कम राजस्व वसूली पर विभागीय अधिकारियों की डीएम ने लगाई लताड़

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न कर वसूली पर राजस्व विभाग के अधिकारियों से जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी राजस्व की वसूली में तेजी लायें। उन्होंने कहा कि व्यापार कर से प्राप्त करों की वसूली में अक्टूबर में कमी होने पर सहायक व्यापार कर आयुक्त को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी बी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई से कहा कि सींचपाल इत्यादि ग्रामों ने जाकर एक जगह बैठकर ही किसानों की सींच लिख लेते हैं। जिस पर श्री स्वामी ने आपत्ति जतायी। इसके विरुद्व भी प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के निर्देश दिये। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आर डी वाजपेयी से डीएम ने कहा कि नगर पालिका में 22 टैक्स कलेक्टर हैं। इसके बावजूद भी लक्ष्य पूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने नगर पालिका के कर्मचारियों को लापरवाह बताया और कहा कि कामचोर टैक्स कलेक्टर के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अब तक 2 कर्मचारियों के विरुद्व इसी मामले में कार्यवाही की जा चुकी है। जिसके बाद जिलाधिकारी का पारा और चढ़ गया और उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार को दिये। उन्होंने कहा कि शीघ्र सभी नगर पालिका एवं टाउन सीमा के अधिशासी अधिकारी वसूली में तेजी लायें। ग्रामीण विद्युत के एसडीओ को भी कम वसूली के विरुद्व प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिये।

उन्होंने अपरजिलाधिकारी कमलेश कुमार को निर्देश दिये कि शीतकालीन भ्रमण प्रारंभ होने वाले हैं। गांवों में जाकर विशेष रूप से राशन वितरण दुकानों को चेक करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी के के सिंह ने विभागवार वसूली की आख्या जिलाधिकारी को सौंपी। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।