300 गांवो पर मात्र 30 सिपाही: थानाध्यक्ष कमालगंज ने सुनाई व्यथा

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): थाना कमालगंज क्षेत्र में विगत दिनों सर्राफा व्यापारी सोनू तिवारी से लूटे गये लाखों रुपये के जेबरात का आज तक पुलिस खुलासा करने में असमर्थ है। जिसको लेकर शनिवार को थानाध्यक्ष राघवन सिंह ने सर्राफा व्यापारियों की एक बैठक बुलायी। बैठक में एसओ ने कहा कि सोनू तिवारी लूटकाण्ड का खुलासा न हो पाने की मुख्य बजह है कि आज तक सोनू तिवारी ने लूटे गये जेबरात की लिस्ट नहीं दी है।

सर्राफ लूटकाण्ड का खुलासा कमालगंज पुलिस के लिए टेड़ी खीर बनी हुई है। जिसमें आज तक पुलिस ने यही नहीं निर्धारित कर पाया है कि आखिर कितना जेबरात लूटा गया है। जिसके सम्बंध में सोनू तिवारी ने पिछले दिनों पुलिस पर आरोप लगाया था कि पुलिस ने कम जेबरात लूट की तहरीर उनसे लिखवा ली लेकिन उनका कहीं अधिक जेबरात लुटेरे ले गये। शनिवार को कमालगंज थानाध्यक्ष राघवन कुमार द्वारा बुलायी गयी बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने आते आते सोनू तिवारी की लूट का खुलासा करने की बात कही। जिस पर थानाध्यक्ष कमालगंज ने कहा कि लूट के खुलासे के लिए मैं पूरा प्रयास कर रहा हूं। लूट किस कारण नहीं खुल पा रही है वह बात आप लोगों को बता दूं। आज तक सोनू तिवारी ने लुटे हुए जेबर की लिस्ट नहीं दे पायी कि कितना जेबर था, कौन सा ब्रांड था। सोनू तिवारी ने दो लिस्टें अलग अलग तरीके से दी हैं। कई बार बिना नम्बर की अपाचे बाइकें दिखायी गयीं, मुल्जिमों को दिखवाया। किसी तरीके से कामयाबी नहीं मिल पा रही है। पूरा प्रयास कर रहा हूं लूट का खुलासा जल्द किया जायेगा।

इसके बाद थानाध्यक्ष ने सर्राफा व्यापारियों से कहा कि मैने इसलिए आप लोगों को बुलाया है कि चोरी की घटनायें जनपद में बहुत हो रहीं हैं। आप लोग अपनी दुकानों में सेन्टर लॉकिंग लगवायें और अपनी दुकानों के आगे बल्ब लगाकर रोशनी की व्यवस्था करें और स्वयं भी देखरेख रखें। थाना क्षेत्र में लगभग साढ़े तीन सौ ग्राम हैं। थाने में मात्र 40 पुलिसकर्मी हैं उसमें से मात्र 30 लोग ही ड्यूटी पर रह पाते हैं। जिससे आप लोग सहयोग करें तभी अपराधिक घटनाओं पर शिकंजा कसा जा सकता है।
इस दौरान सोनू तिवारी, ध्रुव प्रकाश शुक्ला, दिनेश, दिनेश करोड़ी, पंकज गुप्ता, मोहन वर्मा, कृष्ण मुरारी, रामबाबू गुप्ता, रामकुमार, कमल चौरसिया आदि दो दर्जन सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।