Home Blog Page 129

वक्फ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर पंजीकरण की अपील

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ की पहल के तहत रकाबगंज चौराहा स्थित मस्जिद जान अली में सोमवार को वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और जागरूकता को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहाउद्दीन, जमाते इस्लामिया हिंद उत्तर प्रदेश वेस्ट के सेक्रेटरी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखने और भविष्य में किसी भी विवाद से बचने के लिए उनका उम्मीद पोर्टल पर 5 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी वक्फ ज़मीने और संपत्तियाँ पोर्टल पर दर्ज होनी चाहिए, जिसके लिए प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और कमेटियाँ बनाई जा रही हैं ताकि जागरूकता बढ़ सके। ईमाम सुनहरी मस्जिद मौलाना सदाकत हुसैन सेथली ने कहा कि फर्रुखाबाद तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ कमेटी अच्छी पहल कर रही है और यह समय की ज़रूरत है कि सभी वक्फ जगहों को जल्द से जल्द पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे अपने घर के दस्तावेज़ रखना ज़रूरी होता है, वैसा ही अल्लाह के घर और वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वक्फ बोर्ड से यह भी आग्रह किया कि फर्रुखाबाद की वक्फ संपत्तियों की सूची जारी की जाए ताकि नोडल अधिकारियों को क्षेत्र चिन्हित करने में आसानी हो। कार्यक्रम में कन्नौज, फर्रुखाबाद, शमशाबाद और कायमगंज से भी लोग पहुँचे। इस दौरान जामा मस्जिद पेश इमाम मुफ़्ती मोअज़्ज़म अली, शहर काज़ी सैय्यद मुताहिर अली, मौलाना अब्दुल रब कासमी, अब्दुल मन्नान, हफीज़ खान, अहमद आदिल, मोहम्मद यूनुस खान, हाजी बिलाल अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नासिर खान ने किया।

एशिया से सबसे जहरीले सांप ‘रसल वाइपर’ का जोड़ा मिलने से हड़कंप, देखें वीडियो

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)थाना मऊदरवाज़ा क्षेत्र के बीबीगंज ठाकुरद्वारा के पास स्थित बगिया में रविवार को बेहद जहरीले रसल वाइपर सांप के जोड़े के दिखने से हड़कंप मच गया। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने इसे अजगर समझकर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। स्थानीय निवासी निर्मल शाक्य ने सांपों को देखने के बाद तत्काल

सभासद जयवीर शाक्य को जानकारी दी। सभासद ने तुरंत वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेंजर अनूप कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और दो घंटे तक सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने दोनों खतरनाक सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मोहल्ले में पिछले तीन-चार दिनों से सांप दिखाई देने की चर्चा होने से लोग दहशत में थे। वन विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

रिश्वतखोरी में पकड़ा गया पुलिस लेखाकार हरेन्द्र छह माह से स्थानांतरण के बाद भी कुर्सी पर था जमा

फर्रूखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस विभाग के लंबित देयकों के भुगतान के बदले रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ लेखाकार हरेंद्र सिंह चौहान को विजिलेंस टीम ने 15,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जाता है कि हरेंद्र सिंह अपने ही विभाग के कर्मचारियों के लंबित देयकों के भुगतान में अनियमितता और अवैध वसूली के लिए कुख्यात थे।
कार्यालय में लंबे समय से चर्चा रही है कि वरिष्ठ लेखाकार खुलकर रिश्वत लेते थे और बिना पैसे के किसी भी देयक की फाइल आगे नहीं बढ़ती थी। कर्मचारियों का आरोप है कि वे भुगतान को अनावश्यक रूप से लटकाकर घूस लेने का दबाव बनाते थे। उसकी विभागीय पकड़ इतनी मजबूत थी कि कोई भी कर्मचारी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटाता था। हरेंद्र सिंह चौहान व वरिष्ठ लिपिक नीरज जायसवाल दोनों का स्थानांतरण इसी वर्ष जून में पीएसी मुख्यालय लखनऊ के लिए कर दिया गया था। स्थानांतरण आदेश के बाद मुख्यालय की ओर से बार-बार अनुस्मारक भेजे गए, लेकिन दोनों ने मुख्यालय में ज्वॉइन नहीं किया। विभागीय अधिकारियों पर पकड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि छह महीने बीत जाने के बाद भी दोनों कर्मचारी अपनी-अपनी सीटों पर जमे रहे व पुलिस अधीक्षक कार्यालय से उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया। बताते चले विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि हरेंद्र सिंह 145000 रुपए के लंबित भुगतान के एवज में 15,000 रुपये की अवैध मांग कर रहे हैं। 14 नवंबर को विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर हरेंद्र सिंह को घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से देयक भुगतान में जान बूझकर की जा रही देरी और अवैध वसूली से विभाग की छवि खराब हो रही थी। अब विजिलेंस की कार्रवाई से उम्मीद है कि विभाग में पारदर्शिता और अनुशासन बहाल होगा तथा लंबे समय से लंबित स्थानांतरण आदेशों का भी पालन कराया जाएगा। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक से वार्ता का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नही लगा|

खुलेआम फायरिंग के आठ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र में दंपति पर खुलेआम फायरिंग की घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की धीमी कार्रवाई और आरोपी के प्रभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दंपति पर जानलेवा हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद भी मामला ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। 7 नवंबर की रात आवास विकास निवासी संजय सिंह और उनकी पत्नी अर्चना टहलने निकले थे। जैसे ही वे लकूला रोड स्थित ज्ञान फोर्ड स्कूल के पास पहुंचे, उसी समय तेज रफ्तार से आकर रुकी कार में बैठे बीजेपी नेता शरद श्रीवास्तव के पुत्र बादल श्रीवास्तव ने कथित रूप से दंपति पर राइफल तान दी। संजय ने जब उसे गाड़ी सावधानी से चलाने की सलाह दी, तो बादल भड़क गया और कार से राइफल निकालकर जान से मारने की नीयत से दो फायर कर दिए। दंपति किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे। घटना पास के सीसीटीवी में साफ कैद हुई है, जिसमें बादल फायरिंग करता दिख रहा है, जबकि दंपति भागते नजर आ रहे हैं। फुटेज में यह भी स्पष्ट है कि बीजेपी नेता शरद श्रीवास्तव मौके पर मौजूद थे और एक युवक कारतूस के खोखे उठाता दिख रहा है। पीड़ित की तहरीर पर बादल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन एफआईआर में पिता शरद श्रीवास्तव का नाम शामिल नहीं किया गया, जबकि पीड़ित ने उनकी मौजूदगी का आरोप लगाया है। जांच आवास विकास चौकी प्रभारी अनिल कुमार को सौंपी गई है। घटना के आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपी बादल को गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस का कहना है कि छापेमारी में आरोपी घर पर नहीं मिला और हर बार घर पर केवल महिलाएं ही मिलती हैं। फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल भी अब तक बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार राइफल किसके नाम पर है, यह जानकारी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, हालांकि शुरुआती जानकारी में इसे बादल की राइफल बताया जा रहा है। पुलिस की नरमी और आरोपी की कथित राजनीतिक पकड़ के चलते पूरा मामला ठंडा पड़ता दिख रहा है। दंपति पर खुलेआम फायरिंग जैसी गंभीर घटना के बावजूद गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। थाना प्रभारी कपिल कुमार का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही लाइसेंस और हथियार संबंधी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास चल रहें हैं |

सरदार पटेल जयंती पर सदर क्षेत्र में निकला भव्य यूनिटी मार्च

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सरदार पटेल की जन्म जयंती पर सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में सभी मंडलों की संयुक्त यूनिटी मार्च पदयात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा की शुरुआत पटेल पार्क में प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर हुई, जिसके बाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांसद मुकेश राजपूत व भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्काउट-गाइड, स्कूली बच्चों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारों के साथ चौक से स्वराज कुटीर तक पैदल मार्च किया। स्वराज कुटीर में आयोजित जनसभा में मुख्य अतिथि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के डेढ़ सौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में इसे उत्सव के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि लौहपुरुष को वह सम्मान भाजपा सरकार ने दिया है, जो पिछली सरकारें नहीं दे सकीं। यदि देश का प्रथम प्रधानमंत्री पटेल होते तो भारत की दिशा और स्थिति बिल्कुल अलग होती। उन्होंने कहा कि रियासतों का एकीकरण, धैर्य, दृढ़ निश्चय और देशहित के फैसलों ने उन्हें इतिहास में ‘लौह पुरुष’ के रूप में स्थापित किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर हर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि रियासतों के विलय में पटेल की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता। यदि कश्मीर का विलय भी उनके हाथों में होता, तो आज हालात भिन्न होते। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को भोजपुर विधानसभा की पदयात्रा में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, शिक्षक प्रकोष्ठ सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, सत्यपाल सिंह,रुपेश गुप्ता, विमल कटियार, विकास पाण्डेय, संजीब गुप्ता आदि रहे |

पूर्व बीएसए का मास्टर स्टोक: जितेंद्र से बालिका शिक्षा का चार्ज छीना, सुनील सिंह को फिर मिली जिम्मेदारी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में बालिका शिक्षा विभाग का चार्ज बीते कुछ दिनों से लगातार बदलावों के चलते सुर्खियों में बना हुआ है। कार्यकाल पूरा होने के बाद तत्कालीन जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) नागेंद्र सिंह के अपने मूल विद्यालय लौटने से यह पद रिक्त हो गया था। रिक्ति के बाद तत्कालीन प्रभारी बीएसए अनुपम अवस्थी ने विभागीय कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से डीसी एमआईएस सुनील सिंह को डीसी (बालिका शिक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया था| यह व्यवस्था अधिक समय तक स्थिर नहीं रह सकी। अगले कुछ दिन बाद राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते डीसी बालिका शिक्षा का चार्ज बदलते हुए सर्व शिक्षा अभियान में तैनात डीसी (प्रशिक्षण) जितेंद्र को सौंप दिया। इस बदलाव ने विभागीय गलियारों में चर्चा तेज कर दी थी।जिले में नई प्रशासनिक हलचल तब दिखी जब शासन ने विश्वनाथ प्रताप सिंह को फर्रुखाबाद का नया बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त कर दिया। आदेशों की जानकारी मिलते ही विभाग में हलचल बढ़ गई और माना जा रहा है कि इसी जल्दबाज़ी में पूर्व बीएसए ने अपने अंतिम निर्णय के तौर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल कर दिया। नवागंतुक बीएसए के पदभार ग्रहण करने से ठीक पहले ही उन्होंने डीसी (बालिका शिक्षा) का प्रभार पुनः डीसीएमआईएस सुनील सिंह को सौंप दिया।

चार वर्षों से चला रही नि:शुल्क गंगाजल सेवा, देशभर से मिल रहे ऑर्डर

0

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सेवा धर्म समिति फर्रुखाबाद द्वारा पिछले चार वर्षों से पूरे देश में नि:शुल्क गंगाजल भेजने की सेवा लगातार जारी है। समिति की वेबसाइट पर देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन गंगाजल के ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं। समिति के अनुसार आज का नवीनतम ऑर्डर बिहार निवासी साहिल गुप्ता का है, जिन्हें 1 लीटर गंगाजल भेजा जा रहा है।
समिति अब तक गुड़गांव, जयपुर, पुणे, आगरा, भरतपुर, जोधपुर, राजस्थान, नवी मुंबई, अलीगढ़, दिल्ली, लखनऊ, लुधियाना, नागपुर, अहमदाबाद, छिंदवाड़ा (एमपी), करमसाद (गुजरात), सूरत, वडोदरा, इंदौर, भोपाल, विदिशा, केरल, गोंडा, डूंगरपुर, बिजावर (एमपी), छतरपुर, ठाणे, करौली, मोतीवाड़ा, विट्ठल नगर, वलसाड, कोरपना, लूणकरनसर सहित अनेक स्थानों पर गंगाजल भेज चुकी है। समिति के अविनाश सारस्वत का कहना है कि यह सेवा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी और अधिक से अधिक लोगों तक पवित्र गंगाजल पहुँचाने का संकल्प समिति ने दोहराया है।
नगर संवाददाता- प्रमोद द्विवेदी (भोले)

पालिका के प्रचार होर्डिग तोड़ने पर सबालों के कठघरे में आवास विकास परिषद

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास परिषद के द्वारा बीते दिनों चलाए गये स्वयंभू अतिक्रमण अभियान के दौरान कानून और दिशा निर्देशों को दरकिनार कर नगर पालिका के सरकारी प्रचार के होर्डिंग तोड़े गये, जिनका वाकायदा ठेका दिया गया था और ठेकेदार नें पालिका को इसका शुल्क भी अदा किया था, इसके बाद भी अभियान के दौरान की गयी कार्यवाही से ठेकेदार को लाखों का नुकसान हुआ है| मामले में आवास विकास परिषद को सबालों के कठघरे में खड़ा कर दिया है|
दरअसल आवास विकास की सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ का रखरखाव नगर पालिका के खाते में हैं| साफ़ सफाई से लेकर नाली और फुटपाथ नगर पालिका ही बनाती और देखरेख करती है| आवास विकास परिषद पूर्व में ही नगर पालिका को कालोनी बनाकर समर्पित कर चुकी है| अब अतिक्रमण हटाने का जिम्मा तो नगर पालिका होता है! इसके बाद भी आवास विकास नें अतिक्रमण अभियान चलाया हालांकि जिला प्रशासन के अधिकारी भी थे, उनकी मौजूदगी में ही अभियान को गति दी गयी, अतिक्रमण अभियान के दौरान नगर पालिका की सरकारी होर्डिंग तोड़ दी गयी, जानकारी देनें के बाद भी आवास विकास के अधिकारी किसी की भी सुनने को तैयार नही थे, पालिका के कर निरीक्षक राम नारायण कमल और ठेकेदार बाबा दुबे से भी कहा-सुनी हुई| लेकिन परिणाम भी नकारात्मक आये| ठेकेदार बाबा दुबे नें बताया कि उन्होंने नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद से 1 जुलाई 2025 को ठेका लगभग 11 लाख 66 हजार में लिया था| आवास विकास में 9 साइड प्रचार के थे, जिसे अतिक्रमण में तोड़ा गया था, जिसका शुल्क भी जमा था| 9 साइड तोड़े जानें से उनका लाखों का नुकसान हुआ है| अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार नें बताया कि कर निरीक्षक से बात की जा रही है| वार्ता के बाद आगे की कार्यवाही को अमल किया जायेगा|

सातों ब्लॉक में सपा ने प्रहरी किये मनोनीत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित सातों ब्लॉकों के प्रहरियों की नियुक्ति के बाद संगठन को गति देने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जनपद में एसआईआर को गति देने, नियुक्त बीएलए व नए बीएलए के चयन, तथा ब्लॉक पदाधिकारियों और बीएलए के बीच समन्वय मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी प्रहरियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने ब्लॉकों में संगठनात्मक मजबूती, समन्वय तथा कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
सातों ब्लॉकों के घोषित प्रहरी इस प्रकार हैं—
शमशाबाद ब्लॉक – पूर्व जिला अध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी
कायमगंज ब्लॉक – प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर
राजेपुर ब्लॉक – प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव
बढ़पुर ब्लॉक – प्रदेश सचिव मंदीप यादव
नवाबगंज ब्लॉक – प्रदेश सचिव डॉ. नवल किशोर शाक्य
कमालगंज ब्लॉक – विशेष आमंत्रित सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी विजय यादव
मोहम्मदाबाद ब्लॉक – प्रदेश सचिव आकाश शाक्य
जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव ने बताया कि समस्त पत्रों की प्रतियां संलग्न कर संगठन को सक्रिय बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

सीओ ने किया थाने का निरीक्षण, साफ-सफाई के निर्देश

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) सीओ अमृतपुर संजय वर्मा ने रविवार शाम लगभग 5 बजे राजेपुर थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। थाने पहुंचकर उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, असलाह कक्ष, महिला डेस्क, कंप्यूटर रूम, मेस तथा साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया। साथ ही थाने में खड़ी लावारिस बाइकों, शौचालयों, जर्जर भवनों और आवासीय बैरकों की भी जांच की। सीओ संजय वर्मा ने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान दरोगा अमित कुमार ने उन्हें सलामी दी। सीईओ ने उनसे पिस्टल खुलवाकर उसकी जांच भी की। निरीक्षण में राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार, दरोगा अमित कुमार, दरोगा श्याम बाबू रहे। सीओ संजय वर्मा ने बताया कि यह नियमित अर्धवार्षिक निरीक्षण था, जिसमें साफ-सफाई और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए गए हैं।