Home Blog Page 5734

जनगणना का अगला चरण 15 जनवरी से

फर्रुखाबाद|| जनगणना के अगले चरण का कार्य 15 जनवरी से शुरू होगा| कलक्ट्रेट सभागार में आज जनगणना कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान यह जानकारी अपर जिलाधिकारी सुशील चंद्र श्रीवास्तव ने दी। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी मिनिस्ती एस. ने समस्त उपजिलाधिकारियों, तहसीलदार, व अधिशासी अधिकारियों को क्षेत्र में जनगणना कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिये।

11 जनवरी से 15 जनवरी तक जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिलाकर आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध करा दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य समय से चल रहा है। एसडीएम रामबहादुर वर्मा को सहायक प्रभारी जनगणना अधिकारी बनाया गया है।

मुख्य सेविकाओं पर लटकी तवादले की तलवार

फर्रुखाबाद: जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा ने आंगनबाड़ी  कार्यकर्ती व मुख्य सेविकाओं के माफिया राज को ध्वस्त करने के लिए कमर कस ली है| उन्होंने पुष्टाहार वितरण को सुदृढ़ बनाने के लिए अब औचक निरीक्षण तथा मुख्य सेविकाओं को एक स्थान पर ६ माह से अधिक न रखे जाने के रणनीति बनाई है|  नये वर्ष में मुख्य सेविकाओं के क्षेत्र बदले जायेंगे।

जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन न होने तथा पुष्टाहार का वितरण न होने की मिल रही शिकायतों से परेशान जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को नये वर्ष में मुख्य सेविकाओं के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने मुख्य सेविकाओं का प्रत्येक छह माह में कार्यक्षेत्र बदलने तथा केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया| मुख्य सेविकाओं को भी आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर केंद्रों का संचालन व पुष्टाहार वितरण नियमित कराने को निर्देशित किया गया|

नियुक्ति को चयन समिति बनी

जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा ने बाल विकास परियोजना में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के चयन के लिए चयन समिति बना दी है| जिले के ७  ब्लाक एवं नगर फर्रुखाबाद क्षेत्र के लिए होने वाली चयन प्रक्रिया में सात मुख्य सेविकाएं समिति में शामिल की गयी हैं। कमालगंज, कायमगंज व शहर क्षेत्र के लिए 28 दिसंबर, शहर, शमसाबाद, मोहम्मदाबाद के लिए 29 दिसंबर तथा राजेपुर व बढ़पुर क्षेत्रों के लिए 30 दिसंबर को साक्षात्कार होगा।

मुन्नी बदनाम हुई, शीला की जवानी… पर लगे ठुमके

फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद महोत्सव में आज अचानक डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया| किशोरियों ने मुन्नी बदनाम हुई…व शीला की जवानी… फ़िल्मी संगीत पर जमकर ठुमके लगाए| मनचलों ने सीटी बजाकर डांस का जमकर लुत्फ़ उठाया|

जूनियर वर्ग की अपर्णा दत्ता व तनु भदौरिया ने मुन्नी बदनाम हुई…, रश्मि मिश्रा ने शीला की जवानी…, द्रष्टि शर्मा ने सोना ले जा रे…, संध्या गुप्ता ने बोले चूडिया…, सुवि वर्मा ने लाल दुपट्टा…, अदिति वर्मा ने रांझा-रांझा…., कोमल राजपूत ने श्याम चूड़ी बेंचने आया…, विदुषी मिश्रा ने लौंग मारे लश्कारे…, काजल मिश्रा ने पैसा,पैसा…, कीर्तिका पुरवार ने जो है अलवेला…, दीप्ति मिश्रा ने दुल्हन चली…., काजल गुप्ता ने ले जा, ले जा….आदि फ़िल्मी गीतों पर जमकर डांस किया|

निर्णायक अनिल गुप्ता व एकता राजपूत ने बेहतर डांस करने वाली द्रष्टि शर्मा को दोबारा बुलाकर डांस करवाया|

डांस के शुरू होते ही पांडाल की सभी कुर्सियां भर गयीं|

अनेकों बच्चे मंच के आगे जमीन पर ही बैठ गए, गैलरी भी भर गयी| अव्यवस्था होने पर पल्ला चौकी इंचार्ज को बुलाया गया| पुलिस ने व्यवस्था संभाली|

पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने घोषणा की कि कल होने वाले महिला सम्मलेन में पुरुषों के प्रवेश पर प्रतिवंध लगाया गया है| उन्होंने बतया कि बीते वर्ष के सम्मलेन में पुरुषों के अधिक आ जाने से महिलाओं को बैठने तक की जगह नहीं मिली|

हुनर दिखाने से रोका गया अनाथ छात्रों को

महोत्सव में आज सबसे पहले बाईपास स्थित श्री छाक्कू लाल बालग्रह के १६ अनाथ छात्रों ने योग के करतब दिखाए| समय का अभाव बताकर उनको योगा करने से रोक दिया गया| बालग्रह के पर्यवेक्षक देवेन्द्र कुमार एवं योग शिक्षक सुरेश राज ने आरोप लगाया कि उनके छात्रों को योगा के हुनर दिखाने का पूरा मौक़ा नहीं दिया गया|

गंगा स्वच्छता के लिये जगाई गई अलख

फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद महोत्सव में आज गंगा स्वच्छता हेतु जन-जन को जाग्रति करने की प्रेरणा दी गयी| ग्रंथी गुरुवचन सिंह ज्ञानी ने कहा कि राष्ट्रीय नदी गंगा को स्वच्छ बनाने की सभी की जिम्मेदारी है| प्रो० श्री क्रष्ण गुप्ता ने अनुपयोगी सामान के भू-विसर्जन की अपील की|

कवि चेतराम शाक्य चन्दन ने कविता के माध्यम से गंगा स्वच्छता का सन्देश दिया| राधेश्याम तूफ़ान, जादूगर शिवेंद्र विजय एवं करुणा शंकर, डॉ संतोष प्रजापति ने लोगों को गंगा को स्वच्छ बनाए रखने के तरीके बताये| महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ राम क्रष्ण राजपूत ने वक्ताओं का हौंसला बढाया|

डॉ संतोष प्रजापति, कन्हैयालाल पांडे आदि ने ज्योतिष सम्मलेन में ज्योतिष के अनेकों मापदंडों व सूत्रों के बारे में जानकारी दी| दिलचस्पी न होने के कारण इन कार्यक्रमों में मुट्ठी भर लोगों ने भाग लिया|

फायलेरिया दिवस पर की गयी खानापूरी

फर्रुखाबाद: फायलेरिया दिवस पर आज खानापूरी की गयी| वैसे तो जिलाधिकारी मिनिस्ती एस से हैबतपुर गढ़िया स्थित मान्यवर काशीराम कालोनी में सुबह ११ बजे फायलेरिया दिवस का शुभारम्भ कराया गया|

आज सैकड़ों लोगों से पूंछा गया कि उनके घर पर कोई फायलेरिया की दवा देने आया था तो किसी ने भी दवा मिलने की पुष्टि नहीं की| इससे साफ़ जाहिर है कि बहुत सी योजनाओं की तरह घटक बीमारी की कागजों में ही दवाईयां बांटी गयीं|

परिवार कल्याण के डीपीओ डॉ लल्लन प्रसाद ने लोगों का भ्रम दूर करने के लिए स्वयं फायलेरिया की गोलिया खाईं|

बाद में जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हरिशंकर आदि ने भी गोलियों का सेवन किया| डॉ प्रसाद यह नहीं बता सके कि कितने अधिक उम्र के लोगों को इस दवा का सेवन नहीं करना चाहिए| मजे की बात तो यह है कि वह फायलेरिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी का भी नाम नहीं बता पाये|

डॉ प्रसाद ने बताया कि आज से शुरू हुआ फायलेरिया दिवस २९ दिसम्बर तक चलेगा| दबा खिलाने के लिए २०० टीमों का गठन किया गया है जो जिले के प्रत्येक मोहल्ले व गाँव के घर-घर जाकर दवाईयां बाटेंगे| दो वर्ष से कम एवं गर्भवती महिलाओं को दवाईयां न खाने की जानकारी दी जायेगी| २ से ५ वर्ष तक को १ गोली, ६ से १४ वर्ष तक को २ गोली तथा १५ से अधिक आयु वाले लोगों को ३ गोलियां खानी चाहिए|

डीएम व एसपी ने हड़ताली बंदियों के आंसू पोंछे

फर्रुखाबाद|| जिलाधिकारी मिनिस्ती एस एवं पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन ने जिला कारागार में भूख हड़ताल करने वाले बंदियों की समस्यायें सुनकर दूर किये जाने का आश्वाशन दिया|  तथा महिला व पुरुष कैदियों को कंबल व ऊनी वस्त्र वितरित किये।

जिलाधिकारी मिनिस्ती एस., पुलिस अधीक्षक डा.के.एजिलरसन, नगर मजिस्ट्रेट हरिशंकर आज अचानक जिला कारागार पहुंचे| अधिकारियों ने जेल में हड़ताल करने वाले बंदियों के बारे में जेल अधिकारियों से जानकारी की बाद में हड़ताली बंदियों की समस्यायें सूनी तथा जेल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया| पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात के लिए आये लोगों के सामान की जांच पड़ताल करवाई| जिलाधिकारी ने 50 महिला तथा 50 पुरुष बंदियों को कंबल तथा ऊनी वस्त्र वितरित किये।

मालूम हो कि जिला जेल में शुक्रवार शाम तीन बैरिकों के बंदी खराब खाना व अभद्रता के विरोध में भूख हड़ताल पर चले गये थे। दूसरे दिन नगर मजिस्ट्रेट हरीशंकर ने जेल पहुंचकर बंदियों से वार्ता के बाद जांच रिपोर्ट में मनमानी करने के आदी चार बंदियों को भड़काने का दोषी पाया तथा उन्हें दूसरी जेलों में स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।

अधिकारियों के गायब होते ही खिसक जाते हैं बाबू

0

फर्रुखाबाद: विकास योजनाओं को लागू करने वाले महत्वपूर्ण अधिकारियों पर बसपा सरकार का कतई खौफ नहीं रहा है| जब जिस अधिकारी की इच्छा होती है तो वह कार्यालय छोड़ कर गायब हो जाता है|

आज विकास भवन के कार्यालयों में जिला कृषि रक्षा अधिकारी अल्पसंख्यक एवं वक्फ अधिकारी, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, प्रोवेशन अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के मौजूद न होने के कारण उनके कक्ष बंद देखे गए| जिसके कारण उनके कार्यालयों के बाबू भी मौज मस्ती के लिए कहीं चले गए थे| कार्यालयों में केवल चपरासी मौजूद दिखे| अनेकों ग्रामीण आवश्यक कार्य के लिए जब वहां पहुंचे तो वह अधिकारियों व बाबुओं को कोसते हुए चले गए|

प्रदेश की मुख्यमंत्री की मंसा के तहत जिलाधिकारी मिनिस्ती एस कार्यालय में बैठ कर जनता के समस्याओं को सुनकर उनको निस्तारित करती है|

प्रशिक्षण में खिसक गए अध्यापक

फर्रुखाबाद: ब्लाक समन्वयक केंद्र बढ़पुर में आज लर्निंग इन हेस्मेंट प्रोग्राम के अंतर्गत विकास खंड बढ़पुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुतासी, अजमतपुर, महमदपुर करसान, जैतपुर, टिकुरियन नगला, कनौली सहित ३५ विद्यालयों में तैनात गणित व विज्ञान विषय पढ़ाने बाले एक-एक शिक्षक को प्रशिक्षण दिया गया|

प्रशिक्षण के दौरान डायट से प्रशिक्षित रामदत्त राजपूत एवं राजीव बरतरिया के द्वारा उपस्थित सभी शिक्षको को गणित तथा विज्ञान विषय की बारीकियां समझाई गई| सुबह १० से ४ बजे तक प्रशिक्षण का समय था लेकिन अनेकों अध्यापक पहले ही खिसक गए|

इस दौरान सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी रामगोपाल वर्मा, बीआरसी प्रदीप चतुर्वेदी एवं एबीआरसी आदित्य सिंह, विवेक वर्मा उपस्थित रहे |

मंत्री सलमान खुर्शीद सुनेगें महिलाओं की समस्यायें

फर्रुखाबाद|| कारपोरेट कार्य व अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सलमान खुर्शीद 28 दिसंबर को आयेंगे। मंत्री के अपर निजी सचिव गिरि केतराज की विज्ञप्ति के अनुसार श्री खुर्शीद 28 दिसंबर को सुबह साढ़े दस बजे कार से पीडब्ल्यूडी डाक बंगला फतेहगढ़ पहुंचेंगे|

श्री खुर्शीद दोपहर 12 बजे मिशन कंपाउंड कालोनी में सांसद विकास निधि से बनने वाले नाले का शिलान्यास कर जनता से भेंट करेंगे। अपरान्ह 2 बजे फर्रुखाबाद महोत्सव में महिला एवं शिक्षा मित्रों के सम्मेलन में शामिल होंगे। तीन बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगें|

नशेड़ी युवक बाइक सहित जा गिरा नाली में

फर्रुखाबाद: इतनी भी मत पियो की सुअर बन जाओ और नाली में ही जा गिरो| इतनी भी न पियो कि सारी दुनिया पीने के बाद गटर ही दिखाई पड़े| ऐसे ही पियक्कड़ से रूबरू करवाते हैं| कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला बजाजा निवासी मोटरसाइकिल सवार युवक शराब के नशे में नाली में गिरकर घायल हो गया| शादाब नामक युवक अपने मित्र के साथ शराब के नशे में हीरो होण्डा मोटर साइकिल संख्या यूपी ७६ ई/४७३१ से जा रहा था|

जब नशेड़ी युवक कोतवाली रोड पर चश्मे वाले की दुकान के सामने से गुजर रहा था तो वह सामने से टेम्पो आ जाने के कारण हडबडा गया और मार्ग के किनारे बनी नाली में बाइक समेत गिरकर घायल हो गया| यह नजारा देखकर स्थानीय दुकानदारों ने युवक व उसकी बाइक को बाहर निकाल|

लेखपाल को धमकाने वाले 6 ग्रामीण फंसे

फर्रुखाबाद: अंबेडकर ग्राम सियांपुर में स्कूल की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने गए लेखपाल पर दबंगों द्वारा गालीगलौज कर रायफल तानने के मामले में थाना कमालगंज पुलिस ने 6 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है|

राजेपुर सरायमेदा क्षेत्र के लेखपाल सुशील कुमार ने सियांपुर निवासी राजेंद्र, सुरेंद्र, जितेंद्र, सत्येंद्र, पवन व जीतू के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है| मुकदमा दर्ज कराते हुए लिखाया कि सियांपुर निवासी रामपाल की शिकायत पर एसडीएम के आदेश से 25 दिसंबर को दोपहर पुलिस फोर्स के साथ स्कूल की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने सियांपुर गए थे।

नामजद आरोपियों से जब कब्जा हटाने के लिए कहा तो गालीगलौज करने लगे तथा राजेंद्र ने लाइसेंसी रायफल तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। ज्ञात हो कि पुलिस ने घटना के समय दो लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था।

मुलायम की महफिल में बैली डांस, जमकर लगे ठुमके

सैफई|| उत्तरप्रदेश के सैफई गांव में चल रहे सैफई महोत्सव में मुलायम की महफिल सजी तो पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जम कर बैली डांसरों के साथ ठुमके लगाए।

बीते दिन सैफई में चल रहे महोत्सव में मुलायम सिंह यादव शिरकत करने पहुंचे तो उनके लिए खास बैली डांस का आयोजन रखा गया। मुलायम सिंह के साथ उनकी पार्टी के कार्यकर्ता भी समारोह में शामिल हुए।

दौर जब बैली डांस का चला तो विदेशी बालाओं को मंच पर थिरकते देख मुलायम के चेले भी ठुमके लगाने पहुंच गए।

गौरतलब है कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में चल रहे शपथ ग्रहण समारोह में अधिकारियों ने बार बालाओं के साथ जमकर ठुमके लगाए थे। बात जब प्रकाश में आई तो सात अधिकारियों से इस्तीफा मांग लिया गया था।