फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) डेढ़ साल की मासूम शिवानी की मौत मामले में अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश दीपेंद्र कुमार सिंह प्रथम ने आरोपी मोनू जाटव पुत्र खुशीराम निवासी गोरा कब्रिस्तान, शीशमबाग को दोषी करार दिया है। सजा पर सुनवाई 20 नवम्बर को होगी। मामला वर्ष 2019 का है। अजुनपुर, थाना हरपालपुर (हरदोई) निवासी पूजा करीब एक माह पहले अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी शिवानी के साथ मोनू जाटव के पास रहने आई थीं। 27 फरवरी 2019 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच पूजा खाना बना रही थीं, तभी मोनू ने बच्ची को उसकी गोद से छीनकर यह कहते हुए बेरहमी से पीटा था कि वह “किसी दूसरे की लड़की को अपने साथ नहीं रखेगा।” पिटाई से शिवानी की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। खराब मौसम और पड़ोसियों के बाहर होने के कारण पूजा ने रात में किसी को सूचना नहीं दी। अगले दिन सुबह उसने पड़ोसी आमीर पुत्र मछून को बताया तो उसने बच्ची को मृत पाया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 26 सितंबर 2019 को गैर-इरादतन हत्या में आरोप पत्र दाखिल किया था। करीब पाँच साल बाद अपर सत्र न्यायाधीश दीपेंद्र कुमार सिंह प्रथम की अदालत ने अभियुक्त मोनू जाटव को दोषी करार दिया है। सजा पर सुनवाई के लिए 20 नवम्बर की तिथि तय की है |
माघ मेला रामनगरिया को सांस्कृतिक विभाग देगा 30 लाख का बजट
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में मंगल वार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता श्रीरामनगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। मेला 3 जनवरी से लेकर 3 फरवरी तक चलेगा| इस बार मेले को सांस्कृतिक विभाग द्वारा 30 लाख का बजट मिलेगा|
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) व मेला सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि मेले में पेयजल हेतु हैंडपंप व समर्सिबल लगाए जाएंगे। विशेष पर्वों पर नगर पालिका जलटैंकरों से आपूर्ति करेगी। पूरे मेला क्षेत्र की आकर्षक सजावट, पुलों को सजाने, साधु-संतों के कैंप, कल्पवासियों और दुकानदारों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र, अस्थायी शौचालय, सुरक्षा हेतु ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे तथा निरंतर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने मेले को बेहतर प्रबंधन के लिए साधु-संतों एवं समिति से सुझाव माँगे। इस पर उपस्थित जनों ने मेले के शुभारंभ से पूर्व सभी दुकानें लगवाने, टेंट व्यवस्था दुरुस्त करने, समिति सदस्यों को पहचान पत्र देने, महँगे कलाकार न बुलाने, आय-व्यय विवरण सार्वजनिक करने, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए किराये पर कॉटेज उपलब्ध कराने, अस्थायी मोबाइल टावर लगाने, घाटों के नामकरण व नंबरिंग कराने, मेला क्षेत्र को थर्माकोल व प्लास्टिक मुक्त घोषित करने तथा गंगा में गिरने वाले नालों की टैपिंग कराए जाने की मांग रखी।
इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा धनराशि वापस कराने, एक और पैंटून पुल बनवाने तथा मेले को अधिक भव्य बनाने के सुझाव भी दिए गए। डॉ. शिव ओम अम्बर ने अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को 24 जनवरी-उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि मेले के प्रान्तीयकरण का प्रयास जारी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अपील की कि कोई भी व्यक्ति मेले में कानून व्यवस्था हाथ में न ले तथा किसी भी समस्या पर तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा मेले के लिए 30 लाख रुपये का बजट उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मेले को सीमित संसाधनों के बीच भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। मेले का आयोजन सनातन संस्कृति, कल्पवास की परंपरा और पवित्रता के साथ किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एडीएम (वित्त & राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, एसडीएम सदर रजनी कान्त पाण्डेय आदि रहे | मेला परिसर के समतलीय करण का कार्य तेज मेला रामनगरिया पांचाल घाट को शुरू होने में अब लगभग लगभग डेढ़ माह का समय बचा है| लिहाजा जिला प्रशासन नें मेले की तैयारी तेज कर दी गयी है, बुधवार को मेला का समतलीयकरण कराया गया| दिन भर ट्रेक्टर समतलीय करण के लिए लगे रहे |
नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या के मामले में आरोपी दोषी करार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कमालगंज क्षेत्र की 14 वर्षीय छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म व हत्या के मामले में आरोपी सचिन पुत्र खुशीराम निवासी भिम्मी नगला कमालगंज को अदालत ने दोषी पाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/पॉक्सो विशेष न्यायाधीश मेराज अहमद की अदालत ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए आरोपी को सभी आरोपों में दोष सिद्ध करार दिया। मामला 10 दिसंबर 2021 का है, जब छात्रा स्कूल के लिए घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर थाना कमालगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने छात्रा का शव बरामद किया और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 302, 201 आईपीसी तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी सचिन को दोषी पाया। अब सजा पर सुनवाई 19 नवम्बर को की जाएगी।
मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए बैठक सम्पन्न
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन व सूची को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद, विधायकगण तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रकाशित मतदेय स्थल सूची में किसी भी विधानसभा क्षेत्र में न तो बढ़ोतरी की गई है और न ही कमी।
प्रकाशित सूची के अनुसार—
- 192 कायमगंज विधानसभा में 470 मतदेय स्थल
- 193 अमृतपुर विधानसभा में 261 मतदेय स्थल
- 194 फर्रुखाबाद विधानसभा में 413 मतदेय स्थल
- 195 भोजपुर विधानसभा में 380 मतदेय स्थल यथावत रखे गए हैं।
- सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रकाशित मतदेय स्थल सूची पर सहमति जताई। जिलाधिकारी ने निर्वाचन तैयारी से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध रूप से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जीजीआईसी का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) विकासखंड राजेपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को भव्य प्रथम वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। बालिकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, अखंड भारत विषय पर म्यूजिकल नाटक तथा इंटरनेट की दुनिया नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने उत्साहवर्धन करते हुए छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। सत्र 2025-26 में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि मोनिका यादव ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय में विशेष सहयोग देने के लिए हिमांशी, श्वेता, शुभम दीक्षित, चांदनी व दिनेश को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया| कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा गणित, विज्ञान, अर्थशास्त्र आदि विषयों के मॉडल की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे सभी ने सराहा।विद्यालय की प्रधानाचार्य रिचा यादव ने मुख्य अतिथि को विद्यालय की उपलब्धियों एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी दी और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आकाश मिश्रा ने किया। जिला समन्वयक मनेन्द्र मिश्रा, रीता यादव, अभिषेक यादव, मनीष अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
आलोक जायसवाल का तबादला निरस्त, अरुण कुमार सिंह होंगे फतेहगढ़ के एएसपी
लखनऊ:(जेएनआई ब्यूरो) शासन ने तीन अपर पुलिस अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल का फतेहगढ़ के लिए किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है। जबकि जितेंद्र कुमार प्रथम को उपसेनानायक 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के पद पर भेज दिया गया है।
आलोक कुमार जायसवाल अपर पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यूपी के पद पर तैनात रहेंगे। जबकि उनकी जगह अरुण कुमार सिंह द्वितीय का अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के पद तबादला कर दिया गया है। अरुण कुमार सिंह द्वितीय मौजूदा समय में उपसेनानायक 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के पद पर तैनात थे। लेकिन मंगलवार को जारी तबादला लिस्ट में उनका नाम शामिल है। अब अरुण कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसके अलावा जितेंद्र कुमार प्रथम को भी नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जितेंद्र कुमार का उपसेनानायक 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के पद पर तबादला कर दिया गया है। जितेंद्र कुमार प्रथम को अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) गोरखपुर से अपर पुलिस अधीक्षक उप्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ के पद पर भेज दिया गया था। लेकिन अब उन्हें लखनऊ पीएसी में तैनाती मिल गई है।
छात्रों से भरी स्कूली वैन में लगी भीषण आग, बच्चों नें कूदकर बचायी जान, देखें वीडियो
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कमालगंज थाना क्षेत्र के अखमेलपुर में गौतम बुद्ध शिक्षण संस्थान की छात्रों से भरी स्कूल वैन में लगी आग ने परिवहन विभाग और आरटीओ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधा दर्जन से अधिक बच्चों से भरी वैन अचानक धधक उठी, लेकिन गनीमत रही कि बच्चों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। 👇 देखें वीडियो👇
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्कूल वैन में न तो फर्स्ट एड किट थी और न ही आग बुझाने का कोई सिलेंडर। सुरक्षा के ये दोनों अनिवार्य प्रावधान न होने से हादसे के दौरान स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वैन कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। बैन में बैठे छात्रों नें कूदकर अपनी जान बचायी के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करते समय परिवहन विभाग और आरटीओ इन बुनियादी सुरक्षा मानकों की जांच भी नहीं करते, जिससे स्कूल वाहन बिना सुरक्षा उपकरणों के ही सड़कों पर दौड़ते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल वाहनों पर शासन के नियम सिर्फ कागजों में हैं, जमीनी स्तर पर न तो जांच होती है और न ही कोई कार्रवाई। ऐसे में बच्चों की जान रोजाना जोखिम में रहती है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालक से पूछताछ जारी है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि आरटीओ और परिवहन विभाग की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो। यह हादसा स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि परिवहन तंत्र की लापरवाही किसी बड़ी त्रासदी को जन्म दे सकती थी और अब भी समय है कि स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर गंभीरता से कदम उठाए जाएँ। चौकी प्रभारी खुदागंज शिव कुमार नें बताया कि वैन में आग की जाँच की जा रही है|
ट्रक की चपेट में आकर दूल्हे के दोस्त की मौत
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पड़ोसी जनपद एटा के जैथरा नगला अहमद निवासी 20 वर्षीय संतोष पुत्र मुन्नालाल की देर रात ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। संतोष अपने गांव के ही दोस्त जीतू पुत्र श्याम बाबू की बारात में शामिल होने के लिए थाना क़ादरी गेट क्षेत्र के आलू मंडी स्थित गुंजन विहार कॉलोनी आया था। रात करीब 11 बजे वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल 11:07 पर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां गायत्री देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया, मृतक संतोष 6 भाइयों में दूसरे नंबर का था, सूचना पर पहुंचे आवास विकास चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
छात्रों को उत्कृष्टता, अनुशासन व मूल्य आधारित शिक्षा की जरूरत: शिव प्रताप शुक्ला
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ के जेएनबी रोड़ स्थित एक विद्यालय में मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल ने छात्रों को उत्कृष्टता, अनुशासन और मूल्य आधारित शिक्षा अपनाने का संदेश दिया। राज्यपाल नें कहा कि देश की बागडोर भविष्य में युवाओं के हाथ में होगी, इसलिए बच्चों में निर्णय क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास आवश्यक है। राज्यपाल ने बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा की उपयोगिता पर भी जोर दिया। स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में गोल्डन जुबली भी सफलता पूर्वक मनाएगी। इस मौके पर प्रथम महिला श्रीमती शकुन्तला शुक्ल भी उपस्थित रहीं। प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र रहा|
सांसद मुकेश राजपूत ने छात्रों को डिजिटल शिक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और छात्रों द्वारा तैयार मॉडल व कलाकृतियों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में गार्ड ऑफ ऑनर, आर्मी बैंड, दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों को प्रभावित किया।समारोह में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक सुशील शाक्य, विधायक डॉ. सुरभि गंगवार, नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल, पूर्व मंत्री अंट्टू मिश्रा, पूर्व सांसद संतोष भारती सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
वक्फ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर पंजीकरण की अपील
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ की पहल के तहत रकाबगंज चौराहा स्थित मस्जिद जान अली में सोमवार को वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और जागरूकता को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहाउद्दीन, जमाते इस्लामिया हिंद उत्तर प्रदेश वेस्ट के सेक्रेटरी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखने और भविष्य में किसी भी विवाद से बचने के लिए उनका उम्मीद पोर्टल पर 5 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी वक्फ ज़मीने और संपत्तियाँ पोर्टल पर दर्ज होनी चाहिए, जिसके लिए प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और कमेटियाँ बनाई जा रही हैं ताकि जागरूकता बढ़ सके। ईमाम सुनहरी मस्जिद मौलाना सदाकत हुसैन सेथली ने कहा कि फर्रुखाबाद तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ कमेटी अच्छी पहल कर रही है और यह समय की ज़रूरत है कि सभी वक्फ जगहों को जल्द से जल्द पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे अपने घर के दस्तावेज़ रखना ज़रूरी होता है, वैसा ही अल्लाह के घर और वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वक्फ बोर्ड से यह भी आग्रह किया कि फर्रुखाबाद की वक्फ संपत्तियों की सूची जारी की जाए ताकि नोडल अधिकारियों को क्षेत्र चिन्हित करने में आसानी हो। कार्यक्रम में कन्नौज, फर्रुखाबाद, शमशाबाद और कायमगंज से भी लोग पहुँचे। इस दौरान जामा मस्जिद पेश इमाम मुफ़्ती मोअज़्ज़म अली, शहर काज़ी सैय्यद मुताहिर अली, मौलाना अब्दुल रब कासमी, अब्दुल मन्नान, हफीज़ खान, अहमद आदिल, मोहम्मद यूनुस खान, हाजी बिलाल अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नासिर खान ने किया।



