Home Blog Page 132

मदन मोहन चतुर्वेदी बने कायमगंज प्रभारी निरीक्षक,चार निरीक्षक व चार उपनिरीक्षक इधर से उधर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बीती रात कई निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए नई तैनातियां कर दीं। एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मदन मोहन चतुर्वेदी को कोतवाली कायमगंज का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक मुन्ना लाल को प्रभारी जन सूचना सेल से हटाकर कोतवाली मोहम्मदाबाद भेजा गया है। इसके अलावा निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा से हटाकर प्रभारी जन सूचना सेल, तथा निरीक्षक मंजेश कुमार सिंह को प्रभारी मीडिया सेल से हटाकर प्रभारी न्यायालय सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेरबदल में पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अनुज कुमार को कोतवाली मोहम्मदाबाद, जबकि दरोगा नागेंद्र कुमार सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर सराह चौकी (फतेहगढ़) का प्रभारी बनाया गया है। इसी क्रम में महिला दरोगा शकीला बानो को पुलिस लाइन से महिला थाना तथा दरोगा राकेश कुमार तिवारी को भी पुलिस लाइन से महिला थाना भेजा गया है।एसपी द्वारा किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक सक्रियता का कदम माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस व्यवस्था में सुधार और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




खबर का असर: आखिर जागे जिम्मेदार, जिला जेल क्रॉसिंग के पास भरे गए खतरनाक गड्ढे

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) आपके प्रिय जेएनआई ब्यूरो पर प्रकाशित खबर का बड़ा असर सामने आया है। आखिरकार जिम्मेदार विभागों की नींद खुली और फतेहगढ़ जिला जेल क्रॉसिंग के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भर दिया गया है। इस शीर्षक से ‘फतेहगढ़ जिला जेल क्रॉसिंग पर गहरे गढ्ढों में हिचकोले ले रहे वाहन’ हादसे के इंतजार में रेलवे! खबर प्रकाशित हुई थी|
दरअसल, जिला जेल क्रॉसिंग के समीप लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए थे। इन गड्ढों से होकर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते थे, जिससे राहगीरों और दोपहिया चालकों के लिए खतरा बना रहता था। कई लोग इन गड्ढों में फिसलकर चोटिल भी हो चुके थे। गड्ढों की मरम्मत को लेकर पीडब्ल्यूडी और रेलवे विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर टालमटोल जारी थी। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे, जिससे समस्या बनी रही। जेएनआई न्यूज के द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिला जेल क्रॉसिंग के दोनों ओर सड़क के गड्ढों को भरवा दिया गया। अब सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते इस मुद्दे को उठाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।




कांग्रेस की बूथ स्थानांतरण को लेकर एसडीएम से मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सदर तहसील क्षेत्र के बूथ संख्या 235 (चीनीग्राम) व 236 (बाग रुस्तम) के मतदान केन्द्रों को प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम से हटाकर रकाबगंज स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में बनाए जाने को लेकर कांग्रेस नें आपत्ति लगाते हुए एसडीएम को संबोधित शिकायत उनके कार्यालय में सौंपी|
कांग्रेस विधि विभाग के जिला चेयरमैन एडवोकेट वरुण त्रिपाठी ने इस निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए उपजिलाधिकारी फतेहगढ़ को सम्बोधित पत्र उनके कार्यालय में सौंपा है| पत्र में उन्होंने दोनों बूथों को पुनः उनके पूर्व स्थान प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम में स्थापित किए जाने की मांग की है। वरुण त्रिपाठी ने कहा कि वर्षों से बूथ 235 व 236 का मतदान प्राथमिक विद्यालय, चीनीग्राम में ही संपन्न होता आया है, जो दोनों गांवों के मतदाताओं के लिए सुलभ और सुविधाजनक है। उन्होंने बताया कि अब बूथ को रकाबगंज स्थानांतरित करने से बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनसुविधा और लोकतांत्रिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए दोनों बूथों को पुनः यथास्थान स्थापित करने का निर्णय लेना चाहिए।

वसूली में सुस्ती पर डीएम सख्त, कई विभागों को मिली चेतावनी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कर करेत्तर समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं निबंधन, आबकारी विभाग की वसूली लक्ष्य से कम पाई गई। जबकि परिवहन व खनन विभागों की वसूली लक्ष्य से अधिक रही। जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को प्रवर्तन कार्य में सख्ती व तेजी लाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की वसूली संतोषजनक बताई गई, वहीं नगर पंचायत कंपिल, नगर पालिका कायमगंज, कमालगंज व फर्रुखाबाद नगर पालिका की वसूली लक्ष्य से कम रही। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी विभाग प्रवर्तन कार्य बढ़ाएं और प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड पैरामीटर की समीक्षा कर सुधार करें।


मेला श्रीरामनगरिया की तैयारियों को 15 दिसंबर तक पूर्ण करनें के निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आगामी मेला श्रीरामनगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में मेला समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह मेला 03 जनवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों- सांस्कृतिक समिति, निविदा आमंत्रण समिति, दुकान-भू आवंटन समिति, आय-व्यय समिति, अस्थायी शौचालय समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, सफाई समिति, यातायात/परिवहन समिति, विकास प्रदर्शनी समिति, खाद्य सामिग्री एवं रसोई गैस समिति, समतलीकरण समिति, कानून व्यवस्था समिति तथा मीडिया सेल समिति — का गठन किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में इंसुलेटेड बिजली के केबिल, खोया-पाया केंद्र, उच्च गुणवत्ता की साउंड व्यवस्था और बेहतर कैम्प कार्यालय बनाए जाएं। पैंटून पुल के दोनों किनारों पर बैरीकेटिंग व ‘पानी गहरा है’ के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। मेला क्षेत्र में कार्यरत वालेंटियरों को ड्रेस उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने निर्देशित किया कि रोटेशन के अनुसार मजिस्ट्रेट की तैनाती, मोबाइल टॉयलेट्स की सफाई व्यवस्था, और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त संख्या में स्थापना सुनिश्चित की जाए। मेले के उपरांत सफाई की शर्त को टेंडर में शामिल किया जाए और मीडिया कैम्प का डेकोरम बनाए रखा जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीनों विधाओं के चिकित्सा कैम्प लगाने, एम्बुलेंस तैनात करने तथा सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए। पूरे मेला क्षेत्र में एंटी-लार्वा छिड़काव व फॉगिंग नियमित रूप से कराने, अग्निशमन वाहनों की तैनाती तथा सुरक्षा की निगरानी हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए।
मेला क्षेत्र में संचालित नावों पर मालिक व नाविक का नाम, बैठने की क्षमता अंकित की जाएगी और लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य होगा। सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखे जाएंगे तथा विद्युत, फायर व फायर सुरक्षा की एनओसी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरा मेला क्षेत्र प्लास्टिक मुक्त जोन बनाया जाए और सभी तैयारियां 15 दिसंबर तक पूर्ण कर ली जाएं। विकास प्रदर्शनी में समूहों की दुकानें लगाने के निर्देश देते हुए कहा गया कि प्रदर्शनी पूरे मेले की अवधि तक संचालित रहे। साथ ही जिला गंगा समिति व पर्यटन विभाग के स्टॉल भी लगाने की मांग समिति के सदस्यों ने की। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डीएफओ राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर रजनी कान्त पाण्डेय आदि रहे|

सटोरियों से बसूली के आरोप में दारोगा किया था लाइन हाजिर, सट्टा माफिया तक नही पंहुच पा रहे पुलिस के हाथ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक माह पूर्व वायरल हुए सट्टे के वीडियो मामले में कार्रवाई का सिलसिला अधूरा नजर आ रहा है। वीडियो में एक सट्टा माफिया खुलेआम सट्टा लगवाते हुए तत्कालीन दरोगा अच्छेलाल पाल को 15,000 रुपए हर माह देने की बात कह रहा था। वीडियो वायरल हुआ, मामला संज्ञान में आने के बाद क्षेत्राधिकारी की जांच रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया था। हालांकि, घटना को लगभग एक महीना बीत जाने के बाद भी वीडियो में बात चीत कर रहे सट्टा संचालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सट्टे का यह नेटवर्क लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है, लेकिन पुलिस की पकड़ से बाहर बना हुआ है। लोगों में यह भी नाराजगी है कि सिर्फ दरोगा को लाइन हाजिर कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक सट्टा कारोबार पर लगाम न लगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सटोरिया की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक महीने बाद भी सट्टेबाज का खुलासा न हो पाना न केवल पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि कहीं न कहीं सट्टा कारोबार को संरक्षण मिल रहा है! अब देखना यह होगा कि पुलिस अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब कितनी जल्दी कार्रवाई से देती है।
क्या बोले जिम्मेदार
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि वीडियो के आधार पर दारोगा अच्छे लाल को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद वीडियो बनाने वाले की तलाश की गई, लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

खंड शिक्षा अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में नही मिली राहत, 18 नवम्बर को आरोप सृजन की तारीख तय

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सहायक अध्यापक अनिल कुमार त्रिपाठी को आत्महत्या के लिए उकसाने के बहुचर्चित मामले में जनपद न्यायालय की अदालत से खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह को राहत नहीं मिल सकी है।
सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अदालत ने अभियुक्त का प्रार्थनापत्र खारिज करते हुए आरोप सृजन की तारीख 18 नवम्बर 2025 निर्धारित की है।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान अभियुक्त सुरेन्द्र नाथ अवस्थी व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहे, जबकि अभियुक्त गिर्राज सिंह एवं निर्देश गंगवार की उपस्थिति उनके अधिवक्ताओं के माध्यम से स्वीकार की गई| अभियुक्त गिर्राज सिंह की ओर से यह दलील दी गई कि वे घटना के समय खंड शिक्षा अधिकारी, कायमगंज के पद पर कार्यरत थे, इसलिए उनके विरुद्ध आरोपपत्र पर विचार करने से पहले सरकारी अनुमति आवश्यक थी।
इस पर जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) ने आपत्ति दर्ज कराई और कहा कि आरोपित ने मृतक शिक्षक को गाली-गलौज कर अपमानित करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाया, जो किसी भी अधिकारी के वैधानिक कार्यक्षेत्र का हिस्सा नहीं है। वादी पक्ष की ओर से भी तर्क दिया गया कि आत्महत्या के लिए उकसाना न तो किसी पद का कर्तव्य है और न ही विभागीय कार्यवाही का हिस्सा, बल्कि यह दंडनीय अपराध है। अभियोजन पक्ष ने केस डायरी का हवाला देते हुए बताया कि विवेचना के दौरान भी अभियोजन स्वीकृति के संबंध में अधिकारियों के बीच पत्राचार का उल्लेख किया गया है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली के अवलोकन के बाद अदालत ने माना कि-“किसी अधीनस्थ कर्मचारी को गालीगलौज कर अपमानित करना एवं आत्महत्या के लिए उकसाना किसी खंड शिक्षा अधिकारी के पद के निर्वहन का हिस्सा नहीं है।” अदालत ने इस आधार पर अभियुक्त एबीएसए गिर्राज सिंह का प्रार्थनापत्र खारिज करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की राहत देने से इंकार कर दिया। साथ ही मामले की पत्रावली आरोप सृजन हेतु 18 नवम्बर 2025 को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

मातृभाषा ज्ञानार्जन का सबसे बड़ा साधन: वंदना द्विवेदी

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) हिन्दी साहित्य भारती जनपद शाखा की एक गोष्ठी समाजसेवी चिकित्सक डा. रजनी सरीन के लोहाई रोड स्थित निवास पर आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी की धर्मपत्नी एवं हिन्दी साहित्य भारती की उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना द्विवेदी रहीं।
गोष्ठी में उन्होंने कहा कि “राष्ट्रभाषा हिन्दी भारत की आत्मा है, इसके बिना उन्नति की अवधारणा अधूरी है। उन्होंने कवि भर्तृहरि के दोहे का उल्लेख करते हुए कहा-निज भाषा उन्नति अहे, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा ज्ञान के, मिटे न हिय को शूल॥ उन्होंने जोर देकर कहा कि मातृभाषा ही व्यक्ति के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय कवि डॉ. शिव ओम अंबर ने कहा कि “मातृभाषा ही सभी प्रकार की उन्नति का मुख्य आधार है। वहीं डा. रजनी सरीन ने कहा कि ‘हिन्दी है हम, वतन है हिंदुस्तान हमारा, मातृभाषा ज्ञानोपार्जन का सबसे सहज और प्रभावी मार्ग है। कार्यक्रम में शशिकिरण सिंह एवं कृष्ण कांत ‘अक्षर’ की उपस्थिति विशेष रही। समापन अवसर पर उपस्थित सभी साहित्यकारों को ‘अभिव्यंजना’ की पत्रिका ‘अक्षरा लोक’ भेंट की गई। आलोक रायजादा, डॉ. संदीप चतुर्वेदी, अवनीन्द्र कुमार, शिवम दीक्षित, शिवांश गुप्ता, श्रीमती गुंजा जैन, प्रीति रायजादा रहे|

पुलिस चौकी के निकट सराफा सहित दो दुकानों में सेंध, लाखों के जेबरात व नकदी पार

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र की पखना चौकी से महज कुछ ही मीटर दूरी पर बीती रात चोरों ने दो दुकानों में धावा बोलकर पुलिस की गश्त व्यवस्था की पोल खोल दी। चौकी से कुछ ही दूरी पर लाखों की चोरी होने के बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी।सीसटीवी में बदमाश कैद भी हो गये| पहली वारदात गोविंद ज्वेलर्स की दुकान में हुई जो चौकी से करीब 80 मीटर दूर स्थित है। चोरों ने गाटर की मदद से दुकान का शटर उखाड़कर अंदर घुसपैठ की और तिजोरी उठा ले गए। तिजोरी तोड़कर उसमें रखे 70,000 नगद और करीब 6 लाख के सोने-चांदी के आभूष गायब कर दिए। दुकान मालिक संजय सोनी निवासी बेवर ने बताया कि वह रात 7 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पड़ोसी दुकानदारों से उन्हें चोरी की जानकारी मिली। दूसरी घटना विकास मेडिकल स्टोर में घटी जो चौकी से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर है। चोर दुकान के पीछे से छत पर चढ़कर जीने में नकब लगाकर अंदर घुसे और 1.80 लाख नकद चोरी कर ले गए। स्थानीय व्यापारियों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चौकी से चंद कदम की दूरी पर दो दुकानों में चोरी होना गश्त की पूरी तरह नाकामी को दर्शाता है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब चौकी से महज 50-80 मीटर दूर चोरी हो रही है और पुलिस को पता तक नहीं चलता, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे? घटनाओं की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, एसओजी टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुँचीं| पुलिस नें जाँच की| अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह नें बताया की मामले मे जाँच की जा रही है, घटना के खुलासे के लिए टीमें लगा दी गयी हैं|



यातायात माह: हाई-वे पर लगाए गए रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड

फर्रूखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) यातायात माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा को लेकर फर्रूखाबाद पुलिस ने सराहनीय पहल की है। यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में इटावा-बरेली हाईवे पर नगला कलार व सेंट्रल जेल चौराहे के बीच डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए गए। इस कदम का उद्देश्य रात्रिकालीन समय में दृश्यता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि जहां भी आवश्यकता महसूस होगी, वहां रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालक सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अवश्य प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके और जीवन सुरक्षित रह सके।