लखनऊ:प्रदेश में विगत दिन से हुई बारिश के बाद ठंड में इजाफा हुआ है|मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है|प्रदेश में चक्रवात मोंथा का भी असर दिखने की संभावना है जिससे पूर्वी यूपी में तापमान कम हो सकता है। बारिश से फसलों को नुकसान होने की भी सम्भावना है,पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने अवदाब के प्रभाव से पूर्वी यूपी में पूरे दिन बादल घिरे रहेगे पूरे दिन सूर्य न निकलने के कारण दिन का अधिकतम तापमान ढाई से साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की जा सकेगी|
चल रही ठंडी हवा ने सिहरन पैदा कर दी है ।प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को हल्की वर्षा के पूर्वानुमान हैं। अगले दो-तीन दिन अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है|
बारिश से ठंड में हुआ इजाफा,अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट
पेंशनर के साथ बैंक धोखाधड़ी, एसबीआई के दो शाखा प्रबंधकों पर एफआईआर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एक वृद्ध पेंशनर ने भारतीय स्टेट बैंक के दो शाखा प्रबंधकों पर गंभीर धोखाधड़ी और लापरवाही के आरोप लगाते हुए न्यायालय में कार्रवाई की मांग की है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेरशामू खां निवासी 76 वर्षीय सोनपाल सिंह ने तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक रेलवे
रोड फर्रुखाबाद, मुख्य शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक स्टेशन रोड मैनपुरी, तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोनपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी भोगांव स्थित संपत्ति बेचने के लिए रामशंकर पुत्र रतिराम निवासी शादीपुर सरसई, जनपद इटावा से सौदा किया था। इसके लिए रामशंकर ने ₹2,00,000 का क्रॉस अकाउंट पेई चेक (संख्या 868291) भारतीय स्टेट बैंक मैनपुरी से जारी किया, जिसे सोनपाल ने 02 सितंबर 2023 को अपने एसबीआई रेलवे रोड फर्रुखाबाद स्थित बचत खाते में जमा किया, लेकिन पेंशनर के खाते में राशि न आने पर जब उन्होंने बैंक में जानकारी की, तो पता चला कि उक्त
चेक का भुगतान किसी अज्ञात व्यक्ति को नकद रूप से 04 सितंबर 2023 को भारतीय स्टेट बैंक मैनपुरी शाखा से कर दिया गया। सोनपाल ने इस पर दोनों शाखा प्रबंधकों से शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज निकलवाने की मांग की, परंतु किसी ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने 13 सितंबर 2023 को दोनों शाखा प्रबंधकों को अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फर्रुखाबाद शाखा प्रबंधक ने तो यह तक कह दिया कि सोनपाल बैंक के ग्राहक ही नहीं हैं, जबकि वह वर्ष 2004 से वहीं से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं।न्याय न मिलने पर सोनपाल सिंह ने मामला बैंकिंग लोकपाल, भारतीय रिजर्व बैंक कानपुर में 3 अक्टूबर 2023 को दर्ज कराया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।पेंशनर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि दोनों शाखा प्रबंधकों की मिलीभगत से धोखाधड़ी कर ₹2 लाख की राशि किसी अन्य व्यक्ति को भुगतान की गई। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडे ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जारही है
दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(मेरापुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त पति को गिरफ्तार किया है। ग्राम बिल्हा थाना कम्पिल निवासी रामशंकर मिश्रा पुत्र प्यारेलाल मिश्रा ने 26 अक्टूबर 2025 को थाना मेरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी भतीजी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रताड़ित कर हत्या कर दी।
पुलिस ने पति विष्णु पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम चन्दुईया थाना मेरापुर जनपद फतेहगढ़ सहित पाँच नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज किया।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त विष्णु को गिरफ्तार कर लिया।
मस्जिद के पीछे भूमि पर निर्माण के खिलाफ बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) कस्बे के मस्जिद के पीछे पड़ी भूमि पर कथित अवैध निर्माण को लेकर रविवार को विवाद खड़ा हो गया। मामला तब गर्माया जब इस भूमि से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के वायरल होते ही हिंदू संगठनों में रोष फैल गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुंच गए। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन दिया|
भारतीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी अमृतपुर संजय सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि खसरा संख्या 1591 और 1592 की भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि इस भूमि पर पहले से ही एक पंचायत घर और पानी की टंकी बनी हुई है, वहीं अब अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण किया गया है, जो कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 के अंतर्गत सरकारी भूमि पर
अवैध निर्माण की श्रेणी में आता है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू संगठन लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सचिन अवस्थी, शेखर अवस्थी, अनु दुबे, अजीत पाठक, सूर्यांश ठाकुर, शिवम पाठक, विपिन अवस्थी, मोहित अवस्थी, आलोक बाजपेई, सचिन पांडेय, मुकुल पांडेय, राहुल अग्निहोत्री, रोहित अवस्थी, सोनू यादव सहित एक सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी संजय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक टीम गठित की है, जिसमें नायब तहसीलदार अभिषेक, कानूनगो धर्मेंद्र त्रिपाठी और तहसीलदार शशांक सिंह को शामिल किया गया हैं। टीम को मौके पर जाकर भूमि की स्थिति की जांच कर सही रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
थानाध्यक्ष मोनू शाक्य, चौकी इंचार्ज विमल कुमार, एसआई राघवेंद्र भदौरिया व एसआई सुरेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने बताया कि विवादित भूमि मस्जिद के पीछे स्थित जमीन है। गाँव में किसी प्रकार का तनाव नही है| राजस्व की जाँच में जो निकलकर आयेगा वह सभी को मान्य होगा| उपजिलाधिकारी संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह भूमि करीब 40 बीघे का यह पूरा नंबर है। जाँच की जा रही है| जाँच रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम निर्णय लिया जायेगा|
खेल प्रतियोगिता में नवोदय के छात्रों नें दिखाया दम
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मोहम्मदाबाद के नवोदय विद्यालय में विधायक खेल स्पर्धा में छात्रों नें अपना दम-खम दिखाया| छात्रों ने दर्शकों की जमकर तालियों बटोरीं|
दरअसल सांसद खेल स्पर्धा के तहत विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन भोजपुर विधान सभा के तहत किया गया दो दिवसीय प्रतियोगिता में 27 अक्टूबर को बालीबाल, कबड्डी, एथलेटिक्स का आयोजन किया| 28
अक्टूबर को कुश्ती, व बैडमिंटन की प्रतियोगिता का आयोजन होगा| प्रतियोगिता का श्रीगणेश भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया| विशिष्ठ अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने कबड्डी के खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर हौंसला बढ़ाया|
जिला क्रीडा अधिकारी कर्मवीर सिंह नें बालीबाल के खिलाड़ियो का परिचय लिया| क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनुराग, शुभम सिंह, पुष्पेन्द्र यादव, खंड शिक्षा अधिकारी भारती शाक्य, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता समीर शुक्ला, जिला कबड्डी एसोसिएशन के कुलदीप यादव, जिला व्यायाम शिक्षक संजीब कटियार, जिला कुश्ती एसोसिएशन सचिव अरुण कुमार व निर्णायक मंडल में संजीब यादव, सौरभ शर्मा, विमलेश कुमार,अभिषेक शाक्य, अभिषेक पाल आदि रहे| 
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ का किया पूजन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन यानी सोमवार की संध्या पहर में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर की पूजा संपन्न हो गई। व्रती महिला-पुरुष ने स्नान कर पीला व लाल वस्त्र
धारण कर पूरी पवित्रता के साथ हाथों में बांस के सूप में ऋतुफल ठेकुआ, ईख, नारियल, केला रखकर डूबते हुए सूर्य को नदी घाटों पर अर्घ्य किया। बारिश होनें से मौसम सुहाना हो गया| जबकि मौसम काफी खराब बूंदाबांदी के बाबजूद आस्था में लोगो ने फिर भी भक्तिभाव से बड़ी संख्या में भाग लिया।
शहर के पांचाल घाट गंगा तट पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की खासी भीड़ नजर आयी| व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। व्रती व उनके स्वजन अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा-अर्चना करने
के बाद आंगन एवं छत पर मिट्टी की कोशी की छठी के रूप में पूजा की। भगवान सूर्य और छठ माता से परिवार के सुख और समृद्धि की कामना के साथ पुत्र के दीर्घायु की प्रार्थना की। भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों और फलो का भोग लगाया गया। अब मंगलवार की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित
करेंगे। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास खत्म हो जाएगा और वे पारण करेंगे।छठ मैया को मौसमी फलों केला,अनानास,नारियल,शरीफा,संतरा,चीकू,सेब, पपीता के अलावा, फूलगोभी, लौकी, बैगन सब्जियों के साथ अर्पण किया,ठेकुआ,लड्डू,पूड़ी,कचौड़ी,पिटौआ,मेवा खीर भी छठ मैया को अर्पण किया गया। अस्ताचल गामी सूर्य को अर्पण करके अपने पति की लंबी आयु एवं अपने बच्चों के
स्वस्थ होने की प्रार्थना की।प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था रही। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह, सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय पुलिस बल के साथ रहीं। पूर्वांचल विकास समिति अध्यक्ष केदारशाह, प्रमोद कुमार झा,शशिकला,सीतादेवी,अंजू देवी, डॉ.जितेन्द्र सिंह यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का है विशेष महात्व
छठ पूजा में अस्ताचल यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महात्म्य है। इसके पीछे कई आध्यात्मिक पक्ष हैं। मान्यताओं के अनुसार अस्त होते समय भगवान सूर्य देव अपनी पत्नी प्रत्यूषा के साथ होते हैं। इस समय भगवान सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में आ रही सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने से व्रती महिलाओं सभी
मनोकामनाएं पूरी होती हैं। ढलता सूर्य हमें बताता है कि हमें कभी भी हार नहीं मानना चाहिए, क्योंकि रात होने के बाद एक उम्मीद भरी सुबह भी जरूर आती है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार होता है। इतना ही नहीं व्यक्ति को सफल जीवन का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है।
कृषि से जुड़ा है लोक आस्था का महापर्व छठ
लोक आस्था का पर्व छठ कृषि से जुड़ा है। कार्तिक व चैत्र मास में यह पर्व तब मनाया जाता है जब नई फसलें कट कर किसानों के घर आ
जाती है। अनाज से घर भरने को किसान सूर्य देव की कृपा मानते हैं। अन्न-धन से जब घर भर जाता हैं तो किसान परिवार सूर्य भगवान व उनकी बहन छठी मैया का आभार प्रकट करने को छठ पर्व मनाते हैं। छठी मैया ब्रह्मा की मानस पुत्री और षष्ठी तिथि की स्वामिनी हैं। भगवान सूर्य की बहन होने के नाते षष्ठी तिथि को छठी मैया के साथ सूर्य देव की भी पूजा-अर्चना की जाती है। मर्यादा पुरुषोत्मम श्रीराम व पांडवों ने भी किया था षष्ठी व्रत
ऐसी मान्यता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भी छठ का व्रत रखा करते थे। सूर्य देव उनके कुल देवता थे। श्रीराम शुक्ल षष्ठी तिथि को माता सीता के साथ अस्त होते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर यह व्रत किया करते थे। वहीं पांडवों ने भी इंद्रप्रस्थ में द्रौपदी के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर षष्ठी व्रत किया था।
सतयुग में ही आरंभ हो चुका था छठ पर्व
आचार्य सर्वेश शुक्ल ने बताया कि ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार छठ पर्व का आरंभ सतयुग में हो चुका था। उस समय पृथ्वी पर स्वयंभू मनु के पुत्र प्रियव्रत का राज था। लंबे इंतजार के बाद उनके घर संतान का जन्म हुआ, लेकिन देवयोग से वह संतान मृत पैदा हुआ था। प्रियव्रत दुखी मन से उस संतान का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। तभी दिव्य आभा के साथ षष्ठी देवी का प्रकाट्य हुआ। उन्होंने प्रियव्रत के संतान को नवजीवन प्रदान किया और साथ ही छठ व्रत करने को कहा। फिर राजा ने अपनी प्रजा के साथ सूर्य षष्ठी व्रत को किया।
‘मनाली पाठक’ बनी एक दिन की जिलाधिकारी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोमवार को मिशन शक्ति के पांचवे के तहत छात्रा मनाली पाठक को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया| मनाली ने फरियादियों की समस्याओं सुना और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये|
विकास खंड राजेपुर के गंगापार महात्मा गाँधी इंटर कालेज राजेपुर की कक्षा 10 की छात्रा कु. मनाली पाठक पुत्री मनोज पाठक निवासी ग्राम इमादपुर सोमवंशी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
कु. मनाली पाठक द्वारा जनता दर्शन में आई समस्याओं को सुना गया व
उनके समाधान के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये व जिलाधिकारी कोर्ट में आये हुये वादों की सुनवाई भी की कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भी की गयी।
मनाली पाठक द्वारा राष्ट्रीय ज्ञान परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया है व राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा भी उत्तीर्ण की गई है।जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी आदि रहे |
प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान
लखनऊ:प्रदेश में ठण्ड अब धीरे-धीरे अपने पैर पसार रही है आने वाले समय में ठंड और बढ़ सकती है। जैसे-जैसे अक्टूबर का महीना खत्म हो रहा है, वैसे-वैसे हल्की-हल्की ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी पर बना गहन अवदाब अगले चरण में और प्रबल होकर 28 अक्टूबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके परिणामस्वरूप 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज -चमक के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है|
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया इस मौसम तंत्र के प्रभाव से बादलों की आवाजाही शुरू होगी।इससे आगामी चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में त्वरित उतार-चढ़ाव के साथ 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है|

You Must Know- भारतीय मीडिया और राजनीति में रिश्तो का जाल

जेएनआई में वर्ष 2012 में प्रकाशित हुआ लेख एक महत्वपूर्ण जानकारी के साथ है आजाद भारत के बाद का इतिहास जानने का| थोडा उलझा हुआ लगेगा मगर जो ज्ञान बढ़ाने के शौक़ीन है उनके लिए ये किसी संजीवनी से कम नहीं खासकर उनके लिए जो कभी कभी अज्ञानता वश लम्बी लम्बी छोड़ देते है और फिर ट्रोल होने लगते है|
जिस समय विश्वनाथ प्रताप सिंह को निरमा साबुन से भी ज्यादा साफ समझा जाता था और उन्हें जयप्रकाश नारायण के उत्ताराधिकारी के तौर पर स्थापित करने की समवेत कोशिशें चल रहीं थी, कांग्रेसी नेता राजीव शुक्ला (उस समय पत्रकार थे) ने रविवार के आवरण कथा में एक सच लिख कर सबके छक्के छुड़ा दिए। सच यह था कि विश्वनाथ प्रताप सिंह ने एक नाटकीय क्षण में अपनी बहुत सारी जमीन विनोबा भावे की भूदान यात्रा में दान कर के यश कमाया था और फिर जब उन्हें लगा था कि गलती हो गई तो उन्होनें अपनी पत्नी की ओर से अपने ही खिलाफ हलफनामा दिलवाया कि उनका पति पागल है और उसके ध्दारा दस्तखत किए गए किसी भी दस्तावेज को कानूनी मान्यता नही दी जाए। राजीव शुक्ला को कांग्रेस का एजेंट घोषित कर दिया गया मगर वे यह मुहावरा चलने के बहुत साल पहले मुन्ना भाई की तर्ज पर लगे रहे। वही कांग्रेसी राजीव शुक्ला भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद के जीजा है| रविशंकर प्रसाद की छोटी बहन अनुराधा प्रसाद न्यूज़ 24 टीवी चैनल की मालकिन है और राजीव शुक्ला की पत्नी है|
कहानी उलझ रही है या सुलझ रही है यह तो आप तय करे। अपना काम आपको तथ्य बताने का है। पीटर मुखर्जी ने एक टीवी चैनल शुरू किया था। नाम था ’’न्यूज एक्स’’। चैनल बहुत धूम धड़ाके से शुरू हुआ और इसके पहले संपादक थे- वीर सांघवी। उन्हें चैनल में शेयर्स भी दिए गए थे मगर कुछ ही दिनों बाद वहां से चलते बने। पीटर मुखर्जी की हत्या हो गयी|
चैनल चला नहीं और फिर दृश्य में आई हमारी आपकी परिचित सुपर फिक्सर नीरा राडिया। उनके फोन की टैप की हुई बातचीत से पता चला है कि इंदौर के एक सेठ विनय छजलानी को उन्होंने सिर्फ मुखौटा बन कर यह चैनल खरीद लेने के लिए पटा लिया। पैसा अंबानी परिवार का लगा था और दो विदेशी कंपनियों के जरिए लगाया गया था। अब यह चैनल सिर्फ सत्तर करोड़ रुपए में जी समूह ने खरीद लिया है और इस खरीद से सिर्फ इनकम टेक्स के मामले में समूह को एक सौ साठ करोड़ रुपए की राहत मिली है। विनय छजलानी अभय छजलानी के बेटे हैं। अभय छजलानी हाल ही में पद्म श्री प्राप्त कर चुके हैं और इस उपलब्धि के चक्कर में पूरे देश के पत्रकारों को बुला कर शाही दावत दे चुके हैं।
छजलानियों के समूह के एक बड़े पत्रकार का नाम भी राडिया के दोस्तों में हैं मगर अभी दस्तावेज सामने नहीं आए इसलिए वे अपना आलोक बिखेर रहे हैं। मगर कहानी यह नहीं है। आज हम आपको यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि राजनीति, कारोबार और पत्रकारिता आपस में इतने घुल मिल गए हैं कि समझ में नहीं आता कि कौन कहां है और क्यों है? एनडीटीवी की बरखा दत्त पर ए. राजा को मंत्री बनाने के लिए भागदौड़ करने का इल्जाम लग चुका है मगर उनकी तरफ से कोई सफाई नहीं आई और किसी भी चैनल या पत्रिका ने उनसे सवाल भी नहीं पूछा। अब प्रणय रॉय एनडीटीवी के मालिक हैं। उनकी पत्नी राधिका बृंदा करात की बहन हैं। बृंदा करात मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो में हैं और इसके महासचिव प्रकाश करात की पत्नी भी है। प्रकाश करात चेन्नई में एन. राम, पी. चिदंबरम और मिथिली शिवरामन के साथ एक डिबेटिंग क्लब में थे और एक पत्रिका भी निकालते थे।
मार्क्सवादी पार्टी के सीताराम येचुरी की पत्नी का नाम सीमा चिश्ती है। सीमा चिश्ती इंडियन एक्सप्रेस की स्थानीय संपादक हैं। इंडियन एक्सप्रेस के संपादक शेखर गुप्ता एनडीटीवी पर एक बहुत शानदार कार्यक्रम करते हैं। राजदीप सरदेसाई पहले एनडीटीवी के प्रबंध संपादक थे। उनकी शादी सागरिका घोष से हुई है। सागरिका घोष नाइन एक्स वाले भास्कर घोष की बेटी हैं। भास्कर घोष दूरदर्शन के महानिदेशक थे और उन्होंने एनडीटीवी को एक प्रोडक्शन हाउस के तौर पर करोड़ों रुपए के कार्यक्रम दिए। सागरिका की बुआ रुमा पाल सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीश रही हैं और दूसरी चाची अरुंधती घोष संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि है।
करन थापर आईटीवी कंपनी चलाते हैं जो बीबीसी के लिए कार्यक्रम बनाती है। करन थापर के पिता जी जनरल प्राण नाथ थापर के नेतृत्व में 1962 में चीन से हारा था भारत। करन थापर बेनजीर भुट्टो और वर्तमान पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के खास दोस्त हैं। करन थापर के मामा की शादी जवाहर लाल नेहरू की भांजी और विजय लक्ष्मी पंडित की बेटी नयन तारा सहगल से हुई थी। राहुल बोस खालिद अंसारी के साढ़ू हैं। खालिद अंसारी मिड डे समूह के मालिक रहे हैं और हाल ही में दैनिक जागरण समूह को उन्होंने प्रकाशन बेच दिया है। खालिद अंसारी के पिता जी अब्दुल हमीद अंसारी कांग्रेस के नेता थे और स्वाधीनता संग्राम सेनानी भी थे। भारत में क्रिश्चियन आंदोलन के प्रवक्ता जॉन दयाल मिड डे के संपादक थे।
एन राम की पहली पत्नी का नाम सूजन हैं और वे आयरलैंड से हैं। इन दोनों की बेटी विद्या राम पत्रकार है। एन राम की शादी अब मरियम से हुई है और एन राम, जेनिफर अरुल और के एम रॉय कैथोलिक विषक कांफ्रेंस चलाने वाली संस्था के संस्थापक हैं। जेनिफर अरुल दक्षिण भारत में एनडीटीवी की स्थानीय संपादक हैं। वे इंडोनेशिया के चैनल एस्ट्रो स्वामी के लिए भी काम करती हैं। के एम राय हिंदू अखबार में काम करते हैं और समूह के मंगलम प्रकाशनों के संपाकद भी है। उन्हें ऑल इंडिया कैथोलिक यूनियन लाइफ टाइम पुरस्कार मिल चुका है जिसके उपाध्यक्ष डॉक्टर जॉन दयाल है। जोसेफ डिसोजा महासचिव हैं और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अनुसूचित जाति, जनजाति समिति के सलाहकार भी है।
सुहासिनी हैदर सुब्रमण्यम स्वामी की बेटी है जिनकी शादी सलमान हैदर के बेटे से हुई है। सलमान हैदर 1996 तक भारत के विदेश सचिव के और बाद में ब्रिटेन और चीन में राजदूत भी रहे हैं। वे खुद स्टेटस मैन में कॉलम लिखते हैं और फोर्ड फाउंडेशन से पैसा ले कर साउथ एशियन पॉलिटिकल इनिशिएटेड नाम की एक दुकान चलाते हैं। तोसीह नाम का एक फारसी अखबार है जिसके हैदराबाद से निकलने वाले वार्ता से व्यवसायिक संबंध हैं। वार्ता एजीएफ पब्लिकेशंस चलाता है जिसके मालिक गिरीश सांघी हैं। गिरीश सांघी अखिल भारतीय वैश्य फैडरेशन के अध्यक्ष हैं जिसके सलाहकार समूह में दैनिक जागरण के चेयरमैन महेंद्र मोहन गुप्ता है।
डेक्कन क्रॉनिकल आईपीएल में टीम के मालिक होने के अलावा आंध्र भूमि नाम का एक तेलगू अखबार भी निकालता हैं। एमजे अकबर द्वारा शुरू किए गए एशियन एज को अब उसने हड़प लिया है। न्यूयार्क टाइम्स का प्रकाशन साझीदार बन गया है और इंटरनेशन हैराल्ड ट्रिब्यून का प्रकाशन भी करता हैं। डेक्कन क्रॉनिकल के मालिक टी वेंकट राम रेड्डी कांग्रेस की ओर से राज्य सभा के सदस्य भी रह चुके हैं। इसी समूह के संपाकद रहे एम जे अकबर भी एक बार कांग्रेस की ओर से लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं।
आंध्र प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वाई एस राजशेखर रेड्डी वाई एस जगन अखबार और टीवी चैनल चलाते हैं। उनके दोस्त करुणाकर रेड्डी तिरुपति न्यास के अध्यक्ष है और साक्षी नाम का अखबार चलाते हैं। ये अखबार लैंको ग्रुप के निवेश से चलता है और इसके उपाध्यक्ष श्रीधर के भाई एल राजगोपाल कांग्रेस के सासंद रह चुके हैं और वे भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री पी उपेंद्र के दामाद हैं। कहानी अभी और भी हैं और बगैर राजनैतिक या व्यापारिक संपर्कों के अगर आप पत्रकारिता में शिखर पर पहुंचना चाहते हैं तो आपकी उम्मीदें काफी हद तक बेकार साबित होंगी। यह रिश्तों, सौदों, दलालियों और भारी निवेश का खेल बन गया हैं।
विशेष-
ये लेख लेखक आलोक तोमर का है जो अब हमारे बीच नहीं है| वे जाने-माने पत्रकार थे| ये लेख अलोक तोमर ने 9 वर्ष पहले लिखा था जिसे कभी भी पुराना नहीं कहा जायेगा| यह लेख जेएनआई के आज 25 मार्च 2012 को प्रकाशित हुआ था| इसी कड़ी में 2012 के बाद के रिश्तो को अगले अंक में प्रकाशित करेंगे|
दो बाइक सवारों की ट्रैक्टर से टक्कर में मौत
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक रिश्तेदारी में वरीक्षा कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी नगला उम्मेद के पास उनकी बाइक आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया।
कोतवाली मोहम्ददाबाद के ग्राम गैसिंगपुर निवासी 28 वर्षीय मोहित पुत्र राजवीर व 25 वर्षीय राहुल पुत्र सत्यपाल कार्यक्रम में शामिल होकर नवाबगंज के बर्राकेशब से बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों बिना हेलमेट के सवारी कर रहे थे। रात करीब आठ बजे जब वे नगला उम्मेद के पास पहुंचे, तभी आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, कोतवाल नवाबगंज अबध नारायण पाण्डेय, कोतवाल मोहम्मदाबाद विनोद शुक्ला व थाना पुलिस मौके पर पहुंची । शवों की तलाशी ली। पुलिस को पास में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर और ट्रॉली को पुलिस ने मौके से बरामद कर कब्जे में ले लिया। जबकि चालक हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।



