गंगा आरती के साथ उमा ने लिया नौका विहार का आनंद

Uncategorized

फर्रुखाबाद: गंगा समग्र रक्षा अभियान के तहत पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती ने गंगा स्वच्छता एवं अविरल गंगा पर अपना लम्बा उदबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने गंगा आरती की और गंगा में नौका विहार का भी आनंद लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती शाम तकरीबन 6 बजे घटियाघाट तट पर बने सभा स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने वहां मौजूद लोगों को सम्बोधित किया। इस दौरान उमा भारती ने कहा कि गंगा को अकेले वह निर्मल व स्वच्छ नहीं कर सकतीं। जिसमें आम जनता का भी सहयोग जरूरी है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कानपुर प्रांत के प्रमुख उमाकांत ने जिले की सीमा पर उमा भारती का स्वागत किया। सभा स्थल पर पहुंचने के बाद मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी को उमा भारती ने रुद्राक्ष की माला भेंट की। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उमा भारती का स्वागत किया। मंच पर कोई भी राजनेता नहीं बैठा। सभा को संबोधित करने के बाद उमा भारती गंगा तट पर पहुंची और गंगा की भव्य आरती में भाग लिया। आरती से पूर्व उनकी नजर गंगा तट पर खड़ी नाव पर पड़ गयी और उन्होंने नाव चालक को गंगा की बीच धारा में नाव ले चलने का इशारा किया। उमा के नाव पर बैठते ही वहां मौजूद कई कार्यकर्ता उमा के साथ नाव पर सवार हो गये। उमा भारती ने तकरीवन आधा घंटे नौका विहार का अनंद लिया और भव्य आरती में भाग लेने के बाद गंगा के जयकारे लगाये।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत, भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील शाक्य, मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी, पूर्व सांसद चन्द्रभूषण सिंह मुन्नूबाबू, अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, सुब्रत पाठक, प्रांशुदत्त द्विवेदी, मानसिंह पाल, रामबख्स वर्मा, ब्रहमदत्त अवस्थी, रमा कनौजिया, संजय गर्ग, अशीष दीक्षित, अभिषेक त्रिवेदी आदि लोग मौजूद रहे।