सिटी मजिस्ट्रेट के छापे से खोया बाजार में हड़कंप, दो कुन्तल मिलावटी खोया बरामद

Uncategorized

फर्रुखाबाद: दीपावली नजदीक आते ही जहां खोया व्यापारियों ने मिलावटी खोया तैयार कर स्टाक करना शुरू कर दिया है वहीं बाजार में मिलावटी खोये से बनी मिठइयां भी कुन्तलों के हिसाब से बनाकर बड़ी बड़ी दुकानें अभी से ही सजा ली गयीं हैं। खोया बाजार में मिलावटी खोया बिकने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने छापा मारा। छापे के दौरान लगभग पांच कुन्तल नकली खोया बरामद किया गया है।

त्यौहार आते ही मिलावटखोर अपने गोरखधंधे में प्रति वर्ष की भांति जुट गये हैं। बाजार में खोया, मिठाइयां, घी, तेल, मसालों तक में खुलेआम मिलावट की जा रही है। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने में इस समय व्यापारी चूक नहीं रहे हैं। मुनाफाखोरी के चलते खोया में व्यापारी शकरकंदी, अरारोट, बिस्कुट, पाउडर और न जाने क्या क्या मिलाकर नकली खोया तैयार कर बाजारों में कुन्तलों खोया स्टाक में रख लिया है। यह खोया पहले से ही नकली और तरह तरह के केमिकल प्रयोग करके इस खोये को स्टाक में रखा जा रहा है। जिससे दीपावली आने में अभी 6 दिन हैं। 6 दिन में आज आया हुआ खोया लगभग खराब होने की स्थिति में आ चुका होगा। जिससे दीपावली पर आम जनता को मिलावटी मिठाइयों के साथ साथ खराब व सड़े हुए खोये की मिठाइयां मिलना तय है। वहीं प्रशासन की तरफ से छापेमार कार्यवाही तो की जाती है लेकिन कुछ कारगर कार्यवाही न होने से व्यापारी अपने गोरखधन्धे को खुलेआम अन्जाम दे रहे हैं।

बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने चौक स्थित खोया बाजार में छापा मारा तो मिलावटी खोया व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारी अपनी खोये की दुकानों को छोड़कर भाग खड़े हुए। कई व्यापारी तो खुले में ही झल्लियों में खोया भरे हुए देखे गये। जिस पर नगर मजिस्ट्रेट अचंभित रह गये। उन्होंने लगभग दो कुन्तल खोये को बरामद कर उसकी सेम्पुलिंग करवायी। जिसमें चौक स्थित सुशील दुबे की आढ़त से खोया व्यापारी बिरसिंहपुर निवासी उमेश व सत्यपाल के खोये के नमूने भरे गये। इसके अलावा कल्लू खां की चौक स्थित दुकान पर रखा दो कुन्तल लावारिश खोया सिटी मजिस्ट्रेट ने जब्त कर लिया। जिसमें घर के अंदर रखे पांच बाल्टी, एक टब व दो झोला खोया मिला। व्यापारियों को हिदायत दी कि किसी भी व्यापारी के पास मिलावटी खोया मिला तो उसे सीधे जेल भेजने की कार्यवाही की जायेगी।