Home Blog Page 145

बीजेपी नें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) रविवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा सम्मेलन का आयोजन कायमगंज स्थित रोज गार्डन में संपन्न हुआ| मुख्य अतिथि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मयंक सिंह बुंदेला ने की। इस युवा सम्मेलन में संकल्प पत्र पढ़कर आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया गया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने स्वदेशी अपनाओ पर जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान तभी सफल होगा जब देश की 140 करोड़ की आबादी को स्वदेशी वस्तुएं को उपयोग में लाना पड़ेगा। देश का युवा ब्रांडेड वस्तुओं का मोह छोड़कर स्वदेशी वस्तुएं अपनाए। स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है, एक बदलते हुए भारत की तस्वीर पूरी दुनिया देख रही है, जब भारत ने आतंकवाद पर करारा प्रहार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी मिसाइल का उपयोग करके रक्षा क्षेत्र में पूरी दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी विदेश में बैठकर भारत की आलोचना करते हैं और भारत में जनता को भ्रमित करने के लिए संविधान और आरक्षण का भ्रम फैला कर दुष्प्रचार करते हैं ऐसी संकीर्ण मानसिकता कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों द्वारा पिछले कई वर्षों से की जा रही है।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा 1631 आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान मात्र एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक आंदोलन है यह विकसित भारत के निर्माण की नींव रखेगा संगठन के द्वारा स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया था जिसमें जनपद की बनी हुई वस्तुओं को स्टॉल लगाकर प्रचारित किया गया। हर क्षेत्र में रोजगार को बढ़ाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा भारत जब आत्मनिर्भर बनेगा तभी सशक्त और मजबूत बनेगा। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉक्टर मिथिलेश अग्रवाल, जिला महामंत्री डीएस राठौर, सुनील रावत, शशांक शेखर मिश्रा अनुज राठौर दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक अभिषेक त्रिवेदी, राजेपुर ब्लाक प्रमुख पल्लव सोमवंशी,जिला पंचायत सदस्य कुंवर जीत सिंह राजपूत पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन अमन अवस्थी ने किया।

प. बिमल प्रसाद तिवारी की पुन्यतिथि पर दर्जनों शिक्षिकायें सम्मानित

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)पंडित विमल प्रसाद तिवारी की बीसवीं पुण्यतिथि पर शिक्षिका सम्मान समारोह शहर के एनए केपी डिग्री कालेज के सभागार में स्मृति संस्थान के सचिव आदेश तिवारी के संयोजन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने पर्यावरण सम्मान प्रोफेसर प्रमोद चंद्र मिश्र सम्मान कायमगंज के उद्योगपति सत्यप्रकाश अग्रवाल की अनुपस्थिति में उनकी पत्नी मिथलेश अग्रवाल को दिया, जिसमे उन्हें शाल ओढ़ाकर राधाकृष्ण की तस्वीर दी गई। इसके अलावा डिग्री कालेज की शिक्षिका शाहीन खान,सूक्ष्मा पांडेय,रजनी चतुर्वेदी,रंजना चतुर्वेदी, कु.अंजू पांडेय, सुमन दीक्षित, कु.दीपांशी सक्सेना,सुमन दीक्षित,कु.एकता त्रिपाठी के अलावा इण्टर कालेज की शिक्षिका पुष्पा तिवारी, हेमलता शर्मा,कु.कल्पना, दुर्वेश,कु.भूमिका, रीतू सक्सेना, कु. मोनिका,श्रीमती अंजना त्रिवेदी,श्रीमती मेघा पांडे,कु.प्रगति शुक्ला, गीता अवस्थी, निहारिका,मीनू आनन्द,मालती अवस्थी,रूपाली गुप्ता,साधना मिश्रा, कु.शीजल वर्मा,कु.श्वेता शाक्य, वर्षा वर्मा, प्रीति,कु.शालिनी, वसुधा, नीता दुबे, लक्ष्मी दुबे को शाल ओढ़ाकर ,राधाकृष्ण की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रीता बहुगुणा जोशी,मिथलेश अग्रवाल,मेजर सुनील दत्त द्विवेद्वी,कार्यक्रम के सचिव आदेश तिवारी ने भी संबोधित भी किया। सदानंदशुक्ला, ब्रजकिशोर सिंह,संजीव दुबे वीटाना,संजय गर्ग, चित्रा अग्निहोत्री आदि रहे।

मस्जिद के पीछे भूमि पर निर्माण को लेकर विवाद, पुलिस ने रुकवाया काम

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) कस्बे में स्थित एक मस्जिद के पीछे भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एहतियातन निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। प्रशासन ने मामले के समाधान के लिए सोमवार का दिन तय किया है। जिसमें ग्रामीणों और संबंधित पक्षों को बुलाया जाएगा।
कस्बे के अंदर स्थित एक मस्जिद के पीछे कुछ भूमि पड़ी हुई है। पिछले कुछ दिनों से इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जब यह जानकारी गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं को हुई तो उन्होंने इस निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई और उप जिलाधिकारी संजय सिंह को शिकायत दी। शिकायत के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जांच में पाया गया कि मस्जिद का दरवाजा पूर्व दिशा की ओर है और पीछे की भूमि पर निर्माण कार्य हो रहा था, जिससे विवाद की स्थिति बन रही थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि संबंधित भूमि किसकी है, कौन कब्जेदार है, या यह ग्राम समाज की भूमि है। विवाद न बढ़े, इसलिए पुलिस ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल धर्मेंद्र त्रिपाठी ने भूमि संबंधी जानकारी देने में असमर्थता जताई। वहीं, प्रधान सचिन देव तिवारी और पूर्व प्रधान प्रदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी जुटायी। थानाध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। सोमवार को बैठक में भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी। एसडीएम संजय सिंह नें बताया कि निर्माण कार्य को रोंका गया है| लेखपाल से रिपोर्ट तलब की गयी, जाँच रिपोर्ट आनें पर कार्यवाही होगी|

मध्यप्रदेश में फैक्ट्री में आग लगने से फर्रुखाबाद के तीन दोस्त झुलसे, दो की मौत

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में नूराबाद थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में झुलसे तीन दोस्तों में से दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव इस्लामगंज निवासी अहिवरन कश्यप का 21 वर्षीय पुत्र गोपी कश्यप अपने गांव के दोस्तों दुर्गेश कश्यप और अनुपम के साथ रोजगार की तलाश में मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मुरैना के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करने गया था। फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर उनसे तरल पदार्थ तैयार करने का काम किया जाता था। 16 अक्टूबर की रात फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिससे तीनों दोस्त गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया।
इलाज के दौरान 21 अक्टूबर को इलाज के दौरान दुर्गेश की मौत हो गई थी। शनिवार सुबह गोपी ने भी दिल्ली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार सुबह जब गोपी का शव गांव पहुंचा तो मां सावित्री देवी, भाई गोविंद और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में माहौल गमगीन हो गया। हर किसी की आंखें नम थीं, क्योंकि गोपी की शादी जल्द ही होने वाली थी। दोपहर में परिजनों ने नम आंखों से गोपी का अंतिम संस्कार किया।

छठ पूजा: खरना के साथ 36 घंटे के महावृत का श्रीगणेश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शनिवार को चार दिवसीय छठ महापर्व आरंभ हो गया था। पहले दिन नहाय खाय का अनुष्ठान संपन्न हुआ। नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने सात्विक भोजन ग्रहण किया। इस दिन कद्दू-भात खाया जाता है। इसमें अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी शामिल होती है। व्रतियों ने बिना लहसुन और प्याज के शुद्ध घी या सरसों के तेल और सेंधा नमक में बनाया। इसे सबसे शुद्ध और पवित्र भोजन माना जाता है। इस तरह चार दिवसीय पर्व कद्दू भात के साथ शुरू हुआ। यह व्रतियों को काफी ऊर्जा प्रदान करता है। रविवार को दूसरे दिन खरना का पूजन हुआ|
खरना की पूजा कर माँगा अटल सौभाग्य ?
रविवार को खरना शुरू हुआ। ‘खरना’ का अर्थ होता है शुद्धता। इस दिन पर शुद्धता व पवित्रता का खास तौर से ध्यान रखा जाता है, ताकि पूजा में किसी तरह की बाधा न आए। व्रतीयों ने प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के नए चूल्हे का इस्तेमाल किया। चूल्हा जलाने के लिए आम की लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया , जिससे प्रसाद की पवित्रता बनी रहती है। इस दिन पूरे दिन व्रत रखने के बाद शाम को देवी-देवताओं और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रत का पारण किया गया। सोमवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और मंगलवार को उगते हुए सूर्य का। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत पारण के साथ संपन्न हो जाएगा।
पांचाल घाट पर भव्य आयोजन को लेकर तैयारी पूर्ण
हर साल की तरह इस साल भी शहर के पांचाल घाट पर छठ पूजा का आयोजन सोमवार शाम को शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा| मंगलवार को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने ही पूजा और वृत का समापन होगा| जिला प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी की गयीं हैं| पूर्वांचल विकास समिति के अध्यक्ष केदार शाह नें बताया कि आयोजन की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयीं हैं| समिति व्यवस्था ले लगी हुई है|

ठेली टकराने में युवक की पिटाई, हाथ व पसलियां टूटीं

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काटिना मानिकपुर,पोस्ट कान्हेपुर निवासी ज्ञान प्रताप ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। ज्ञान प्रताप ने दर्ज एफआईआर में बताया कि 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की भाई गीतम केले बेचकर घर लौट रहा था। गली संकरी होने के कारण उसकी ठेली गलती से गांव के ही अजब सिंह से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजब सिंह और उसके साथी सोबरन सिंह पत्नी राममूर्ति ने मिलकर गीतम पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया।हमले में गीतम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है और दो पसलियां टूट गईं। शोरगुल सुनकर गांव के ही नरेन्द्र पुत्र रामचंद्र और बब्लू पुत्र रामऔतार मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल गीतम की जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी पक्ष ने जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। घायल गीतम को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ और पसलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि की।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और चिकित्सीय रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घर में घुसकर मारपीट में दो सगे भाईयों सहित चार पर मुकदमा

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नगला भगतन में मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सियाराम पुत्र रामचंद्र ने आरोप लगाया है कि 22 अक्टूबर शाम गांव के देवेंद्र, रविंदर सिंह पुत्र सोवरन सिंह, राजू पुत्र सेवाराम और अंकज पुत्र रविंदर ने उनके घर पर आकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। चारों आरोपियों ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर भी चलाए, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। मारपीट में शिकायतकर्ता सियाराम के कंधे में चोट आई है, जबकि उनके भाई कश्मीर पुत्र रामचंद्र को गंभीर चोटें लगी हैं। उनकी पत्नी आभा देवी के हाथ में भी चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चौकी इंचार्ज अनिल सिकरवार को सौंपी गई है।

नकली दवा बेचने वाला बीज भंडार पकड़ा, 46 पैकेट जब्त

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) क्षेत्र में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाओं का बड़ा मामला सामने आया है। कृषि रक्षा अधिकारी और एक निजी कंपनी के अधिकारियों ने रविवार को कुंदन गणेशपुर स्थित मां भवानी बीज भंडार पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली कीटनाशक दवाएं बरामद कीं।
किसानों को आलू की फसल में लगने वाले घुघिया रोग से बचाव के लिए दवाएं बेची जा रही थीं। छापेमारी के दौरान दुकान से 46 पैकेट संदिग्ध दवा बरामद की गई, जो टूरो बॉडी कॉन्सुलेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर नकली पैकिंग में तैयार किए गए थे। बताया जा रहा है कि यह दवाएं असली कंपनी की नहीं थीं, बल्कि धोखे से नकली लेबल लगाकर बाजार में बेची जा रही थीं। यह नकली दवाएं किसानों को महंगे दामों पर असली दवा बताकर बेची जा रही थीं, जिससे फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना थी। छापेमारी के दौरान दुकान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। मौके पर पुलिस ने सभी पैकेट सील कर जब्त कर लिए हैं और दुकान के मालिक से पूछताछ की जा रही है।कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अन्य दुकानों की भी जांच की जाएगी, ताकि किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे नकली उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जानें में पांच फंसे, एफआईआर दर्ज

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) किशोरी को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस नें पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है| पुलिस मामले की जांच कर रही है|
थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी किशोरी के पिता नें दर्ज करायी गयी एफआईआर में 24 अक्टूबर 2025 को वह मजदूरी करने गया था तथा उसकी पत्नी मायके गई थी तभी घर पर अकेली 17 वर्षीय पुत्री को सुधीर का पुत्र अर्पित शादी का झांसा देकर घर से ले गया है, किशोरी घर पर रखें 45,000 रुपए नगद तथा सोने की चेन व पायल साथ ले गई है। पुत्री को भगाने में अर्पित के पिता सुधीर शाक्य माता अनीता देवी, भाई अनमोल व चंचल का सहयोग रहा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है व हल्का इंचार्ज को मामले की जांच सौंप कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये है।

मार्ग दुर्घटना में घायल वृद्ध नें तोड़ा दम

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) बीते लगभग 6 दिन पूर्व मार्ग दुर्घटना में घायल हुए वृद्ध ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया| वृद्ध की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा|
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुडगांव निवासी 59 वर्षीय रामनरेश बीते 20 अक्टूबर 2025 को दिवाली पर पूजा की सामग्री लेने के लिए गैसिंग पर गए थे। गैसिंगपुर तिराहे पर लगभग दोपहर 1:30 बजे
खड़े थे, मोहम्मदाबाद की तरफ से आ रही बाइक सवार ने टक्कर मार दी,जिससे रामनरेश घायल हो गये| रामनरेश को डायल 108 से लोहिया अस्पताल भेजा गया, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने हालत गंभीर होनें पर सैफई रेफर कर दिए। सैफई में जब घायल को आराम नही मिला तो परिजन आगरा प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवा रहे थे, 26 अक्टूबर को सुबह लगभग ०7 बजे घायल रामनरेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस को मृतक के पुत्र चंदन ने सूचना दी। मृतक के तीन पुत्र व तीन पुत्रियाँ है। मृतक की पत्नी श्यामा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया|। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया हल्का इंचार्ज सुरेश सिंह चाहर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|