Home Blog Page 5669

ड्राईवर व हेल्पर की गोली से ह्त्या कर लोडर लूटा

फर्रुखाबाद: भाड़े पर सामान ले जाने के बहाने ड्राईवर रिंकू शाक्य व हेल्पर दुर्गेश शाक्य की हत्या कर लोडर लूट लिया गया|

नाम गुदे होने से जल्द हो गई शिनाख्त

ठंडी सड़क स्थित जय महाकाल ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक संजीव यादव ने थाना मऊदरवाजा के ग्राम अर्रा पहाड़पुर निवासी ड्राईवर रिंकू व हेल्पर दुर्गेश को बीती शाम लोडर नंबर यूपी ७६ के / ०३६३ से सामान पहुंचाने के लिए भेजा| दोनों युवकों के शव थाना नवावगंज के ग्राम करनपुर मार्ग के किनारे गेंहूं के खेत में पड़े देखे गए| युवकों की सिर में गोली मारकर ह्त्या की गई थी| युवकों के शरीर पर उनके नाम गुदे थे|

दुर्गेश ही एकमात्र सहारा था

JNI ने सुबह १० बजे ही इस घटना के मैसेज को प्रमुखता से चलाया| जिससे अविवाहित युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी मिली| रिंकू गाँव के कैलाश चन्द्र शाक्य का २२ वर्षीय पुत्र था तथा दुर्गेश गाँव के नरेश का एकमात्र पुत्र था| दुर्गेश के शव को देखकर उसकी माँ रेवता, बाप व बहने आदि परिजन बुरी तरह बिलखते रहे|

भूँखा ही चला गया था रिंकू

परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है| लोडर को टिंकू घर पर ही रखता था| संजीव ने फोन पर दवाव डालकर रिंकू को भेजा था कि मेरे ख़ास दोस्त की बहन की दहेज़ का सामान कायमगंज पहुंचना है| रिंकू की रात में जाने की इच्छा नहीं थी| जल्दबाजी के कारण वह बिना खाना खाए यह कहकर चला गया कि रात १० बजे तक लौट आऊँगा|

पीएम हाउस पर भरे गए पंचनामे

नवाबगंज थानाध्यक्ष कमरूल हसन खां दोनों शवों को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और वहीं पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम करवाया| इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक सुशील शाक्य, भाजयुमो नेता प्रियांशु दत्त द्विवेदी, बसपा के जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति, बसपा नेता नागेन्द्र शाक्य, संतोष शाक्य आदि मौजूद रहे|

ट्रांसपोर्टर ने ५० रुपये के लालच में कराई फर्जी बुकिंग

फर्रुखाबाद: जय महाकाल ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक एवं थाना मऊदरवाजा के ग्राम बेनी नगला निवासी संजीव ने बताया कि ड्राईवर रिंकू, बिर्रा बाग़ कादरीगेट में रहने वाले शिक्षक रावेन्द्र दुबे का टाटा मैजिक लोडर नंबर यूपी ७६ के / ०३६३ को चलता था| रावेन्द्र नोयडा में शिक्षक हैं|

ठंडी सड़क स्थित लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक गांधी ने ७०० रुपये भाड़ा तय किया था| उन्होंने लोडर व्यक्त कराने के लिए ४० वर्षीय मोटे व्यक्ति को मेरे पास भेजा था| जिसने अपना नाम चंद्रशेखर ग्राम जीजुईया थाना नवावगंज यह बताकर लोडर बुक कराया कि मेरी बहन के दहेज़ का सामान घर से सीपी गेस्ट हॉउस कायमगंज जाना है|

ट्रांसपोर्टर ने बताया कि मैंने सायं ७:३० बजे ट्रांसपोर्ट से लोडर को रवाना कर दिया था| बुकिंग कराने वाले व्यक्ति ने पड़ोस के ही गुप्ता पेट्रोल पम्प से पहले २०० रुपये तथा बाद में ५० रूपये का और पेट्रोल डलया था| टिंकू के ही परिवार के युवक ने ही लोडर में तेल डाला था|

संजीव ने बताया कि मैंने ६५० रुपये भाड़े की बिल्टी बनायी जिसमे मुझे मात्र ३० रुपये कमीशन मिला दलाली के ५० रुपये गांधी ले गया| आज सुबह जब रिंकू का पता नहीं चला तब उसे तलाश किया| पोस्टमार्टम हाउस पहुँचने पर घटना का पता चला| मैंने गांधी के साथ जाकर ग्राम जीजुईया में जांच-पड़ताल की तो पता चला कि वहां चंद्रशेखर नाम का कोई व्यक्ति नहीं है और न ही किसी शादी का सामान कायमगंज गया है| सीपी गेस्ट हाउस से पता चला कि वहां कोई कल शादी का कोई कार्यक्रम नहीं था|

रिगजिन सैम्फेल फर्रुखाबाद के नये DM, ओम प्रकाश सागर SP

फर्रुखाबाद|| उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के चार जिलों के दौरे के बाद विकास कार्यों में लापरवाही तथा शिथिल प्रशासनिक नियंत्रण के कारण बुधवार देर रात कन्नौज और फर्रुखाबाद के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को हटा दिया गया।

आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि बहराइच के जिलाधिकारी रिग्जियान सैम्फिल को फर्रुखाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया जबकि कन्नौज के जिलाधिकारी गोविंद राजू को सैम्फिल के स्थान पर बहराइच भेजा गया है।

नियुक्ति विभाग की विशेष सचिव सारिका मोहन को कन्नौज का जिलाधिकारी बनाया गया है जबकि फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी एस.मिनिस्ती को सुश्री सारिका के स्थान पर भेजा गया है।

प्रवक्ता के अनुसार कन्नौज के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह को हटाते हुए उन्हें तीसवीं वाहिनी पीएसी गोंडा में सेनानायक के पद पर नियुक्ति किया गया है जबकि फर्रुखाबाद, फतेहगढ़ के पुलिस अधीक्षक के.एजिलरशन को हटाते हुए उन्हें दसवीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में सेनानायक के पद भेजा गया है।

मालूम हो कि सुश्री मायावती ने बुधवार को कन्नौज,फर्रुखाबाद, बांदा और चित्रकूट जिलों का दौरा किया था। इस दौरान कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अपराध नियंत्रण में सुधार के लिए अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उनके तबादले के निर्देश दिए गए थे।

PM का फरमान, कामनवेल्थ दोषियों को न छोड़ने का ऐलान

नई दिल्ली।। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि टेलिकॉम और कॉमनवेल्थ गेम्स में कुछ दुर्भाग्यशाली चीजें सामने आई हैं, लेकिन में विश्वास दिलाता हूं कि यदि कोई स्कैम हुआ है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने लोकसभा में कहा कि डेमोक्रैटिक सिस्टम में प्रत्येक फैसले के विभिन्न पक्षों पर बहस की जा सकती है, लेकिन नीयत पर सवाल उठाए जाना संसदीय व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद ज्ञापित करते समय मनमोहन सिंह ने लोकसभा में 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले के संदर्भ में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार द्वारा लागू की गई दूरसंचार स्पेक्ट्रम आवंटन नीति को ही जारी रखा। स्पेक्ट्रम की नीलामी न करने की इस नीति को जारी रखने का फैसला दूरसंचार क्षेत्र के हित में और आम जनता को इसका लाभ पहुंचाने के लिए किया गया था।

भारतीय दूरसंचार प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार क्षेत्र के हित में स्पेक्ट्रम की नीलामी न करने के लिए संबंधित मंत्रालय के विचार का समर्थन किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्राई की सिफारिश के मुताबिक उन्होंने महसूस किया कि इस क्षेत्र कि कंपनियों को समान अवसर दिलाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस क्षेत्र का लाभ पहुंचाने के लिए इस नीति को जारी रखना सही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्पेक्ट्रम के आवंटन की प्रक्रिया में जो गड़बडि़यां हुईं उनके दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सरकार ने इस बात का स्पष्ट संदेश दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सरकार सार्वजनिक जीवन को स्वच्छ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है।

महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच चुकी हैं। पेट्रोलियम पदार्थों से लेकर खाद्य पदार्थों तक सभी जिंसों के दामों में लगातार वृद्धि हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर सरकार का नियंत्रण नहीं है ऐसे में घरेलू बाजार में भी कीमतें बढ़ती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार गेहूं, चावल और मोटे अनाजों जैसी जिंसों की कीमतें नियंत्रित करने में सक्षम है और इनकी कीमतें नियंत्रित हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार की जरूरत है। इसके लिए सरकार खाद्य सुरक्षा विधेयक लाने का प्रयास कर रही है। खाद्य सुरक्षा तंत्र लागू होने पर महंगाई को नियंत्रित किया जा सकेगा।

डीएम व एसपी के स्थानांतरण के विरोध में वकीलों की हड़ताल

फर्रुखाबाद,24 फरवरीः मुख्यमंत्री मायावती के बुधवार को दौरे के बाद रात में ही जिले डीएम व एसपी का तबादला कर दिये जाने के विरोध में गुरुवार को वकीलों ने हडताल कर दी है। बार एसोसियेशन की बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाये कि ईमानदार अधिकारी केवल सूटकेस न पहुचापाने की खता पर हटा दिये गये।

विदित है कि बुधवार को जनपद में मुख्यमंत्री मायावती ने जनपद का दौरा किया था। इस दौरे से लखनऊ वापस लौटते ही जिलाधिकारी मिनिस्ती एस. व पुलिस अधीक्षक एजिलरसन के स्थानांतरण की खबर मीडिया में रात को ही आ गयी थी। इस से गुस्साये अधिवक्ताओं ने गुरुवार को हड़ताल कर दी। बार एसोसियेशन के हाल में बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने इसे मायावती की तानाशाही बताते हुए स्थानांतरण निरस्त किये जाने की मांग रख दी है। वकीलों ने भाषणों के दौरान आरोप लगाया कि दोनों अधिकारियों को केवल सूटकेस न पहुचापाने की सजा मिली है।

छोटे अधिकारियों ने जप लिया डीएम एसपी को

फर्रुखाबाद: मायावती के दौरे ने डीएम एसपी को जप लिया| दोनों को मायावती ने लखनऊ पहुचते ही हटाने का फरमान जारी कर दिया| फर्रुखाबाद में निरीक्षण के दौरान डीएम एसपी से कितनी लाल पीली हुई मायावती ये शब्द तो किसी मीडिया कर्मी को सुनाई नहीं पड़े मगर दूर से दर्शन कर रहे मीडिया कर्मियों ने मायावती के चेहरे के हाव भाव से अंदाजा लगा लिया कि दोनों की डाट पड़ रही है| इतना जरुर समझ में आया कि मायावती को मुलायम सिंह के जमाने में बनी सड़क पर झटके लगे और उसकी भेट चढ़ गयी जिलाधिकारी मिनिस्ती एस|

आंबेडकर गाँव मेदपुर, कांशीराम आवास योजना की कालोनी और अस्पताल में मिली खामिओ की वजह नीचे विकास से सम्बंधित अधिकारिओ की लापरवाही, कामचोरी और घूसखोरी के चलते घटिया निर्माण की गाज भी डीएम के ऊपर गिरी|

मायावती कर्फ्यू जैसी स्थिति से भी संतुष्ट नहीं हुई

फर्रुखाबाद: जिले में मायावती निरीक्षण पर आई थी| पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर इतनी चाक चौबंद व्यवस्था की थी कि दिन भर शहर थम सा गया| नगर में अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही| गरीब आदमी का जमकर नुक्सान हुआ और मायावती इतने से संतुष्ट नहीं हुई| चलते चलते उन्होंने एसपी को नगर में जनता के रोड मार्च पर बिगड़ी कानून व्यवस्था की घुट्टी पिला दी|

शहर में वाहनों की आवाजाही बंद थी| नगर का मुख्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मशहूर लोहाई रोड जिस पर एक दर्जन छोटे बड़े डॉक्टर जनता का इलाज करते है उसे भी बंद कर दिया गया| आवाजाही पर रोक इस कदर थी कि एक मरीज जिसे कानपुर इलाज के जरूर जाना था उसे लोहिया अस्पताल में मायावती की व्यवस्था के चलते ९ घंटे अस्पताल में ही कैद कर दिया गया| पूरे दिन लोग पैदल मार्च करते नजर आये| मगर प्रदेश की मुखिया मुख्यमंत्री मायावती इतने से भी संतुष्ट नजर नहीं आई| फर्रुखाबाद के सूचना कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार मायावती ने एस पी से कहा कि मेरे भ्रमण कार्यक्रम के बाद भी इतनी आवाजाही थी जिससे लगता है कि जिले में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है|


शहर में गंदगी और सड़कों की दुर्दशा देखकर सीएम नाराज

फर्रंखाबाद, 23 फरवरीः मुख्यमंत्री मायावती ने बुधवार को दौरा ठीक ठाक निबट जाने के बावजूद चलते समय सड़कों की दुर्दशा और शहर में गंदगी पर अपनी नाराजगी डीएम से जता ही दी।

मुख्यमंत्री मायावती का बुधवार का दौरा यूं ता ठीक ठाक निबट ही गया। अस्पताल में सूचना पट के एक मेज के सहारे टिके होने के अतिरिक्त मलिन बस्ती में जल निकासी और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पर भी उन्होने अप्रसन्नता प्रकट की। इससे से भी ज्यादा नाराजगी मुख्यमंत्री ने शहर में गंदगी और कलक्ट्रेट से पुलिस लाईन तक के मार्ग की दुर्दशा पर जताई। इस नाराजगी का इजहार उन्होंने हेलीपैड पर रवानगी से पूर्व किया।

कहां से आये मेदपुर के स्कूल में यह चमचमाते बरतन

फर्रुखाबाद, 23 फरवरीः कायमगंज के ग्रमा मेंदपुर के प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मुख्यमंत्री मायावती के दौरे के लिये स्कूल के छात्रों को जिन चमचमाते बरतनों में खाना (मध्याह्न भोजन) परोस गया वह दरअसल आये कहां से यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।

परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। अधिकांश विद्यालयों में तो खाना बनता ही नहीं है। जहां बनता भी है वहां न तो मीनू का लिहाज रखा जाता है और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता है। बच्चों को खाने के लिये अपने घरों से बर्तन लाने पड़ते हैं।  परंतु मुख्य मंत्री के दौरे के लिये बुधवार को प्राथमिक विद्यालय में नयी चमचमाती थालियां, गिलास, कटोरियां और हद तो यह है कि चम्मच तक मौजूद थे। सवाल यह उठता है कि आखिर यह बर्तन आये कहां से। ग्राम प्रधान रामसेवक से पूछने पर उन्होंने अनभिज्ञता प्रकट करते हुए बताया कि उनको तो जानकारी तक नहीं है कि यह बर्तन आये कहां से। जाहिर है कि ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर के बिना खाते से पैसा निकल नहीं सकता। सायं काल स्कूल के निरीक्षण से खुश मुख्यमंत्री मायावती ने ग्रम मेदपुर के विद्यालयों में गुरुवार को अवकाश रखने के आदेश दिये।

हैलीपैड छोटा देख आईजी ने ली अधिकारियों की क्लास

फर्रंखाबाद, 23 फरवरीः मुख्यमंत्री मायावती के दौरे से पूर्व निरीक्षण के दौरान हैलीपैड की लंबाई चौड़ाई कम देखकर आईजी पुलिस चंद्र प्रकाश ने लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राशिद हुसैन की जमकर क्लास लगाई।   अंबेडकर ग्राम मेंदपुर में मुख्यमंत्री के दौरे के लिये निकट ही कुंवरपुर गांव में बने हैलीपैड का निरीक्षण करने पहुंचे आईजी पुलिस चंद्र प्रकाश हैलीपैड का साईज देखकर आग बबूला हो गये। उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राशिद हुसैन को बुलाकर मुख्यमंत्री कार्यालय से आये मानक के बारे में पूछते हुए हैलीपैड को बड़ा 20X20 मीटर का करने के निर्देश दिये। आईजी की फटकार सुनकर अधिकारियों के हाथपांव फूल गये। आनन फानन में हैलीपैड को चारों ओर से बढ़ाकर ठीक किया गया। आयुक्त कानपुर मंडल पीके मोहन्ती ने हैलीपैड के पास बने सेफ हाउस का निरीक्षण किया।