प्रेमलता के सामने आजमाये जायेंगे अध्यक्षी के लिये दांव-पेंच

Uncategorized

फर्रुखाबाद:  जनपद में भाजपा के संगठन चुनाव व जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए चले आरहे गतिरोध को दूर करने के लिये पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार शुक्रवार को 11 बजे से फर्रुखाबाद आ रही हैं। अध्‍यक्ष पद के लिये जहां निवर्तमान जिलाध्‍यक्ष भूदेव राजपूत लाइन में हैं, वहीं विरोधी खेमें से भी कई दावेदार हैं। प्रेमलता के सामने सभी अपना अपना दांव आजमाने की जुगाड़ में हैं।

विदित है इस बार पूरी चुनाव प्रक्रिया भाजपा जिला संयोजक भूदेव सिंह राजपूत के हाथों में रही। उन्होंने ही अपने महामंत्री प्रदीप सक्सेना को चुनाव अधिकारी बनाया था। असंतुष्टों को किनारे लगा दिया गया। उन्हें चुनाव की कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई। उधर एक बड़े नेता असंतुष्टों पर हाथ रखे थे। इसलिए हर छोटी बड़ी कमी की शिकायत प्रदेश नेताओं तक जाती रही। इसी के चलते संगठन की चुनाव प्रक्रिया दो बार रोकी गयी। चुनाव अधिकारी शिव ओंकार नाथ पचौरी पर भी आरोप लगते रहे। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव हो गया है। अब नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति मनोनयन के जरिये होनी है। भूदेव सिंह राजपूत के आलावा प्रदीप सक्सेना, कुलदीप दुबे, प्रांशु दत्त, रुपेश गुप्ता, प्रभात अवस्थी दिनेश कटियार मुख्य दावेदार हैं। भूदेव सिंह अपना कार्यकाल रिपीट करना चाहते हैं। अगर उन्हें दुबारा मौका न मिला तभी दुसरे नामों पर विचार होगा। इस बार भी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील शाक्य की मुख्य भूमिका रहनी है। अभी फर्रुखाबाद नगर अध्यक्ष के बारे में भी फैसला नहीं हुआ है।