फर्रुखाबाद की 299वीं जयंती पर 16वें फर्रुखाबाद महोत्सव की तैयारियां शुरू

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जनपद की 299वीं जयंती के अवसर पर होने वाले 16वें फर्रुखाबाद महोत्सव के लिए जनपद प्रशासन स्तर तक तैयारियों जोरों से शुरू हो गयीं हैं। बुधवार को महोत्सव के आय व्यय सहित अन्य कार्यक्रमों के सम्बंध में जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मुथुकुमार की अध्यक्षता में एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रति वर्ष की भांति महोत्सव का अध्यक्ष रामकृष्ण राजपूत व जिलाधिकारी को प्रमुख संरक्षक बनाया गया है। महोत्सव के सचिव सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार बनाये गये हैं।

कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में फर्रुखाबाद महोत्सव की रूपरेखा तय की गई। अध्यक्ष डा. रामकृष्ण राजपूत ने विगत महोत्सवों की समीक्षा करते हुए कंपिल, संकिसा, श्रंगीरामपुर, गंगा महत्म्य, आर्य समाज के भ्रमण, स्वतंत्रता संग्राम में फर्रुखाबाद की भूमिका, साहित्यकार महादेवी वर्मा व वंशीधर शैदा के योगदान पर प्रकाश डाला। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने महोत्सव में प्रशासनिक व्यवस्थाएं, सुरक्षा व अनुशासन बनाए रखने पर विचार रखे। क्रिकेट टूर्नामेंट, निबंध व सुवाक्य लेखन, रंग भरो, वालीबाल, चित्रकला, थाल व मेंहदी सजाओ, पतंगबाजी, कबड्डी, शतरंज, खो-खो, सामान्य ज्ञान, न्यू ईयर ग्रीटिंग, रंगोली, एकल नृत्य व गायन, फैशन मेनिया व साइंस क्विज प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, बाल मेला, संसद, आल इंडिया मुशायरा, सर्वधर्म सद्भाव सम्मेलन महोत्सव के आकर्षण होंगे।