Home Blog Page 133

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में फर्रूखाबाद छठवें स्थान पर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में सीएम डैशबोर्ड विकास कार्यों की अक्टूबर माह समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद ने प्रदेश में 6वां स्थान प्राप्त किया। बैठक में 29 विभागों की 74 योजनाओं की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने अल्पसंख्यक कल्याण, जल निगम, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, उद्योग, पशुधन और चिकित्सा विभागों के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई और अगले माह रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।



पद यात्रा में धीरेन्द्र शास्त्री के साथ शामिल हुए महंत ईश्वर दास महाराज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दिल्ली से वृंदावन तक चल रही सनातन हिंदू एकता पद यात्रा” में अब फर्रूखाबाद का गौरव भी जुड़ गया है। दूर्वाशा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वरदास महाराज ने इस ऐतिहासिक यात्रा में हिस्सा लिया और यात्रा का नेतृत्व कर रहे बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का पलवल में भव्य स्वागत किया। महंत ईश्वरदास महाराज ने कहा कि यह यात्रा केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि सनातन धर्म के उत्थान और राष्ट्रीय एकता का संदेश है। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य है — गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण कराना, ब्रजधाम क्षेत्र को मांस-मदिरा से मुक्त कराना, माँ यमुना को स्वच्छ बनाना, भारत को हिंदू राष्ट्र के रूप में स्थापित करना महंत ईश्वरदास महाराज ने कहा कि यह यात्रा हिंदू समाज को एकजुट करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धर्म, संस्कृति और गौ-संरक्षण के लिए आगे आएँ और सनातन परंपरा की रक्षा में योगदान दें। पद यात्रा में जगह-जगह लोगों द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत और आरती कर यात्रियों का अभिनंदन किया जा रहा है। यात्रा का अंतिम पड़ाव वृंदावन में होगा, जहाँ विशाल संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।



गंगा तटबंध निर्माण की मांग को लेकर 14 नवंबर को होगी महत्वपूर्ण बैठक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद में प्रतिवर्ष गंगा नदी में आने वाली बाढ़ से बड़ा क्षेत्र प्रभावित होता है। हर साल लाखों लोग इस बाढ़ की विभीषिका का सामना करते हैं। कई गांवों का अस्तित्व समाप्त हो जाता है, वहीं गंगा जी द्वारा लाई गई रेत और कटान के कारण लाखों एकड़ भूमि कृषि योग्य नहीं रह जाती। प्रत्येक वर्ष बाढ़ से भारी जनहानि और पशुहानि होती है। इस आपदा से स्थायी समाधान के लिए आवश्यक है कि गंगा नदी के दोनों किनारों पर मजबूत तटबंध (बंध) का निर्माण कराया जाए। इसी मुद्दे को लेकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लोग लगातार तटबंध निर्माण की मांग उठा रहे हैं। इस सामूहिक आवाज को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 14 नवम्बर, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जमापुर चौराहा, फर्रूखाबाद पर एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है।बैठक में गंगा तटबंध निर्माण को लेकर आगामी रणनीति तय की जाएगी। यह जानकारी देते हुए फर्रूखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने विचार रखें और इस जनहित के मुद्दे को मजबूत करें।



खुले में खाद्य पदार्थ रखने पर होगी कार्रवाई: डीएम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई और कई अहम निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। किसी भी प्रकार की खामियां पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कोई भी खाद्य पदार्थ खुले में न रखा जाए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी त्यौहारों के मद्देनजर बाजारों में चेकिंग अभियान तेज किया जाए। बैठक में व्यापारियों द्वारा विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लेकर शिकायतें रखी गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा मिशन हॉस्पिटल व भोलेपुर क्षेत्र में अतिक्रमण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि अधिकारी रहे|

भैरव बाबा का धूमधाम से मनाया गया जन्मोत्सव

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बाल भैरव मंदिर नितगंजा परिसर में बुधवार को भैरव बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन व बाबा को 56 भोग अर्पित किए गए। दोपहर बाद भव्य भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। मंदिर प्रांगण में रोशनी और फूलों से सजावट की गई थी, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा के जयकारे लगाए और श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। आयोजन में भैरव बाबा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विजय गुप्ता, दिनेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, संजीव सक्सेना,अनूप गुप्ता,उमेश सिंह, निखिल गुप्ता,आरती गुप्ता, संजीव वर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

वतन वापस आते ही एलएनजेपी अस्पताल में घायलों से मिले पीएम मोदी

0

नई दिल्ली: देश की राजधानी में सोमवार को हुए विस्फोट की घटना में कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल गये थे आज भूटान से वतन वापस आते ही पीएम मोदी एलएनजेपी अस्पताल पहुंच और उन्होंने घायलों से मुलाकात की|राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) इस घटना की जांच कर रही है|एनआईए ने दिल्ली ब्लास्ट की जांच के लिए ‘स्पेशल 10’ अधिकारियों की टीम तैयार की है जिसमें आईजी, दो डीआईजी और 3 एसपी होंगे बाकी डीएसपी स्तर के अधिकारी इस टीम में शामिल हैं|दिल्ली ब्लास्ट मामले को लेकर बुधवार को एनआईए के डीजी और आईबी चीफ की बैठक भी हुई है|मामले में एजेंसियों ने जांच दायरा बढ़ाते हुए छह और लोगों को हिरासत में लिया है|

सोलर प्लेट लगाने के बहाने करते थे चोरी, बोलेरो लोडर समेत दो गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)थाना कमालगंज पुलिस ने चोरी के माल सहित एक अभियुक्त और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप में भरा भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। चार अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना का विवरण
ग्राम नगला दाऊद निवासी अनीस अहमद पुत्र मुस्तकीम ने 29 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में उनकी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सामान चोरी कर ले गए। इस पर थाना कमालगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी व बरामदगी

12 नवम्बर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बघार नाला की पटरी के पास दबिश देकर अभियुक्त मोहित पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम बलीपुर थाना कमालगंज व एक बाल अपचारी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। बरामद सामान में शामिल
24 बंडल बान प्लास्टिक, 32 बंडल बान रेशम, 20 बंडल रस्सी, 2 बंडल प्लास्टिक रस्सा, 1 बंडल रबर रस्सा, 72 प्लास्टिक मग, 10 क्लिंग फिल्म रोल, 58 बंडल निवाड़, 22 तिरपाल, 13 बंडल रेग्जीन तिरपाल, 6 बैटरा, 2 इनवर्टर, 1 बड़ा सोलर इनवर्टर और 1 सोलर प्लेट शामिल हैं। पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा
अभियुक्त मोहित ने बताया कि वह सोलर प्लेट लगाने का काम करता है और उसी बहाने अपने साथियों के साथ दुकानों की रेकी कर चोरी करता था। गैंग खास तौर पर हार्डवेयर की दुकानों को निशाना बनाता था। उसने स्वीकार किया कि 3/4 अगस्त की रात थाना नवाबगंज और 30/31 अक्टूबर की रात थाना शमसाबाद क्षेत्र में भी चोरी की वारदात की थी।पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार चार अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह नें पुलिस लाइन में घटना का खुलासा किया |



बिहार पुलिस ने हरिहरपुर में की छापेमारी, आरोपी की तलाश

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बिहार पुलिस ने मंगलवार को राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव हरिहरपुर में एक युवक को युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दबिश दी। हालांकि पुलिस को खबर लिखे जानें तक आरोपी हाथ नहीं लगा|
बिहार प्रांत के विष्णुपुर टोला निवासी एक व्यक्ति ने वहां की स्थानीय पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को कल्लू नाम का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की जांच के दौरान आरोपी की मोबाइल लोकेशन उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव हरिहरपुर में पाई गई।
इसके बाद बिहार पुलिस सक्रिय हो गई और मंगलवार को दरोगा लाल सहाय तिवारी महिला कांस्टेबल के साथ राजेपुर थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से संयुक्त रूप से हरिहरपुर गांव में दबिश दी गई। पुलिस ने गांव के कई स्थानों पर छानबीन की|

डॉक्टर पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनाने का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फँसाने का गंभीर आरोप लगा है। चिकित्सक शिकायतों को निराधार बता रहे हैं।
ग्राम हरदुआ थाना नवाबगंज निवासी रमेश चंद्र पुत्र स्व. किताब सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले को जांच कराए जाने की मांग की है।पीड़ित का आरोप है कि डॉ. लोकेश शर्मा की ओर से 27 अक्तूबर 2025 को एक फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की गई, जिसके आधार पर राजवीर पुत्र रामनिवास निवासी हरवुआ वबना थाना नवाबगंज की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा संख्या गंभीर धाराओं में दर्ज कराया गया। रमेश चंद्र का कहना है कि यह मुकदमा पूरी तरह झूठा है और घटना का कोई वास्तविक आधार नहीं था। आरोप यह है कि जिस दिन मेडिकल रिपोर्ट तैयार की गई, उस दिन डॉ. लोकेश शर्मा सीएचसी पर उपस्थित ही नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में रिपोर्ट तैयार की गई और उनके नाम से हस्ताक्षर व सील लगाई गई। प्रार्थी ने इस संबंध में वीडियो और ऑडियो साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं, जिनसे यह साबित होता है कि डॉक्टर उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रिपोर्ट में चोटों को “ताज़ा” बताया गया, जबकि वे तीन से चार दिन पुरानी थीं। इससे स्पष्ट होता है कि मेडिकल रिपोर्ट बिना परीक्षण के फर्जी तरीके से तैयार की गई। रमेश चंद्र का आरोप है कि सीएचसी नवाबगंज में इस तरह का “रैकेट” चल रहा है, जहाँ पैसों के लेनदेन के आधार पर फर्जी मेडिकल रिपोर्टें तैयार की जाती हैं और निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फँसाया जाता है।उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी चिकित्सक और संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा उनके खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमे की जांच कर उसका निराकरण किया जाए।

जिला पुस्तकालय समिति की बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुस्तकालयों में कैरियर काउंसलिंग कैंप को नियमित रूप से संचालित किया जाए, ताकि छात्रों और युवाओं को मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर कनेक्शन लगवाया जाए, जिससे ऊर्जा की बचत हो और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था बनी रहे| इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी लाइब्रेरियों का रजिस्ट्रेशन कराया जाए तथा उनमें सुरक्षा के सभी मानक सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में जमीन चिन्हित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।