आपसी विवाद में दालमोठ कारीगर को जलती कढ़ाई में फेंका

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के बूरा वाली गली स्थित एक दालमोठ की दुकान पर दो कारीगर आपस में भिड़ गये। जिसमें एक ने दूसरे कारीगर को जलती हुई कढ़ाई पर धक्का दे दिया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर घायल दालमोठ कारीगर कोतवाली पहुंचा। जहां पुलिस ने उसे तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

बूरा वाली गली में दिवारीलाल गुप्ता की रामश्री नमकीन भण्डार के नाम से दालमोठ की दुकान व फैक्ट्री है। जिसमें खानपुर निवासी विकास शाक्य पुत्र सुशील शाक्य का विवाद साथ में ही काम कर रहे गढ़ी कोहना नई बस्ती निवासी धीरू पुत्र मलिखान कनौजिया से हो गया। विकास ने आरोप लगाया कि वह दालमोठ की गोदाम में पैकिटों में दालमोठ भर रहा था। धीरू भट्ठी के पास बैठकर दालमोठ बना रहा था। धीरू ने विकास पर जल्दी काम करने का दबाव बनाया। जिसको लेकर दोनो कारीगरों में आपस में जमकर विवाद हुआ। मारपीट के दौरान आरोप है कि धीरू ने विकास को उसी जलती हुई कढ़ाई में गिरा दिया जो पहले से ही तेल से लवालव थी। कढ़ाई में गिरते ही विकास बुरी तरह झुलस गया। विकास को झुलसा हुआ देख अन्य मजदूरों ने उसे उठाकर पास में रखे ड्रम में खड़ा कर दिया। लेकिन विकास वहां से भागकर शहर कोतवाली पहुंचा और अपनी बात बतायी। जली हालत में पहुंचे युवक को देखकर पुलिस के हाथपैर फूल गये। पुलिस ने तत्काल विकास को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने इस बावत धीरू के अलावा मऊदरवाजा निवासी सुनील श्रीवास्तव पुत्र सियाराम को पुलिस ने हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। समझौता कराने के लिए शहर के कुछ चर्चित लोग भी पहुंचे।

इस सम्बंध में शहर कोतवाली के कार्यवाहक कोतवाल विग्गन सिंह यादव ने बताया कि मजदूरों का आपसी विवाद था। दोनो पक्षों में समझौता करा दिया गया है।