Home Blog Page 131

रोटावेटर में फंसने से युवक की मौत

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में शुक्रवार को खेत पर काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। 18 वर्षीय युवक अर्पित की ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर है। मृतक की पहचान अंबरपुर निवासी फूल सिंह के पुत्र अर्पित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्पित अपने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित खेत में ट्रैक्टर रोटावेटर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान रोटावेटर का पिन अचानक निकल गया। पिन को ठीक करने के प्रयास में अर्पित रोटावेटर के काफी नजदीक पहुंच गया और मशीन चलते-चलते वह उसमें फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि अर्पित की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत 108 एंबुलेंस से जिला लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्पित मजदूरी करने वाले फूल सिंह का बड़ा बेटा था। उसके परिवार में मां सुनीता और छोटा भाई अंशु हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत पर बीजेपी नें मनाया जश्न

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम घोषित होते ही एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शुक्रवार को फतेहगढ़ स्थित कादरी गेट फव्वारे के पास एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी व्यक्त की। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा-यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और सुशासन का परिणाम’ मीडिया से बात करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि बिहार में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत से जीत हासिल की है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, केंद्र सरकार के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन की जीत है।उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर जंगलराज और भ्रष्टाचार को खारिज कर दिया है। भाजपा की नीति स्पष्ट है- सुशासन, विकास और गरीब कल्याण। यही कारण है कि पार्टी को लगातार जनता का आशीर्वाद मिलता रहा है आगामी 2026 के पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी। संगठन ने अभी से इन चुनावों की रणनीति और तैयारी शुरू कर दी है।विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष हर चुनाव में ईवीएम पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करता है, जबकि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवाओं, महिलाओं, दलितों और आदिवासी समुदायों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, सतपाल सिंह, दिनेश कटिहार, जिला महामंत्री डीएस राठौर, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटियार, संदीप शाक्य, फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक, श्वेता दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, शेर सिंह शाक्य, प्रभात अवस्थी, संजय सिंह, रमिला राठौर, अमन कटियार, लव कनौजिया, विश्राम सिंह यादव, प्रमोद मिश्रा, छोटू दुबे, कुलदीप पाल, अमित शुक्ला, डॉ. उदय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सी.पी. इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस का उत्सव

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)सी.पी. इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस पर बाल मेला, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और खेल कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित हुए। मेले में बच्चों ने सीमित धनराशि में खरीदारी कर आर्थिक समझ और निर्णय क्षमता का परिचय दिया। प्राइमरी विंग की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। बच्चों ने विभिन्न पात्रों का प्रभावी अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। इंटर-हाउस वॉलीबॉल मैच में खिलाड़ियों का उत्साह प्रधानाचार्य संजय बिष्ट व उपनिदेशिका अंजू राजे ने बढ़ाया।निदेशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, एम.डी. ज्योत्सना अग्रवाल और उपनिदेशिका अंजू राजे ने बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और टीमवर्क की सराहना की। कार्यक्रम में प्रार्थना, एंकरिंग, समाचार वाचन और समूहगीत के माध्यम से बाल दिवस का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।मीडिया प्रभारी, श्रवण कुमार मिश्र भी रहे |




एस.बी. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस मेला धूमधाम से आयोजित

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)याकूतगंज स्थित एस.बी. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस मेले का भव्य आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन विवेक सिंह यादव ने सरस्वती माता एवं चाचा नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत चिकन डांस ने सभी का मन मोह लिया। स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी में बच्चों ने वर्किंग और नॉन-वर्किंग मॉडल पेश किए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की व्याख्या स्वयं करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों ने खूब सराहा। विद्यालय प्रांगण में रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो हाउस द्वारा आकर्षक दुकानों की सजावट की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी कर व्यंजनों का आनंद लिया। प्रतियोगिता में रेड हाउस प्रथम, ब्लू हाउस द्वितीय और ग्रीन हाउस तृतीय स्थान पर रहा, जबकि येलो हाउस ने भी उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज की। बाल दिवस के विशेष अवसर पर प्रसिद्ध जादूगर गोगा ने रोमांचक मैजिक शो प्रस्तुत किया। उन्होंने मनोरंजन के साथ जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और मेहनत से पढ़ाई करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी दिए| अपने संबोधन में विद्यालय चेयरमैन श्री विवेक सिंह यादव ने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। ऐसे रचनात्मक व प्रेरक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की दिशा देते हैं।”



एसपी कार्यालय का उपनिरीक्षक लिपिक सिपाही से रिश्वत लेते गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के एक और मामले का पर्दाफाश करते हुए एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय से एक वरिष्ठ लिपिक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मियों ने शिकायत दी थी कि वरिष्ठ लिपिक हरेंद्र सिंह वेतन से संबंधित कार्यों को निस्तारित करने के बदले घूस की मांग कर रहे थे। उसने सिपाही आदित्य सिंह से टीए-डीए पास करने को 15 हजार की मांग की थी, जिसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की गयी थी, शिकायत के सत्यापन के बाद लखनऊ से एंटी करप्शन टीम फर्रुखाबाद पहुंची और पुलिस मुख्यालय में जाल बिछाया गया। टीम ने तय की गई राशि लेते ही वरिष्ठ लिपिक हरेंद्र सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम उसे लेकर उप्र लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस पहुंची, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की संभावना है।




विधायक के आवास के बाहर का अतिक्रमण ना तोड़ने पर हंगामा, धरना प्रदर्शन

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) आवास विकास परिषद के अधिकारियों के द्वारा आवास विकास में चलाये गये अतिक्रमण अभियान के दौरान सड़क किनारे रोजगार कर रहे छोटे दुकानदारों पर जेसीबी का कहर बरपा लेकिन बीजेपी विधायक के घर के सामने किया गया अतिक्रमण ना हटानें पर लोग भड़क गये और विधायक के घर के निकट सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया| अधिकारियों ने कहा कि आगामी तीन दिन में अतिक्रमण हटवा दिया जायेगा, जिसके बाद भीड़ शांत हुई|
दरअसल समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय के पड़ोस में बीजेपी के अमृतपुर विधान सभा विधायक सुशील शाक्य का आवास है| लोगों नें आरोप लगाया कि आवास के बाहर नाले पर ही निर्माण कार्य कर अतिक्रमण किया गया है, केबल गरीबों पर ही अतिक्रमण की कार्यवाही की गयी है, आक्रोशित लोगों नें नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल के सामने ही हंगामा और जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाये, लोगों नें आरोप लगाया की कई सफेद पोश लोगों के भवन अतिक्रमण में बने हैं, जिन पर कार्यवाही नही होती है, हर बार केबल गरीबो को ही परेशान किया जाता है| आक्रोशित लोगों नें जेसीबी को सड़क पर रोंककर धरना प्रदर्शन कर आवास विकास परिषद व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की| नगर मजिस्ट्रेट नें बताया कि विधायक से बात हुई थी, वह तीन दिन के लिए बाहर हैं, उनके आनें पर अतिक्रमण हटाया जायेगा| जिसके बाद लोग शांत हुए|

आवास-विकास में चला अतिक्रमण पर पीला पंजा, पालिका व आवास-विकास परिषद में खीच-तान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के आवास व विकास कालोनी में अतिक्रमण का पीला पंजा चला, सड़क पर अतिक्रमण किये दुकानदारों का अतिक्रमण हटाया गया| जिससे हड़कंप मच गया| जेसीबी नें दुकानों व मकानों के सामने किये गये अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया| लेकिन अभियान के दौरान आवास-विकास परिषद के अधिकारियों व पालिका के अधिकारियों में नोकझोंक हो गयी|
दरअसल आवास विकास लोहिया तिराहे से अतिक्रमण अभियान शुरू किया गया| भारी पुलिस बल के साथ शुरू हुआ अभियान सड़क के दोनों तरफ चला| लोहिया अस्पताल के सामने से होकर वन विभाग व डायमंड पैलेस के सामने से होकर पुन: लोहिया तिराहा पर पंहुची| जिसके जेसीबी नें प्रतिष्ठानों के आगे रखे खोखे, बोर्ड, टीन सेड आदि ध्वस्त किये गये|
आवास-विकास अधिकारियों व पालिका कर निर्धारण अधिकारी में नोकझोंक
अतिक्रमण अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद के कर निर्धारण अधिकारी राज नारायण कमल ने आपत्ति की राज नारायण नें कहा जो बोर्ड पालिका के तोड़े जा रहे है वह सरकारी है और उनका कर भी जमा होता है, लेकिन आवास विकास परिषद के अधिशाषी अधिकारी आवास विकास मिश्री लाल यह माननें को तैयार नही हुए कर, निर्धारण अधिकारी राजनारायण कमल को धक्का देकर आगे जानें को कहा, जिस पर कर निर्धारण अधिकारी भडक गये और उन्होंने सहयोग करनें को मना कर दिया| कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि आवास विकास नें उनके काफी प्रचार बोर्ड तोड़ दिये| जिससे लगभग लाखों का नुकसान हुआ है| उन्होंने आवास विकास को नोटिस देनें की बात की है|

मदन मोहन चतुर्वेदी बने कायमगंज प्रभारी निरीक्षक,चार निरीक्षक व चार उपनिरीक्षक इधर से उधर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बीती रात कई निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए नई तैनातियां कर दीं। एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मदन मोहन चतुर्वेदी को कोतवाली कायमगंज का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक मुन्ना लाल को प्रभारी जन सूचना सेल से हटाकर कोतवाली मोहम्मदाबाद भेजा गया है। इसके अलावा निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा से हटाकर प्रभारी जन सूचना सेल, तथा निरीक्षक मंजेश कुमार सिंह को प्रभारी मीडिया सेल से हटाकर प्रभारी न्यायालय सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेरबदल में पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अनुज कुमार को कोतवाली मोहम्मदाबाद, जबकि दरोगा नागेंद्र कुमार सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर सराह चौकी (फतेहगढ़) का प्रभारी बनाया गया है। इसी क्रम में महिला दरोगा शकीला बानो को पुलिस लाइन से महिला थाना तथा दरोगा राकेश कुमार तिवारी को भी पुलिस लाइन से महिला थाना भेजा गया है।एसपी द्वारा किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक सक्रियता का कदम माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस व्यवस्था में सुधार और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




खबर का असर: आखिर जागे जिम्मेदार, जिला जेल क्रॉसिंग के पास भरे गए खतरनाक गड्ढे

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) आपके प्रिय जेएनआई ब्यूरो पर प्रकाशित खबर का बड़ा असर सामने आया है। आखिरकार जिम्मेदार विभागों की नींद खुली और फतेहगढ़ जिला जेल क्रॉसिंग के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भर दिया गया है। इस शीर्षक से ‘फतेहगढ़ जिला जेल क्रॉसिंग पर गहरे गढ्ढों में हिचकोले ले रहे वाहन’ हादसे के इंतजार में रेलवे! खबर प्रकाशित हुई थी|
दरअसल, जिला जेल क्रॉसिंग के समीप लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए थे। इन गड्ढों से होकर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते थे, जिससे राहगीरों और दोपहिया चालकों के लिए खतरा बना रहता था। कई लोग इन गड्ढों में फिसलकर चोटिल भी हो चुके थे। गड्ढों की मरम्मत को लेकर पीडब्ल्यूडी और रेलवे विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर टालमटोल जारी थी। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे, जिससे समस्या बनी रही। जेएनआई न्यूज के द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिला जेल क्रॉसिंग के दोनों ओर सड़क के गड्ढों को भरवा दिया गया। अब सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते इस मुद्दे को उठाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।




कांग्रेस की बूथ स्थानांतरण को लेकर एसडीएम से मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सदर तहसील क्षेत्र के बूथ संख्या 235 (चीनीग्राम) व 236 (बाग रुस्तम) के मतदान केन्द्रों को प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम से हटाकर रकाबगंज स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में बनाए जाने को लेकर कांग्रेस नें आपत्ति लगाते हुए एसडीएम को संबोधित शिकायत उनके कार्यालय में सौंपी|
कांग्रेस विधि विभाग के जिला चेयरमैन एडवोकेट वरुण त्रिपाठी ने इस निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए उपजिलाधिकारी फतेहगढ़ को सम्बोधित पत्र उनके कार्यालय में सौंपा है| पत्र में उन्होंने दोनों बूथों को पुनः उनके पूर्व स्थान प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम में स्थापित किए जाने की मांग की है। वरुण त्रिपाठी ने कहा कि वर्षों से बूथ 235 व 236 का मतदान प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम में ही संपन्न होता आया है, जो दोनों गांवों के मतदाताओं के लिए सुलभ और सुविधाजनक है। उन्होंने बताया कि अब बूथ को रकाबगंज स्थानांतरित करने से बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनसुविधा और लोकतांत्रिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए दोनों बूथों को पुनः यथास्थान स्थापित करने का निर्णय लेना चाहिए।