजरी तो उन्होंने उसे जुआ खेलने का दबाव बनाया। जिसके बाद दोनो पक्षों में मामला बढ़ गया तो अनिल व भूरा ने तमंचों से  सनी पर फायर झोंक दिया। फायर सनी के दोनो टांगों के ऊपर जांघ में जा लगे। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल सनी को लोहिया अस्पताल भिजवाया। सनी ने 10 हजार रुपये लूट का भी आरोप लगाया है।

इस सम्बंध में थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि मामले के सम्बंध में आरोपी अनिल यादव व भूरा यादव पर धारा 307 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अभी तक आरोपी हत्थे नहीं चढ़े।