दहेज के लिए विवाहिता को किया आग के हवाले, अस्पताल में परिजनों का हंगामा

Uncategorized

फर्रुखाबाद: पड़ोसी जनपद एटा के नयागांव निवासी किराना दुकानदार सूर्यकांत गुप्ता की पत्नी प्रतिभा गुप्ता को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पहुंचे घायल प्रतिभा के परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। मौका देखकर ससुराली खिसक लिये।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साहबगंज निवासी स्व0 ओमप्रकाश गुप्ता ने अपनी 26 वर्षीय पुत्री प्रतिभा गुप्ता का विवाह तीन साल पूर्व सूर्यकांत गुप्ता के साथ किया था। सूर्यकांत किराने का दुकानदार है। शादी के कुछ समय बाद से ही सूर्यकांत दहेज के लिए प्रतिभा गुप्ता से मारपीट करने लगा। जिसकी शिकायत उसने कई बार अपने मायके में भी की। प्रतिभा के एक दो साल का पुत्र कृष्णा भी है। घायल प्रतिभा ने आरोप लगाया है कि उसके पति सूर्यकांत गुप्ता व अन्य परिजनों ने मिलकर उसे दहेज की खातिर आग के हवाले कर दिया।

इस सम्बंध में घायल प्रतिभा के पति सूर्यकांत ने बताया कि बीते दिन प्रतिभा ने उससे मोबाइल मांगा और कहा कि वह गाना सुनेगी। लेकिन मोबाइल मैने नहीं दिया और मैं अपनी दुकान खोलने चला गया। तभी अचानक प्रतिभा ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। सूचना मिलने पर सूर्यकांत घर पहुंचा और उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पहुंची घायल प्रतिभा की मां मुन्नी गुप्ता ने प्रतिभा के पति के सामने जमकर आरोप प्रत्यारोप लगाकर हंगामा काटा। फिलहाल प्रतिभा की हालत गंभीर बतायी गयी है। डाक्टरों का कहना है कि प्रतिभा का शरीर 80 प्रतिशत जल गया है।