कल्‍याण पार्टी में हों या न हों, भाजपा के झंडे पर मिलेगा वोट: साक्षी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: लोकसभा चुनाव का शुरूर नेताओं पर अभी से ही हावी हो गया है। जिसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां व ज्यादातर अदृश्य से रहे नेता उभरकर मीडिया के सामने आने लगे हैं। पूर्व सांसद सच्चिदानंद साक्षी भी शनिवार को वर्षों बाद यहां नजर आये। भाजपा जिलाध्यक्ष के पुत्र के तिलकोत्सव में शामिल होने के बहाने साक्षी महाराज ने जहां कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में चर्चा की तो वहीं दूसरी तरफ उनके समर्थकों ने साक्षी से चुनाव लड़ने के लिए हवा भी भरी। इस दौरान फतेहगढ़ में सर्वेश अग्रवाल के आवास पर कल्‍याण सिंह के भाजपा में शामिल होने के प्रश्‍न पर मीडिया से वार्ता के दौरान सांक्षी बोले कि कल्‍याण सिंह हों या न हों, वोट तो भाजपा के झंडे पर मिलता था, और मिलेगा।

तीन बार फर्रुखाबाद से सांसद रहे सच्चिदानंद साक्षी भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत के पुत्र के तिलकोत्सव में शामिल होने के लिए जनपद में पहुचे। पहले मीडिया से बात करने का समय निर्धारित किया गया लेकिन उसके कुछ घंटों बाद ही साक्षी ने प्रेस वार्ता न करने की बात कही। मोहम्मदाबाद के रास्ते से आये साक्षी का स्वागत समर्थकों ने मोहम्मदाबाद के अलावा खिमशेपुर में भी किया। फर्रुखाबाद पहुंचने पर साक्षी महाराज ने बंद कमरे में अपने कुछ समर्थकों से चर्चा भी की। सूत्रों के मुताबिक साक्षी ने चुनाव लड़ने और न लड़ने के मापदण्ड के विषय में समर्थकों के हाव भाव समझे। कार्यकर्ताओं ने भी साक्षी को चुनाव लड़ने के लिए जमकर हवा भरी। फर्रुखाबाद से साक्षी का काफिला फतेहगढ़ में सर्वेश अग्रवाल के आवास पर पहुंचा। जहां उन्होंने कल्याण सिंह के भाजपा में शामिल होने से पार्टी के ऊपर कोई फर्क न पड़ने की बात कही। उन्होंने कल्याण पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का वोट उसके झण्डे को देखकर ही मिलता है। मैने जब चुनाव लड़ा था तब भी वोट भाजपा के झण्डे को देखकर मिला था और आज भी वही स्थिति आ गयी है कि पार्टी के प्रत्याशी को वोट झण्डे के बल पर मिलेगा न कि किसी चेहरे के।
फिलहाल साक्षी ने घुमा फिराकर यही दर्शाया कि उनकी स्थिति पार्टी में मजबूत है और वह चुनाव के लिए दावेदारी कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने टिकट लेने की बात को स्पष्ट न करते हुए कहा कि पार्टी चाहेगी तो चुनाव जरूर लड़ेंगे। इसके बाद साक्षी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व0 जितेन्द्र सिंह के आवास पर उनके परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। वहां से वह सीधे जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत के गांव मेहंदिया के लिए रवाना हो गये। जहां मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी, मिथलेश अग्रवाल, मानसिंह पाल, प्रांशुदत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य के अलावा अन्य कई वरिष्ठ भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।