Home Blog Page 134

मोबाइल हैक कर सायबर अपराधियों ने उड़ाए 2.86 लाख रुपये

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सायबर अपराधियों की हिम्मत इस कदर बढ़ गई है कि अब वे लोगों के मोबाइल हैक कर बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गढ़िया दिलाबल निवासी विमलेश कुमार के साथ सामने आया है।
पीड़ित विमलेश कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर 2025 की रात्रि करीब 11 बजे उनके मोबाइल नंबर 9621508735 पर दो से तीन ओटीपी आए। इसके कुछ देर बाद एक रुपए की निकासी की गई। जब रक्षा कुछ समझ पाता तब तक दो लाख और 86000 रुपए के ट्रांजेक्शन हो गए। रात 11:02 बजे बैंक ऑफ इंडिया शाखा अजमतपुर स्थित उनके खाते संख्या 762610510000328 से 2 लाख 86 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज पढ़ते ही उनके होश उड़ गए। उन्हें अंदेशा हुआ कि किसी अज्ञात सायबर अपराधी ने उनका मोबाइल हैक कर खाते से रुपये निकाल लिए हैं।विमलेश कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसी रात करीब 11:41 बजे हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अगले दिन सुबह उन्होंने थाना मऊदरवाजा तथा सायबर सेल थाना कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचकर लिखित प्रार्थनापत्र दिया। पीड़ित का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ को प्रार्थनापत्र देकर मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर सायबर ठगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ठग अन्य लोगों को भी निशाना बना सकते हैं। सायबर सेल प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में लिया गया है, जांच की जा रही है|

केएम हाउस व केएम इंडिया को अपील के चलते फिलहाल ध्वस्तीकरण से मिली संजीवनी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की ठंडी सड़क स्थित के एम हाउस और के एम इंडिया शोरूम पर प्रशासन की कार्रवाई फिलहाल रुक गई है। दोनों भवनों पर तालाब की जमीन पर निर्माण करने का आरोप लगाया गया था। इसी आरोप के चलते प्रशासन ने भवन स्वामियों को एक माह के भीतर खुद ही ढहाने (अवैध निर्माण तोड़ने) का निर्देश दिया था। तय समय सीमा मंगलवार को समाप्त हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने दोनों भवनों को सील करने की तैयारी पूरी कर ली थी।
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल के नेतृत्व में टीम द्वारा मंगलवार को सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित थी। इससे पहले भवन मालिकों ने जिलाधिकारी कोर्ट में पुराने आदेश को चुनौती देते हुए अपील दायर कर दी। अपील दर्ज होने के बाद जिलाधिकारी कोर्ट ने मामले की सुनवाई तक कार्रवाई रोकने के निर्देश दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट बंसल ने बताया कि जिलाधिकारी की कोर्ट में अपील की सुनवाई आगामी तिथि पर होगी। सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जो भी आदेश पारित किया जाएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं की जाएगी।गर क्षेत्र में कई ऐसे भवन हैं जो तालाब या सरकारी भूमि पर बने होने के संदेह में जांच के दायरे में हैं। प्रशासन ने पिछले महीने की समीक्षा बैठक में ऐसे निर्माणों की सूची तैयार कर कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इस कड़ी में ठंडी सड़क स्थित कि हाउस और कम इंडिया शोरूम का मामला प्रमुख रूप से सामने आया था।फिलहाल जिलाधिकारी कोर्ट में सुनवाई के बाद ही तय होगा कि भवनों को ध्वस्त किया जाएगा या मालिकों को राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर इस प्रकरण को लेकर चर्चा जोरों पर है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। भवन मालिक पंकज अरोड़ा नें जेएनआई को बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक नही है| वह बेडरेस्ट पर हैं| उन्हें पूरी जानकारी नही है| पूरा मामला उनके बेटे देख रहें हैं|

शाहरुख खान की फिल्म ‘जीरो’ में काम कर चुके आशीष चौहान

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)कन्नौज जनपद के छिबरामऊ के जासमई निवासी फिल्म अभिनेता आशीष चौहान मंगलवार को अपने मित्र राजीव सक्सेना के बढ़पुर स्थित आवास पर पहुंचे। आशीष ने 2017 में शाहरुख खान की फिल्म ‘जीरो’ में सहायक अभिनेता के रूप में काम किया था। इसके अलावा वे सलमान खान के साथ तथा कई टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय कर चुके हैं। आशीष चौहान ने बताया कि उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत गाँव की रामलीला मंच से की थी और संघर्ष के बल पर माया नगरी मुंबई में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अभिनय को मर्यादा और जिम्मेदारी के साथ करने की आवश्यकता है।

सड़क सुरक्षा जागरूकता की विद्यार्थियों को दिलायी शपथ

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मंगलवार को मोहम्मदाबाद स्थित एक पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 तक जनपद में 397 सड़क हादसों में 246 की मौत व 324 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाना जानलेवा साबित होता है। साथ ही मोबाइल फोन का प्रयोग वाहन चलाते समय न करें। एआरटीओ ने बताया कि अवयस्क द्वारा वाहन चलाने पर संरक्षक या वाहन स्वामी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199(क) के तहत 3 वर्ष की जेल और 25 हजार रुपये जुर्माना हो सकता है। कार्यक्रम में 1758 विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा शपथ ली और वाहनों की फिटनेस जांच में सहयोग का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य सुबोध पांडेय ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा, ब्लॉक गाइड कैप्टन वीना गौतम, गीता चौहान, अनुराग चतुर्वेदी, विपिन कुमार सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।

तनाव में आकर महिला ने लगायी गंगा में छलांग

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) तनाव में आकर एक महिला ने गंगा में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गोताखोरों की सूझबूझ सेमहिला को बचा लिया गया। फिलहाल महिला का इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
औरैया जनपद के बिधूना स्थित ट्रांसफार्मर वाली गली निवासी राकेश चंद्र गुप्ता की पत्नी राममोहिनी बीते शुक्रवार को अपनी बेटी साधना, जो कन्नौज जिले के सिकंदरपुर कस्बे में रहती है, के पास आई थीं। मंगलवार सुबह वह अचानक घर से निकलीं और पांचाल घाट पहुंच गईं। वहां पहुंचते ही उन्होंने गंगा नदी में छलांग लगा दी।मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने यह दृश्य देखा तो शोर मचाया। इस बीच घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत नदी में कूदकर महिला को बाहर निकाल लिया। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उपचार के बाद पुलिस ने महिला को शहर के मोहल्ला गणेश प्रसाद निवासी अमित कुमार गुप्ता के सुपुर्द किया है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में महिला का इलाज जारी है।

पेड़ पर फांसी लगाकर युवक ने दी जान

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुसमापुर में सोमवार को एक युवक ने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की| जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमापुर में मुकेश उर्फ विक्की (35) पुत्र राजाराम, निवासी नवादा इंदरपुर, चौकी बरेली मोड़, थाना कोतवाली शाहजहांपुर ने रामपाल जाटव के खेत में आम के पेड़ पर अंगोछे से फांसी लगा ली। घटना की सूचना प्रधान पति संजय सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी ग्राम नगरिया जवाहर ने थाना राजेपुर पहुंचकर दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। उपनिरीक्षक सत्यदेव ओझा ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया कि मृतक बीते तीन वर्षों से ग्राम कुसमापुर निवासी सरोजनी के साथ रह रहा था। सरोजनी के पति रमेश की मौत सात वर्ष पूर्व हो चुकी थी और उसके चार बच्चे हैं। मुकेश और सरोजनी का एक पुत्र भी है। सरोजनी की 18 वर्षीय पुत्री का विवाह था, जिसने मुकेश को नहीं बुलाया गया, मृतक के परिजनों नें हत्या क़ा आरोप लगाया, पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

लापरवाह वार्डन समेत तीन को नोटिस,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद:(जेेएनआई ब्यूरो) छात्रा के स्कूल से गायब हो जाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लापरवाह वार्डन समेत तीन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है
राजेपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सोमवार तड़के कक्षा 6 में अध्ययनरत 12 वर्षीय छात्रा सोना पुत्री विजय शंकर निवासी कादरी गेट सुबह करीब 4:50 बजे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। यह घटना विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।जब वार्डन ममता रानी ने सुबह सभी छात्राओं को जगाया तो सोना अपने बिस्तर पर नहीं मिली। तत्काल विद्यालय परिसर में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वार्डन ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। करीब सुबह 8 बजे छात्रा अपने घर पहुंच गई, जिसके बाद परिजनों ने विद्यालय प्रशासन को सूचित किया कि बच्ची सुरक्षित घर आ गई है। वार्डन ममता रानी ने पुष्टि की कि छात्रा सकुशल लौट आई है। इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। विद्यालय के मुख्य द्वार पर गार्ड की मौजूदगी के बावजूद छात्रा का बिना किसी की नजर में आए बाहर निकल जाना सुरक्षा प्रबंधन की पोल खोलता है। बीएसए अनुपम अवस्थी ने बताया कि इस मामले में वार्डन ममता रानी, चौकीदार दिनेश मिश्रा और रात्रि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी विनीत कुमार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कमालगंज स्थित कस्तूरबा विद्यालय से दो बार छात्राएं दीवार फांदकर स्कूल से निकल चुकी हैं। उस समय भी अधिकारियों ने मामला अदब दिया था। वहीं शमशाबाद के कस्तूरबा विद्यालय में भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हर बार प्रकरण को रफा-दफा कर दिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

हवा टैंक फटने से युवक गंभीर रूप से घायल

फर्रुखाबाद:(नगरसंवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के मसेनी चौराहे पर सोमवार दोपहर एक हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार मसेनी निवासी योगेंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र की मसेनी चौराहे से लोको रोड की तरफ टायर पंचर की दुकान है। उसकी दुकान पर खानपुर निवासी 27 वर्षीय शिवम पुत्र वीरेंद्र शाक्य काम करता था। सोमवार दोपहर शिवम हवा के टैंक में हवा भर रहा था, तभी टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

धर्मेंद्र की मौत की झूठी खबर पर फूटा हेमा मालिनी का गुस्सा

0

डेस्क:अपने समय के धुरन्दर एक्टर धर्मेन्द्र को लेकर इस वक्त चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है अभी कुछ देर पहले ही धर्मेन्द्र के निधन की झूठी खबर आग की तरह फैली। जिसका खंडन पहले धर्मेंद्र की बेटी एक्ट्रेस एशा देओल ने किया और अब इस मामले को लेकर सांसद-अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी नाराजगी जताई है।बीते सोमवार से अभिनेता धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है जिसको लेकर सुपरस्टार सनी देओल ने ही अपडेट दिया है। 11 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र की मौत की झूठी खबर तेजी से फैली, जिसको तुरंत ही एशा देओल ने फेक बताकर खारिज किया और हेमा मालिनी ने भी इस मामले पर आपत्ति जताई है। हेमा ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर एक लेटेस्ट ट्वीट कर जिसमे लिखा”ये जो भी हो रहा है वह अक्षम्य है। जिम्मेदार चैनल ऐसे शख्स के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं, जिसका इलाज की प्रक्रिया ठीक रही है और उसमें असर भी नजर आ रहा है। ये सच में बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। प्लीज आप सबसे निवेदन है कि हमारे परिवार और निजता का पूरी तरह से सम्मान करें”|

दिल्ली ब्लास्ट मामले में गृह मंत्री अमित शाह ने बुलाई उच्च-स्तरीय बैठक

0

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक I-20 कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ जिसमे नौ लोगों की मौत हो गई है और करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। घटना पर एजेंसियां गहनता से जांच कर रही हैं। वहीं गृह मंत्रालय आज इस घटना को लेकर हाई लेवल मीटिंग बुलाई है|जिसमे सुबह 11 बजे सभी उच्च अधिकारियों को बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, आईबी निदेशक, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, एनआईए के डीजी समेत कई बड़े अधिकारी शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं, जम्मू कश्मीर के डीजीपी वर्चुअली इस बैठक में हिस्सा लेंगे।