Home Blog Page 5694

आग से आधा दर्जन जानवर काल के गाल में

फर्रुखाबाद: शमसाबाद ब्लाक के ग्राम धीमरनगला में लगी आग में हजारों रुपये की नगदी, अनाज व घरेलू सामान के अतिरिक्त आधा दर्जन जानवर कल के गाल में समा गए| बच्चे आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए|

कतरी के गाँव धीमरनगला निवासी रामभजन पुत्र कन्हैयालाल के घर बुधवार की रात करीब ९:३० बजे आग लग गयी| देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया| रामभजन के चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मदद को दौड़े|

ग्रामीणों से जो बना वह किया, घर से सटे जानवरों का छप्पर जल गया उसमे बंधे दो बैल, दो बकरा, एक गाय व उसका बछडा काल के गाल में समा गया| इसके अलावा उसका अनाज, गेंहूं, घरेलू सामान जलकर राख हो गया|

गुरूवार को कानूनगो रामप्रकाश पाण्डेय व क्षेत्रीय लेखपाल नरेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया| उन्होंने बताया कि करीब ७० हजार रुपये से अधिक का नुक्सान हुआ है| उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है|

अभी भी अधूरे पड़े हैं अम्बेडकर ग्रामों में विकास कार्य

फर्रुखाबाद, 03 फरवरी: ३१ दिसंबर को ही सभी अंबेडकर ग्रामों को स्न्त्रिप्त कर दिए जाने की रिपोर्ट भेज चुके प्रशासन के सामने अंबेडकर ग्रामों के अधूरे पड़े कार्य मुंह बाये खड़े हैं|

गुरूवार को अल्पसंख्यक कल्याण निदेशक सहाबुद्दीन के दौरे में भी यही स्थित सामने आयी| अंबेडकर ग्राम महमदपुर अमलैया के निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि गाँव में सीसी रोड के किनारे नाली ही नहीं बनी हैं| खराब पड़े हैण्ड पम्प का कार्य चल रहा है| एक ग्रामीण मिट्ठूलाल ने उसकी निजी आराजी में से लोगों को पट्टे कर दिए जाने की भी शिकायत है|

बहोरन टप्पा हवेली व महमदपुर अमलैया में विधुत पोल लगाने के कारण जगह-जगह सीसी रोड व नाली टूटी पड़ी है|

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अंबेडकर ग्रामों की कमियाँ दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं|

सिखलाई की बाईएनियल में नयी सैन्य चुनौतियों पर च्रर्चा

फर्रुखाबाद, 03 फरवरी, सिखलाई इनफैन्ट्री रेजीमेंटल सेंटर की दो दिवसीय बाईएनियल कांफ्रेंस का शुभारंभ गुरुवार को कर्नल आफ दि रेजीमेंट लेफ्टिनेंट जनरल बिक्रम सिंह UYSM,AVSM, सेना मेडल, ADC की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। सैन्य प्रवक्ता ने बताया की कांफ्रेंस शुक्रवार को भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि कांफ्रेंस के उपरांत सैन्य अधिकारियों ने वालीबाल मैच का भी आनंद उठाया। बैठक के दौरान नयी सैन्य तकनीकों और चुनौतियों के बारे में विचार विमर्श किया गया।

युवक ने ट्रेन से कटकर जान दी

फर्रुखाबाद: ३२ वर्षीय युवक ने आज रात करीब ८ बजे नेकपुर में ट्रेन के सामने लेटकर जान दे दी| युवक के शव के शिनाख्त नहीं हो सकी|

कोतवाली फतेहगढ़ के वरिष्ठ उप निरीक्षक सतीश शर्मा ने शव का पंचाना भरवाया| उन्होंने बताया कि युवक के दाहिने हाँथ पर पप्पू सिंह व सविता देवी गुदा है|

करीब ५ फुट लम्बे युवक का रंग सांवला तथा हल्की दादी हे| उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है|

रेप के आरोपी सिपाही ने नौकरी बचाने को किया निकाह

फर्रुखाबाद: कोतवाली मोहम्दाबाद के रंगीन मिजाज के सिपाही इमरान ने आखिरकार अपनी नौकरी बचाने के लिए उसी प्रेमिका पूजा के साथ निकाह कर लिया जिसने यौन शोषण का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी|

सिपाही इमरान ने जेल जाने से बचने के लिए हाई कोर्ट इलाहाबाद में रिट दाखिल की थी| जिसकी आज सुनवाई हुई| मोहम्दाबाद के क्षेत्राधिकारी बीके शर्मा इलाहाबाद जाकर मुकद्दमे में काउंटर दाखिल कर आये हैं| आज ही वापस लौटे श्री शर्मा ने बताया कि सिपाही इमरान ने पूजा के साथा निकाह कर लिया है|

क्षेत्राधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि इमरान की रिट में निकाहनामा की प्रति लगी है| वहां पूजा मांग भरे बैठी हुई मिली लेकिन सिपाही इमरान नहीं मिला| कोतवाली में तैनाती के दौरान इमरान ने शादी करने के बहाने तकीपुर निवासी गिहार जाती की युवती पूजा के साथ रंगरेलियां मनाईं और बाद में उसे मार डालने के लिए गंगा में फेंक दिया था|

पुलिस इमरान को सरगर्मी से तलाश कर रही थी| इमरान निकाह करने के बाद पूजा को अपने गाँव गाजीपुर ले गया|

एसपी जाम में फंसे, सिपाही पर गिरी गाज

फर्रुखाबाद: नगर भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन लालगेट तिराहे पर जाम में फंस गये| जिसकी गाज सिपाही पर गिरी|

एसपी जब लालगेट तिराहे से गुजर रहे थे| वहां कई टैम्पो खड़े होने व ट्रक के आ जाने से जाम लग गया| एसपी ने पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही नेम सिंह यादव को लाइन हाजिर करने का फरमान जारी किया| रोडवेज बस स्टेशन पर पिकेट ड्यूटी पर रामविलास सिपाही नहीं था| उसकी रपट दर्ज कराई गई|

पुलिस अधीक्षक जब फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद का जायजा लेने जा रहे थे तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनके वाहन को ओवरटेक किया|रुकने का इशारा किये जाने पर जब युवकों ने देखा कि अधिकारी की कार है तो वह बेतहाशा भागे|

पुलिस अधीक्षक ने बाइक सवारों को पकडने के लिए वायरलेस किया और पूरे जिले में १ से ३ बजे तक वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया| साथ ही यह हिदायत दी कि शहर का जो चौकी इंचार्ज १० वाहनों तक का चालान करेगा उसे इनाम दिया जाएगा और ५ वाहनों का चालान करने वाले चौकी इंचार्ज को देहात में भेजा जाएगा|

शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्रष्ण कुमार ने बताया कि नगर में तिकोना चौकी के अलावा सभी क्षेत्रों में वाहन चेकिंग हुई| ३१ वाहनों के चालान किये गए|

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सिटी सर्किल में ५७ वाहनों के चालान व ८ वाहन सीज किये गए|

हादसे में 2 युवकों की मौत, छात्रा सहित 10 घायल

फर्रुखाबाद: अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में युवक सुखेन्द्र व श्रवण कुमार की मौत हो गई तथा छात्रा सहित १० लोग घायल हो गए|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम महलई निवासी गार्ड बाबू लोधी का ३५ वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार सायं बाइक से घर जा रहा था| हथियापुर रेलवे क्रासिंग के निकट सामने से आ रहे मारूती वैन नंबर यूपी ८० BB / ७१७२ के चालक सोनू ने जोरदार टक्कर मार दी| जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी|
पुलिस ने मारूती वैन को कब्जे में लेकर आगरा लोहा मंडी पंच कुईयाँ निवासी ड्राईवर सोनू को हिरासत में ले लिया|

बेवर मार्ग नगला कलार के सामने किसी वाहन का कट लगने से विक्रम टैम्पो नम्बर यूपी ७६के/ १५३८ खाई में पलट गया| दुर्घटना में मोहम्दाबाद के ग्राम नगला गुलाब निवासी ईश्वर दयाल यादव के १५ वर्षीय पुत्र सुखेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई| ३५ वर्षीय पत्नी शैलेंद्री घायल हो गई| महिला जेल में अपने भाई से मुलाक़ात कर घर वापस जा रही थी|

दुर्घटना में थाना मेरापुर के ग्राम नदौरा निवासी अमर सिंह यादव की २० वर्षीय पुत्री प्रतिभा तथा १८ वर्षीय पुत्र प्रशांत घायल हो गए|

प्रतिभा एमए फाइनल व प्रशांत बीएससी एजी का प्रथम वर्षीय छात्र है दोनों भाई बहन फतेहगढ़ से घर वापस जा रहे थे|

थाना कमालगंज के ग्राम वसा नगला निवासी ब्रजपाल कठेरिया का २८ वर्षीय पुत्र राजेश घायल हो गया वह अपनी दादी रामकुंवरि के साथ नादे नगला जा रहे थे|

मैनपुरी थाना बेवर के ग्राम नगला रमई निवासी विश्वनाथ यादव व उनका साला सर्वेश ग्राम सभापुर निवासी गुरसहायगंज भी घायल हो गए|

औरैया थाना वेला के ग्राम भदौरा निवासी चैतन्य स्वामी भी घायल हो गए| वह मोहम्दाबाद के ग्राम मौधा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे|

पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल पहुचाया सर्वेश व रामकुंवरि के अलावा सभी को भर्ती कर लिया गया| दुर्घटना में नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी पाल सिंह का २४ वर्षीय पुत्र राजा तथा थाना पाली के ग्राम चकौतीपुर निवासी रामनाथ का ३२ वर्षीय पुत्र महिपाल घायल हो गए जिनको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

राजा अपनी पत्नी लक्ष्मी को बाइक पर बिठाकर रूपापुर जा रहे थे उधर महिपाल साइकिल से आ रहा था हुल्लापुर के पास दोनों बाहनो में भिडंत हो गई लक्ष्मी को मामूली चोट लगी|

*

मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना से अधिकारियों में हड़कम्प

फर्रुखाबाद: सूबे की तेजतर्रार मुख्यमंत्री मायावती के नाम से ही अधिकारियों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं और जब वह क्लास लेने के लिए आ रही हों तो अधिकारियों की क्या हालत होगी इसका तो सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है| मुख्यमंत्री के जिले में आने का ग्रीन सिग्नल मिलते ही अधिकारियों में हड़कम्प मच गया है|

अपर जिला अधिकारी एससी श्रीवास्तव, एसडीएम सदर अनिल ढींगरा, सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र, सीओ सिटी डीके सिसोदिया पुलिस लाइन पहुंचे वहां मुख्मंत्री के लिए हेलीपेड बनाने तथा पुलिस लाइन की बेहतर सफाई व्यवस्था करने का निर्देश आरआई राजेन्द्र सिंह को दिया| अधिकारियों की टीम मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी देने के लिए ब्लाक बढपुर कार्यालय पहुँची|

कार्यालय के प्रांगण का निरीक्षण कर वहां गंदगी देखकर नाराजगी जाहिर की| वीडीओ महेंद्र सिंह सोमवंशी को निर्देश दिया कि इधर-उधर थूकना बंद कराएं कार्यालय भवन के ऊपर दिखने वाले कंडों व पत्थरों के टुकड़ों को हटाने की निर्देश दिया| अधिकारियों ने हिदायत दी कि अब ब्लाक कार्यालय के सामने दोपहिया वाहनों को न खड़ा किया जाये|

वीडीओ श्री सोमवंशी ब्लाक कर्मचारियों के साथ साप्ताहिक बैठक में मनरेगा आदि योजनाओं की समीक्षा की| ग्राम विकास अधिकारी गजेन्द्र सिंह चौहान, आदर्श हजेला व राकेश चन्द्र बाथम के क्षेत्र में विकास कार्य शुरू न होने के कारण उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई|

बैठक में एडीओ सीताराम, ग्राम विकास अधिकारी अनुपम बाजपेयी, प्रमोद शुक्ला, ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल मिश्रा आदि मौजूद रहे| वीडीओ श्री सोमवंशी ने कर्मचारियों को भी क्षेत्र के अधूरे विकास कार्य कराये जाने की चेतावनी दी|

3 फरवरी: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

लड़की भगाने वाले युवक का बाप पुलिस शिकंजे में

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा पुलिस ने ग्राम नेकपुर खुर्द निवासी कुंवरपाल शाक्य को हिरासत में ले लिया| भीखमपुरा निवासी वीरपाल की पत्नी माला को कुंवरपाल का बेटा प्रवेश बीते ४ दिन पूर्व बहला-फुसलाकर भगा ले गया है|

माला की जेठानी रामा की शिकायत पर पुलिस ने प्रवेश के न मिलने पर उसके बाप कुंवरपाल को ही पकड़ लिया|

जमीन के विवाद में पुलिस ने तीन दबोचे

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली पुलिस ने बढपुर निवासी दिनेश कटियार व उसके भाई विनय कटियार तथा कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम मिश्रंपुर्वा निवासी मुन्नालाल जाटव को हिरासत में ले लिया|

हरदोई थाना पाली के ग्राम विर्वापुर निवासी ओमप्रकाश का कादरीगेट पर प्लाट है| दिनेश व विनय ने इस प्लाट को बिर्राबाग के शिशुपाल को बेंच दिया| विवाद होने पर पुलिस ने जांच कार्रवाई शुरू कर दी है|

किन्नर सहित महिलाओं की पिटाई

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला सेनापति निवासी अंजली किन्नर की घर में घुसकर पिटाई की गयी| उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत की कि गुरू अंसार ने ही ५ वर्ष पूर्व किन्नर बनाया था और अब मुझे मार पीटकर शहर से भगाना चाहते हैं|

नेग बसूली को लेकर २० जनवरी को गढ़ी कोहना मोहल्ले में भी पिटाई की थी|

* उस्मान नगला निवासी मदनलाल की पत्नी भगवान् देवी व उनकी पुत्री धनदेवी व सोनी की पिटाई की गई| भगवान देवी ने गाँव के सुरेश वर्मा उनकी पत्नी रामकला व उनके बेटे रोहित के विरुद्ध सूचना दर्ज कराई|

* थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला दीवान मुबारिक में रोशनलाल शाक्य की पत्नी अनीता को पीटकर घायल कर दिया गया| अनीता ने पड़ोसी मोहनलाल शाक्य उनकी पत्नी कमला, राजेन्द्र शाक्य व उनकी पत्नी शकुन्तला के विरुद्ध सूचना दज कराई|

पुलिस ने मोहनलाल को हिरासत में लेकर अनीता का डाक्टरी परीक्षण कराया|

दबंगों ने युवक की कर दी पिटाई

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला घेरशामू खां निवासी वसीम इरानी ने अपने साथियों के सहयोग से मोहल्ला गढ़ी कोहना के तौफीक की पिटाई कर दी|

छेड़खानी की शिकायत मिलने पर वसीम अपनी बहन को बाइक से ले जाने लगे| गढ़ी कोहना मोहल्ले के मोहम्मद तकी ने वसीम से तेजी से बाइक चलाने का विरोध किया था| इसी बात से गुस्साए वसीम ने मोहल्ले में जाकर रंगबाजी दिखाई|

रोडवेज बस यात्री को लूटा

फर्रुखाबाद: जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ खिलाकर कोतवाली कायमगंज के ग्राम मंगलीपुर निवासी दयाराम लोधी के पुत्र सर्वेश को लूट लिया|

सर्वेश पंजाब से घर जा रहा था| अलीगढ़ डिपो के चालक महेश ने सर्वेश को बेहोशी अवस्था में लोहिया अस्पताल पहुंचाया| अर्ध बेहोशे अवस्था में सर्वेश ने बताया कि मोबाइल आदि नगदी सामान गायब है|

उस्ताद की टिकट के लिए पीस पार्टी में माथा पच्ची

फर्रुखाबाद: जिले के चर्चित पूर्व विधायक उस्ताद विजय सिंह की टिकट फाईनल करने के लिए पीस पार्टी में माथा पच्ची चल रही है| यहाँ संगठन की घोषणा करने आये पीस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एसएच खालिदी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी प्रदेश की ३५० सीटों पर चुनाव लड़ेगी|

श्री खालिदी ने बताया कि यहाँ सदर विधान सभा क्षेत्र से पूर्व विधायक विजय सिंह आदि उम्मीदवारों के नाम पर विचार किया जा रहा है| टिकट आवेदन का कोई शुल्क नहीं है बल्कि आवेदक लोक प्रिय, ईमानदार, अपराध विहीन होना चाहिए|

उन्होंने दावा किया कि पीस पार्टी बड़े राजनैतिक दलों से मुकाबला करने में सक्षम है| प्रदेश में शीघ्र ही १० रैलियाँ होने वाली हैं| उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य मुद्दा विकास व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है| उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री मायावती टिकट देने के नाम पर ही लाखों रुपये बसूलती हैं तो जनप्रतिनिधि से ईमानदारी की उम्मीद करना बेईमानी है|

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ऊपर से ही पनपता है यदि मुख्यमंत्री रिश्वत लेना बंद कर दें तो नीचे वाले भी रिश्वत लेने से घबरायेंगें| उन्होंने बताया कि पीस पार्टी किसी को भी समर्थन नहीं देगी बल्कि विचारों के आधार पर सभी दलों से समझौते के विकल्प खुले हैं| उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अयूव का नाम गिनीज बुक में दर्ज होने की जानकारी देते हुए बताया कि वह प्रतिवर्ष २ करोड़ का आयकर देते हैं|

पीस पार्टी के नेता ने बताया कि यहाँ संजीव दीक्षित को जिला प्रभारी, गौरभ श्रीवास्तव को जिला उपाध्यक्ष, दुर्गेश श्रीवास्तव को महामंत्री, मौलाना महामंत्री तस्लीम को संरक्षक, प्रभात कुमार वर्मा को कायमगंज विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष, मुस्ताक अहमद को भोजपुर विधान सभा का अध्यक्ष तथा मोहम्मद आकिल खान को शमसाबाद नगर का अध्यक्ष बनाया गया|