फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) केन्द्रीय कारागार व जिला कारागार में यूं तो बंदियों व कैदियों का हर दिन चार दीवारी में ही गुजरता है। लेकिन गुरुवार को भाई दूज के पर्व पर यहां रौनक के साथ आंसू भी छलके। बहन को देखकर भाई इतने भावुक हो गए कि मानो पूरी दुनिया मिल गई हो। कोई अपनी बहन से लिपटकर रोया तो कोई उसे निहारता ही रहा। चंद मिनटों के लिए ही सही भाई को देखकर बहनों की
आंखों में भी आंसू आ गए। जेल की सलाखों में बंद भाई को देेख बहनों की आंखें छलक आईं। गुरुवार को भाई दूज पर बहनों ने जेल में पंहुच भाइयों का टीका किया। साथ ही सभी ने ईश्वर से भाई ही जल्दी मुक्ति
की प्रार्थना की। गुरुवार को जेल अधिकारियों ने बहन-भाई के मिलने का सिलसिला शुरू करा दिया। लंबी लाइन लगाकर बंदियों की बहनों ने काफी देर-देर तक इंतजार किया। उसके बाद उन्हें जेल में प्रवेश दिया गया|
प्रत्येक बंदी को सेन्ट्रल जेल व जिला जेल में जेल प्रशासन ने लगभग आधा घंटा तक मुलाकात का समय दिया। इस दौरान जेल पुलिसकर्मियों ने बंदियों पर नजर बनाए रखी। उनके द्वारा मिलाई के लिए आने वाले परिजनों की जांच की, इसके बाद ही मिलने का मौका प्रदान किया। मिलने का सिलसिला शाम तक चलता
रहा। जिला जेल में कुल 365 महिलाओं, 3 पुरुष व 118 बच्चों नें मुलाकात की| इस दौरान पूरी सतर्कता बनाए रखी। मुलाकात को आने वाले प्रत्येक परिजन को जांच के बाद ही मिलने का मौका दिया गया।
सेन्ट्रल जेल में 834 महिलाओं नें जेल में निरुद्ध भाईयों से मुलाकात की, महिलाओं के साथ कुल 321 बच्चे भी जेल में पंहुचे| 
जिला जेल अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव नें जेएनआई को बताया कि बहनों की सकुशल मुलाकात करायी गयी| बहनों को किसी प्रकार की तकलीफ ना हो इसका पूरा ध्यान रखा गया| सेन्ट्रल जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक आशीष तिवारी नें जेएनआई को बताया कि जेल में आनें वाली बहनों को सुबिधा जनक रूप से मुलाकात करायी गयी| जेल के कर्मी उनकी व्यवस्था ले लगाये गये थे| 


भाईदूजः भाईयों को सलाखों के पीछे देख छलक उठीं आंखें
जिले में धूमधाम से मना भाई दूज का पर्व, बसों व मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर जहां उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने प्रेम को दर्शाया।
दीपावली के पांच पर्वो की लड़ी में शामिल भाई दूज का पर्व गुरुवार को क्षेत्र में धूमधाम से मना। सुबह ही घरों में इस पर्व की धूम शुरू हो गई थी। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की
कामना कर रही थीं और भाइयों की ओर से उन्हे उपहार भेंट किए जा रहे थे। परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों को तिलक लगाने के बाद नारियल आदि भी दिए। इस पर्व पर शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति रहा
जिसके माथे पर लाल रंग का तिलक न सजा हो अन्यथा सबके माथे पर लगे टीके भाई दूज पर्व की महत्ता का अहसास करा रहे थे। परिवार के जहां बड़े सदस्यों ने इस पर्व की परंपरा को निभाया वहीं छोटे-छोटे बच्चों पर भी इस पर्व का रंग खूब देखा गया।
बजार में दिखी रौनक
भाई दूज पर बाजारों में खासी भीड़ देखी गई। विशेषकर मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर लोगों की अधिक भीड़ थी। मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। दीपावली के बाद एक बार फिर से दुकानों के बाहर तरह-तरह की मिठाइयां सजी दिखाई दी और उनके खरीदारों का तांता लगा हुआ था। भाई दूज के पर्व 
को लेकर वाहनों में भी खासी भीड़ थी। विवाहित बहनों की ओर से भैया दूज का पर्व मनाने के लिए भाइयों के घर जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। सड़कों पर खासी भीड़ देखी गई। ट्रेनों में भी आम दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक थी।
जमकर बिका नारियल का गोला
भाई दूज के त्योहार को देखते हुए बाजार में गोले की मांग शनिवार को आम दिनों की अपेक्षा कई गुना रही। बाजार में गोलों के लिए महिलाएं दुकानों पर पहुंचती रही। गोले की बिक्री को लेकर दुकानदारों ने इसे पिछले काफी दिनों से भाई दूज के लिए स्टोर कर रखा था।
बसों में रही भीड़भाड़ः
भाई दूज का त्योहार जिले में उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया गया। बसों में भीड़ के चलते धक्का-मुक्की के बीच भाई बहनों के घर पहुंचे। बसों में चढ़ने की भी जगह नहीं मिलने पर कई मार्गों पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर भी भीड़भाड़ रही।
बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। वहीं भाई दूज के चलते बाजारों में भी रौनकर रही। भाइयों और बहनों ने बाजार में जाकर एक दूसरे के गिफ्ट खरीदे। साथ ही मिठाइयों की भी खूब बिक्री हुई। मिठाई की डिमांड को देखते ही बाजार में जगह जगह स्टाल भी लगाए गए थे।

कार की टक्कर से वृद्ध की उपचार के दौरान मौत
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) कार की टक्कर से वृद्ध की हालत नाजुक हो गयी, उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया| जहाँ उपचार के बाद हालत गंभीर होनें पर उसे लखनऊ रिफर कर दिया गया| जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी|
थाना क्षेत्र के ग्राम डबरी निवासी 70 वर्षीय जगन्नाथ वर्मा बीते 19 अक्टूबर को वह बाइक से निविया जा रहे थे, उसी दौरान निबिया चौराहे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार नें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद चिकीत्सक ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया, 21 अक्टूबर को सुबह जगन्नाथ की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी| मृतक की पत्नी शांति देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया| 
शराबियों नें महिला को नशे में पीटा
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) शराबियों ने नशे में महिला से की गाली गलौज, विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट कर दी| मामले में पुलिस जाँच कर रही है|
कोतवाली क्षेत्र के पिपरगांव निवासी राकेश की पत्नी गीता देवी ने तहरीर जिसमे बताया कि 21 अक्टूबर को शाम लगभग 6 बजे विवेक पुत्र श्यामवीर, संजीव पुत्र वालिस्टर, राजीव पुत्र नरसिंह तथा गौरव पुत्र संजीव ने नशे की हालत में गीता देवी के साथ गाली गलौज किया। गीता देवी ने गाली गलौज करने से मना किया तो लात घुसो लाठी-डंडो से मारपीट कर दी, जिससे पीड़िता के शरीर पर चोटें आई है। थाना पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया तहरीर मिल गया है। हल्का इंचार्ज मामले की जांच दी गई है। निष्पक्ष जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आतिशबाजी चलानें के विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, जबाबी मुकदमा
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)आतिशबाजी चलानें के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट लाठी-डंडे चल गये| जिसमे दोनों पक्षों नें जबाबी मुकदमा दर्ज कराया है|
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैरामनगर मदनपुर में बीते 20 अक्टूबर की शाम 7:30 बजे पटाखे चलाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गये l दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे ईंट पत्थर चले l एक पक्ष से रामचंद्र सिंह की पत्नी सुशीला व दूसरे पक्ष से आसाराम की पत्नी सुमन पुत्री अंजू व पुत्र शिवा घायल हो गए l थाना
पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है l दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर घर में घुसकर गाली गलौच कर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है l एक पक्ष से आसाराम ने रजनेश, हरेंद्र ,महेंद्र, बंटू रनवीर सिंह एवं रामचंद्र सिंह तथा दूसरे पक्ष से रजनेश ने आशुतोष, ऋतिक ,आसाराम गुरुवेश, चंदन एवं कल्लू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है l पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है
धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा महोत्सव
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली के दूसरे दिन बुधवार को गोवर्धन पर्व बड़े धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनाया गया। शहरवासियों ने अपने घरों में पूरी आस्था के साथ गाय के गोबर से गिरिराज गोवर्धन
की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा की। जहां पर गाय का गोबर उपलब्ध नहीं था, वहां पर लोगों ने रंगोली के रंगों से भगवान की आकृति बनाकर उनकी विधि-विधान से पूजा की। भक्तों ने भगवान गोवर्धन
को अन्नकूट का भोग लगाया। इस दौरान भी भजन-कीर्तन और अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिरों में गोवर्धन पूजा को लेकर विशेष सजावट की गई है और भक्तों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसलिए होती है गोवर्धन पूजा:
गोवर्धन पूजा के बारे में मान्यता है कि देवराज इंद्र का घमंड तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा करने की बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। जब इंद्र को इस बात का पता चला तो उन्होंने पूरे गोकुल गांव को नष्ट करने व कृष्ण को अपनी शक्तियों का परिचय देने के लिए भारी
बारिश करा दी। गांव में हाहाकार मच गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया और ग्रामीणों की रक्षा की। सात दिन तक लगातार इंद्र ने अपना कहर बरपाया, लेकिन किसी भी ग्रामीणों को क्षति नहीं पहुंची। तब से भगवान श्रीकृष्ण को गोवर्धन के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन मंदिरों में काफी संख्या में लोग गोवर्धन भगवान की पूजा करते है।




अवैध आतिशबाजी के साथ युवक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली पर्व से पूर्व सुरक्षा और शांति व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस ने जनपद में अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण व बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को थाना अमृतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी के साथ गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक अजय कुमार मय हमराह कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हथियापुर में सब्जी की दुकान चलाने वाला एक युवक दीपावली पर बेचने के लिए अवैध आतिशबाजी का भंडारण किए है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर युवक को पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम
करण पुत्र सुनील कुमार निवासी ग्राम अदिउली, थाना मऊदरवाजा बताया। पुलिस ने जब उसकी दुकान की तलाशी ली तो वहां से विभिन्न प्रकार की अवैध आतिशबाजी सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान में मोरी छाप कलर कोटी, पोप पोप, लैला मजनू, सीता गीता, ए.के.-47 बुलेट, ग्रीन स्पार्क, ड्रैगन, टाइगर, गिन्नी कलर स्पार्क, सर्पेन्ट एग, फ्लावर पोट, लेजर ग्रीन फूलझड़ी, बारह सोट आदि के तीन कार्टून (कुल वजन लगभग 54 किलोग्राम) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह आतिशबाजी दीपावली पर ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाया था। उसके पास किसी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था। पुलिस ने मौके पर बरामद आतिशबाजी को सील कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की और पूरे घटनाक्रम की वीडियो ग्राफी कराई।
अभियुक्त के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया।इस कार्रवाई से अवैध आतिशबाजी करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि दीपावली तक ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

दीपावली पर बढ़ी रेलवे की सुरक्षा जीआरपी-आरपीएफ का संयुक्त चेकिंग अभियान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए यह अभियान विशेष रूप से आयोजित किया गया।



कासगंज से आई विशेष डॉग स्क्वाड टीम ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। स्नाइपर डॉग ‘डॉन’ और ट्रैकर डॉग ‘टायसन’ ने प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और रेलवे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया।दोनों डॉग्स ने यात्रियों के छोड़े हुए सामान और संदिग्ध वस्तुओं को सूंघकर जांच की। रेलवे परिसर में रखे बैग, पार्सल और स्टॉलों के आसपास भी सुरक्षा जांच की गई। जीआरपी प्रभारी जितेंद्र कुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर ओ.पी. मीणा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर के हर कोने की सघन तलाशी ली।






यात्रियों से पहचान पत्र दिखाने के साथ-साथ उनके सामान की रैंडम जांच भी की गई। पुलिस ने स्टेशन पर मौजूद लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत देने की अपील की। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्मों पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित किया और रेल प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की। जीआरपी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और गश्त बढ़ा दी गई है।




दीपावली की रौनक, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)दीपावली पर्व के चलते शहर में खरीदारों का तांता लगा रहा। पर्व के चलते सोमवार को भी बाजारों में रौनक रहेगी। दो दिन दिवाली मनाने के चलते स्थानीय लोग आराम से खरीदारी कर रहे हैं। इस बार कारोबार अच्छा रहा है। दिवाली पर शहर और देहात का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है। रंग-बिरंगी झालरों, रोशनियों और फूलों से सजे बाजारों में खरीदारों की भीड़ बनी रही।
चौक से लेकर लाल दरवाजे तक दुकानों की लंबी कतारें सज गईं। घर सजाने के लिए बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटें, चाइनीज झालरें, बल्ब, पोस्टर और धार्मिक पेंटिंग की खूब बिक्री हुई। वहीं, फूलों की
रेहड़ियों ने त्योहार की खूबसूरती को और बढ़ा दिया।
त्योहार के मौके पर उपहार व मिठाई की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहा। रेलवे रोड व सर्विस लेन पर लगी मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। दुकानों पर 300 से 1000 रुपये तक की गिफ्ट थालियां उपलब्ध थीं, जिनमें काजू, बादाम, किशमिश, अखरोट व पिस्ता से
सजे ड्राई फ्रूट पैक शामिल थे। बिना खोवा वाली मिठाइयां, फ्रूट जूस, चॉकलेट और नमकीन की भी खूब बिक्री हुई। कुछ लोगों ने उपहार के रूप में चांदी के श्री लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाएं, कंबल और चादरें खरीदीं। रेलवे रोड़ स्थित पहनावा घर के मालिक हेमंत पाण्डेय ने बताया कि ग्राहक जमकर खरीददारी कर रहें हैं| यात्रियों की भीड़ से बस स्टैंड पर अफरा-तफरी
त्योहार की छुट्टियां शुरू होते ही घर जाने वालों की भीड़ ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मचा दी। कई बसें ओवरलोड होकर चलीं तो कुछ निजी वाहनों में यात्रियों ने छतों पर बैठकर सफर किया।
बसों और तिपहिया वाहनों में सवारियों की ठसाठस भीड़ रही। पुलिस और परिवहन विभाग के प्रयासों के बावजूद शहर के कई इलाकों में जाम के हालात बने रहे। दीपावली पूजन के लिए फूलों की मांग सबसे
अधिक रही। शहर के विभिन्न इलाकों में फूलों की रेहड़ियां सजी रहीं। दुकानदारों ने गेंदे, गुलाब और कमल के फूलों से विशेष मालाएं व लड़ियां तैयार कीं। मंदिरों और घरों की सजावट के लिए खुले फूलों की जमकर बिक्री हुई।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग पुलिस ने मनाई दीपावली, मिला आशीर्वाद
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली के पर्व पर जहां लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे हैं। वहीं जनपद पुलिस ने इस त्यौहार को एक अलग ही अंदाज़ में मनाकर मानवता की मिसाल पेश की।
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे उन बुजुर्ग माता-पिता के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। जिन्हें या तो उनके अपने बच्चों ने साथ रखने से इंकार कर दिया या फिर अन्य कारणों से उन्हें वृद्ध आश्रम में रहना पड़ रहा है।
एएसपी डॉ. सिंह ने बुजुर्गों को मिठाई खिलाई, नए वस्त्र भेंट किए और उनके साथ समय बिताया। पुलिस अधिकारियों के इस संवेदनशील कदम से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान देखने को मिली। उन्होंने भावुक होकर एएसपी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और कहा कि पुलिस ने हमें अपनेपन का एहसास दिलाया।इस अवसर पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।
उन्होंने भी बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनके स्वास्थ्य एवं जरूरतों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने आश्रम में दीप जलाकर, मिठाइयां बांटकरदीपावली का उल्लास फैलाया।एएसपी डॉ. संजय सिंह ने कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और संवेदना का त्यौहार है।
जिनके अपने नहीं हैं, उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही सच्ची दीपावली है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने समाज के उस वर्ग के प्रति संवेदना दिखाई है, जो अक्सर अकेलेपन से जूझता है। दीपों की रोशनी के बीच जब वृद्धाश्रम में स्नेह और सम्मान की किरण जली, तो वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं, पर दिल गर्व और खुशी से भर उठा।









