फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम कनकापुर की भूमि पर पेट्रोल पंप के लाइसेंस में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में थाना राजेपुर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना कनकापुर के ग्राम खण्डौली निवासी अनिल कुमार सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि बीजेपी के जिला महामंत्री अवनीश शाक्य निवासी आवास विकास और अशोक कुमार ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन से पेट्रोल पंप का लाइसेंस लेने के लिए उनका कूटरचित शपथपत्र और फर्जी अनापत्ति प्रमाणपत्र तैयार कर कंपनी में जमा कर दिया। पीड़ित अनिल कुमार का कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार की अनुमति या शपथपत्र जारी नहीं किया था, लेकिन कागज़ों में उन्हें गलत तरीके से “ससुर” दर्शाकर दस्तावेज तैयार किए गए। कंपनी द्वारा जारी पत्र में भी इस फर्जी शपथपत्र का उल्लेख सामने आया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजेपुर पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की सत्यता और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ड्यूटी के दौरान सोते मिले चौकी प्रभारी निलंबित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी के दौरान चौकी में सोने के आरोप में पखना चौकी प्रभारी प्रताप सिंह लोधी को निलंबित कर दिया है। चौकी प्रभारी के खिलाफ मिली शिकायतों और सर्राफा दुकान में हुए बड़े चोरी कांड के बाद यह कठोर कदम उठाया गया। उनके स्थान पर फिलहाल किसी की तैनाती नहीं की गई है।
कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बताया कि प्रताप सिंह की थाने से पुलिस लाइन के लिए रवानगी करा दी गई है। उधर, पुलिस अब भी चोरी की वारदात का सुराग नहीं लगा पाई है। अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। बीते दिनों पखना पुलिस चौकी के ठीक निकट स्थित सर्राफा दुकान में लाखों के जेवरात और नकदी चोरी हो जाने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ गए हैं। घटना के वक्त पड़ोस में मौजूद चौकी पर पुलिसकर्मी सोते रह गए, जबकि कुछ ही दूरी पर चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच जारी है|
नवागंतुक बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कार्यभार संभाला, लापरवाही पर सख्ती के संकेत
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शनिवार देर शाम नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जिले का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण कर लिया। वह शाम के समय कार्यालय पहुंचे, जहां प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने उन्हें विधिवत चार्ज सौंपा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीएसए ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों की प्राथमिक जानकारी ली।नवागंतुक बीएसए ने पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए स्पष्ट संकेत दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, अध्यापकों की समयपालन व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन योजना की पारदर्शिता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।बीएसए ने बताया कि वह समय-समय पर विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुपस्थित रहने वाले, मनमानी करने वाले या कार्य में रुचि न दिखाने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों व विद्यालयों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि वह शिक्षकों के सहयोग से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देंगे। उन्होंने कर्मचारियों से पारदर्शिता, समयबद्धता और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की। ।
हाई-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद एटा के नया गांव थाना क्षेत्र के खरसुलिया निवासी कमल राठौर (38) पुत्र सुरेन्द्र राठौर की शनिवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कमल राठौर फतेहगढ़ से अपने पैतृक गांव बाइक से लौट रहे थे।
थाना कादरी गेट के इटावा-बरेली हाईवे पर नाला बघार के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कमल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस उन्हें गंभीर अवस्था में सरलोहिया अस्पताल लेकर पहुँची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आईटीआई चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश के लिए जांच जारी है।
38 बीज दुकानों पर छापेमारी, 21 नमूने लिए, 2 लाइसेंस निलंबित, 3 को कारण बताओ नोटिस
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले की सभी तहसीलों में बीज विक्रेताओं की गहन जांच के लिए संयुक्त टीमें गठित कर 38 बीज दुकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराना है। जिला कृषि अधिकारी बीके.सिंह ने बताया कि सदर में उप कृषि निदेशक एवं अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी, कायमगंज में जिला कृषि अधिकारी व सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता, तथा अमृतपुर में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी व अपर जिला कृषि अधिकारी द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न दुकानों से 21 बीज नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु गोपनीय रूप से जनपद के बाहर की प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। रिपोर्ट अधोमानक मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे तथा विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी के दौरान दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विवरण इस प्रकार है—तिवारी बीज भंडार, कायमगंज समुचित अभिलेख न दिखाने पर लाइसेंस निलंबित,प्रेम चन्द्र एंड सन्स, कम्पिल रोड कायमगंज- समुचित अभिलेख न दिखाने पर लाइसेंस निलंबित,हैप्पी खाद एवं बीज भंडार, वाहिदपुर- निरीक्षण के समय दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस, शांति बीज भंडार, बधार दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस, माला बीज भंडार, अलीगंज रोड कायमगंज दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस दिया गया| जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने कहा कि किसानों के हित में छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। सभी प्रतिष्ठानों पर स्टॉक व बिक्री रजिस्टर का संधारण अनिवार्य है, जिसे कार्यालय द्वारा प्रमाणित किया जाता है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 56 शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं। शिकायतों में राजस्व विभाग की 33, पुलिस विभाग की 6, विकास विभाग की 1, विद्युत विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 14 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता को राहत मिलनी चाहिए और विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मारपीट व जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घोड़ा नखास निवासी मजदूर राजेश पुत्र राधाकृष्ण के साथ हुई मारपीट व जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित राजेश ने तहरीर देते हुए बताया कि उसकी पुत्री से छेड़छाड़ के मामले में न्यायालय में एक मुकदमा विचाराधीन है। उसी रंजिश को लेकर 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे चचल पुत्र गज्जू तथा उसके दो साथियों ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूसों व डण्डों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपित चचल ने उसके सिर पर डण्डा मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। हमलावरों ने धमकी दी कि मुकदमा वापस नहीं लिया तो अगली बार जान से मार देंगे। पीड़ित जब शिकायत लेकर थाना कोतवाली पहुँचा तो उसकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने चचल व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विश्वनाथ प्रताप सिंह फर्रुखाबाद के होंगे नए बीएसए
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुपम अवस्थी का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, हाथरस के वरिष्ठ प्रवक्ता विश्वनाथ प्रताप सिंह को फर्रुखाबाद का नया बीएसए नियुक्त किया गया है। नए बीएसए के रूप में विश्वनाथ प्रताप सिंह के आने से जिले की शिक्षा व्यवस्था में नए सुधार और कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, अनुपम अवस्थी अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णयों और शैक्षिक व्यवस्थाओं को करने के लिए जाने जाते रहे हैं। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब जिले के शिक्षकों, विद्यालयों और विभागीय कार्यों पर नए बीएसए की नीतियों व दिशा का प्रभाव देखने को मिलेगा।
गंगा के किनारे तटबंध बनवाने को बैठक में बनी रणनीति
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) जमापुर चौराहे पर तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की पहली बैठक भारी जनसमर्थन के साथ संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए और गंगा नदी के दोनों तटों पर तटबंध निर्माण को लेकर हर संभव सहयोग एवं संघर्ष का संकल्प लिया।बैठक में पहुंचे ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि हर वर्ष बाढ़ की तबाही से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है, खेती-बाड़ी नष्ट होती है और लोग बेघर होने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में तटबंध का निर्माण अब समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि बाढ़ से हर वर्ष हजारों गांव प्रभावित होते हैं, लाखों की आबादी बेघर होती है और हजारों एकड़ जमीन व फसलें गंगा में समा जाती हैं। उन्होंने कहा कि इसके समाधान के लिए गंगा के दोनों तटों पर जनपद की सीमा से अंतिम बिंदु तक तटबंध का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।करणी सेना के जिलाध्यक्ष मंथन सिंह, रामकथा वाचक आचार्य अम्बरीष महाराज, राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडेय, पिंटू सोमवंशी, डॉ. पंकज राठौर, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विष्णु मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्याम सुंदर अग्निहोत्री उर्फ भैया पंडित,बदनपुर प्रधान रामवीर बाथम ,ओपेंद्र सिंह यादव ने विचार रखे | लाल सिंह कुशवाहा, निशु दुबे, महिपाल राजपूत, शिवेंद्र वाजपेयी, राजीव वर्मा, गोपाल सिंह, मोहित खन्ना आदि रहे |
रोटावेटर में फंसने से युवक की मौत
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में शुक्रवार को खेत पर काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। 18 वर्षीय युवक अर्पित की ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर है। मृतक की पहचान अंबरपुर निवासी फूल सिंह के पुत्र अर्पित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्पित अपने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित खेत में ट्रैक्टर रोटावेटर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान रोटावेटर का पिन अचानक निकल गया। पिन को ठीक करने के प्रयास में अर्पित रोटावेटर के काफी नजदीक पहुंच गया और मशीन चलते-चलते वह उसमें फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि अर्पित की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत 108 एंबुलेंस से जिला लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्पित मजदूरी करने वाले फूल सिंह का बड़ा बेटा था। उसके परिवार में मां सुनीता और छोटा भाई अंशु हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।



