फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) डेढ़ साल की मासूम शिवानी की मौत मामले में अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। आरोपी मोनू जाटव पुत्र खुशीराम निवासी गोरा कब्रिस्तान, शीशमबाग को दोषी करार देकर अपर सत्र न्यायाधीश दीपेंद्र कुमार सिंह प्रथम ने 10 साल कारावास व 20 हजार रूपये अर्थदंड से दंडित किया है|
दरअसल मामला वर्ष 2019 का है। अजुनपुर, थाना हरपालपुर (हरदोई) निवासी पूजा करीब एक माह पहले अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी शिवानी के साथ मोनू जाटव के पास रहने आई थीं। 27 फरवरी 2019 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच पूजा खाना बना रही थीं, तभी मोनू ने बच्ची को उसकी गोद से छीनकर यह कहते हुए बेरहमी से पीटा था कि वह “किसी दूसरे की लड़की को अपने साथ नहीं रखेगा।” पिटाई से शिवानी की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। खराब मौसम और पड़ोसियों के बाहर होने के कारण पूजा ने रात में किसी को सूचना नहीं दी। अगले दिन सुबह उसने पड़ोसी आमीर पुत्र मछून को बताया तो उसने बच्ची को मृत पाया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 26 सितंबर 2019 को गैर-इरादतन हत्या में आरोप पत्र दाखिल किया था। करीब पाँच साल बाद अपर सत्र न्यायाधीश दीपेंद्र कुमार सिंह प्रथम की अदालत ने अभियुक्त मोनू जाटव को दोषी करार देकर दस साल की सजा सुनाई है|
प्रेमिका की नाबालिक बेटी को पीट-पीट कर मौत के घाट उतारने में 10 साल कारावास व अर्थदंड
व्यापारी–पुलिस समन्वय को और मजबूत किया जाएगा: एएसपी
फर्रुखाबाद :(जेएनआई ब्यूरो) नवागंतुक एएसपी अरुण कुमार सिंह ने व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक ली, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिये| नवागंतुक अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं व सुझाव एएसपी के समक्ष रखे।
गुरुवार को कार्यभार संभालने के बाद एएसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारी समाज आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों से जुड़े प्रत्येक मामले का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ से संबंधित शिकायतें लंबित न रहें और प्रत्येक प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने बाजारों में बढ़ते ट्रैफिक जाम, रात्रि गश्त की कमी, चोरी–लूट की घटनाओं पर रोक, सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, पार्किंग व्यवस्था और त्योहारी सीजन में सुरक्षा बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए। एएसपी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी और व्यापारी–पुलिस समन्वय को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंच सके। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से भी आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की स्थापना अवश्य कराएं।व्यापारी प्रतिनिधियों ने नवागंतुक एएसपी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी तथा व्यापारिक गतिविधियां निर्भय माहौल में संचालित होंगी।
कंपिल के महादेव खाद भण्डार का लाइसेंस निलंबित, दुकान सील
फर्रुखाबाद:(कंपिल संवाददाता) कटिया रोड, कम्पिल स्थित महादेव खाद भण्डार पर किसानों द्वारा की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगपुर शाहपुर के किसान बलवीर, उदयवीर, पप्पू और सुनील ने आरोप लगाया था कि उन्होंने दुकान से डीएपी खाद खरीदी, जिसकी गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत हो रही है। किसानों ने इसकी औपचारिक शिकायत तहसील कायमगंज में दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर जिला कृषि अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों की उपस्थिति में खाद भण्डार की जांच की। प्रथम दृष्टया डीएपी स्टॉक संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद दुकान में रखी 45 बोरी डीएपी तथा किसानों के पास मौजूद बोरियों से नमूने जांच हेतु लिए गए। तत्काल प्रभाव से उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही दुकान के पूरे स्टॉक को सीज कर प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। दुकान की सुरक्षा की जिम्मेदारी रिकू नामक व्यक्ति को सौंपी गई है।जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने तक दुकान बंद रहेगी। यदि डीएपी अमानक पाई जाती है तो विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। गत वर्ष की तुलना में इस बार डेढ़ गुना अधिक डीएपी का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नवंबर के लक्ष्य के मुकाबले यूरिया 129 प्रतिशत, डीएपी 181 प्रतिशत, पोटाश 346 प्रतिशत, एनपीके 173 प्रतिशत और सुपर फास्फेट 178 प्रतिशत उपलब्ध है। रेलवे रैक व सड़क मार्ग से निरंतर उर्वरक की आपूर्ति जारी है।किसानों से अपील की गई है कि वे खाद खरीदते समय खतौनी और आधार साथ लेकर आएं तथा मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिले में उर्वरक की कमी नहीं है और न ही होने दी जायेगी।
पॉक्सो केस में गवाही प्रभावित करने को लेकर किशोरी के अपहरण के आरोप में मुकदमा
फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। पिता ने थाने में दी तहरीर दी है। इसमें बताया कि 11 नवंबर को उसकी पुत्री किसी कार्य से जहानगंज गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान कुछ लोगों ने परिजनों को बताया कि उन्होंने उसकी बेटी को विवेक कुमार उर्फ अरुण कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल तथा एक अज्ञात युवक के साथ जाते हुए देखा था।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी विवेक कुमार के विरुद्ध थाना जहानगंज में पूर्व से ही पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जो अदालत में विचाराधीन है। इसी मुकदमे में किशोरी एक महत्वपूर्ण गवाह है और उसकी गवाही जल्द होनी थी। परिजनों का आरोप है कि विवेक कुमार जेल से बाहर आने के बाद लगातार उन पर समझौते का दबाव बना रहा था। कई बार वह धमकियां भी दे चुका था।परिजनों का कहना है कि गवाही को प्रभावित करने के लिए ही उनकी बेटी को गायब किया गया है। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपी विवेक उसकी बेटी को नुकसान पहुंचा सकता है। बेटी के अचानक लापता होने से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष राजेश राय ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर विवेक कुमार सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश में दबिश दे रही है। थानाध्यक्ष राजेश राय नें बताया कि
एक एआरटीओ क्या-क्या करे.., बीच हाई-वे पर स्कूली बच्चो से भरे खटारा टैम्पों का टूटा पहिया, बड़ा हादसा चला
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में स्कूली बच्चों की आवाजाही के लिए बड़े पैमाने पर अमानक (ग़ैर पंजीकृत व गैर मानक) वाहन संचालित हो रहे हैं! जो बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के बीच गुरुवार सुबह एक और लापरवाही सामने आई, जब इटावा बरेली हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय से कुछ ही दूरी पर पर स्कूली बच्चों से भरा एक अमानत टेंपो हादसे का शिकार होते-होते बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो टेंपो बच्चों को स्कूल ले जा रहा था। तभी अचानक बीच सड़क पर उसका अगला पहिया टूट गया,
जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। बच्चों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। टेंपो नियंत्रित होकर सड़क के बीचों खड़ा हो गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने टेंपो को धक्का देकर सुरक्षित जगह पहुंचाने में मदद की। टेंपो पर UP 76K 73 का नंबर अंकित था। जब इस नंबर को आरटीओ की वेबसाइट पर चेक किया गया तो पता चला कि यह नंबर अमान्य है। इससे प्रतीत होता है कि टेंपो फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहा था। ऐसे वाहन न तो फिटनेस मानकों पर खरे उतरते हैं और न ही इनके पास स्कूल वैन के संचालन की कोई वैध अनुमति होती है।आम तौर पर ऐसे मामलों में स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगता है, लेकिन कई स्थानों पर अभिभावक स्वयं कम किराए और सुविधा के नाम पर बच्चों को ऐसे असुरक्षित वाहनों में भेज देते हैं। इससे बच्चों की जान रोज़ाना जोखिम में रहती है। इस मामले में जब एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक एआरटीओ क्या क्या करे? उनसे जितना संभव है कार्रवाई की जा रही है, लेकिन लोगों को भी जागरूक होना होगा। अभिभावक और स्कूल प्रबंधन बिना जांच किए ऐसे वाहनों को अनुमति देते हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। टैम्पो में बच्चो का परिवहन अबैध है, कार्यवाही लगातार की जा रही है |
3 स्कूल बसों के चालान, 2 जेसीबी सीज, 6 वाहन टैक्स न देने पर जब्त
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विभाग द्वारा 20 नवम्बर 2025 को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियम विरुद्ध संचालित हो रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। चेकिंग में 3 स्कूल बसें बिना परमिट संचालित पाई गईं, जिन पर विभाग ने चालान काटते हुए 30 हजार का जुर्माना लगाया। वहीं 2 जेसीबी बिना फिटनेस पाई गईं, जिन पर 42,500 का जुर्माना तथा 1.35 लाख टैक्स आरोपित करते हुए दोनों मशीनों को थाना कादरीगेट में सीज कर दिया गया। इसके अलावा 2 ट्रकों में ओवर हाइट माल लदा मिलने पर उनका चालान किया गया। साथ ही 6 वाहन बिना टैक्स संचालित पाए गए, जिन्हें विभाग ने जब्त करते हुए कर की कार्यवाही की। परिवहन विभाग के अनुसार कुल 13 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिसमें 1.61 लाख जुर्माना तथा 1.60 लाख टैक्स, कुल मिलाकर 3.21 लाख की वसूली की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रामगंगा से दूसरे दिन भी नहीं निकाला जा सका पुल से गिरा गन्ना भरा ट्रक
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर व अल्लाहगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित रामगंगा पुल पर 24 घंटे पहले गिरा गन्ना भरा ट्रक दूसरे दिन भी नदी से नहीं निकाला जा सका। गुरुवार को जेसीबी के माध्यम से कई प्रयास किए गए, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण गोताखोर ट्रक में रस्सी बांधने में विफल रहे। बताया जा रहा है कि अब ट्रक को निकालने के लिए ऑक्सीजन टास्क फोर्स की मदद लेनी पड़ेगी, ताकि नीचे तक जाकर रस्सी बांधी जा सके। इधर ट्रक गिरने के बाद से रामगंगा पुल पर जर्जर गड्ढों के कारण जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है। गुरुवार को करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर राजेपुर और अल्लाहगंज थानों का कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई। राहगीरों ने खुद ही मशक्कत कर जाम खुलवाने की कोशिश की। इस दौरान जगह-जगह वाहनों के बीच नोकझोंक व विवाद भी होते रहे। पुल की खराब हालत और ट्रक न निकल पाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रशासनिक टीम के मौके पर न पहुंचने से लोगों में आक्रोश देखा गया।
21 नवम्बर से पुरुष नसबंदी पखवाड़ा, तैयारी पूर्ण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रजनन स्वास्थ्य सुधार में पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 21 नवम्बर से पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मना रहा है। इस दिन खुशहाल परिवार दिवस भी मनाया जाएगा, जिसमें परिवार नियोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाएँ दी जाएँगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीन्द्र कुमार ने बताया कि पखवाड़े का पहला चरण दंपत्ति संपर्क सप्ताह 21 से 27 नवम्बर तक और दूसरा चरण सेवा वितरण सप्ताह 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक आयोजित होगा। इसी अवधि में डॉ. राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी कराई जाएगी। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व आरसीएच नोडल डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि “स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से होगा सपना साकार” थीम पर गतिविधियाँ संचालित होंगी। एएनएम व आशा कार्यकर्ता पुरुषों को परिवार नियोजन के साधनों, सीमित परिवार के लाभ, विवाह की सही आयु, जन्म间 अंतराल तथा प्रसवोत्तर सेवाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी पर 3000 रुपये और महिला नसबंदी पर 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी व पुरुष नसबंदी विशेषज्ञ डॉ. राजेश माथुर ने कहा कि पुरुष नसबंदी की प्रक्रिया मात्र 10 से 15 मिनट में पूरी हो जाती है और सामान्यतः दो दिन के आराम की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन में पहल पुरुषों को करनी चाहिए क्योंकि यह प्रक्रिया महिलाओं की तुलना में अधिक सरल और सुरक्षित है।
जिले में वर्ष 2025-26 के लिए 21 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 7 नसबंदी हो चुकी हैं। जिला परिवार नियोजन परामर्शदाता विनोद कुमार ने बताया कि जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की मदद से पखवाड़े की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी और सभी चिकित्सा संस्थानों पर सेवा वितरण सप्ताह के दौरान गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
शहर में आवारा कुत्तों की होगी नसबंदी, हरियाणा की कम्पनी को टेंडर
फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला)नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद ने शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए हरियाणा की एक संस्थान की पाँच सदस्यीय विशेष टीम शहर पहुंच चुकी है। पूरा अभियान लगभग एक साल तक चलेगा। टीम को बीबीगंज चौकी के सामने बेडारास भवन में ठहराया गया है। वहीं कुत्तों के लिए पिंजरे तैयार कर दिए गए हैं और ऑपरेशन थिएटर तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। नसबंदी किए गए कुत्तों को 7 दिन तक टीम की निगरानी में रखा जाएगा और स्वस्थ होने पर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से पकड़ा गया था।
कैसे पकड़े जाएंगे कुत्ते? टीम के सदस्यों ने बताया कि कुत्तों को जाल लगे पिंजरों के माध्यम से पकड़ा जाएगा। यह टीम इससे पहले बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई शहरों में नसबंदी अभियान सफलतापूर्वक चला चुकी है। टेंडर हुआ था स्वीकृत नगर पालिका ने अक्टूबर माह में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी हेतु टेंडर आमंत्रित किया था, जिसे झनकू फाउंडेशन (हरियाणा) ने क्वालीफाई किया। उसी के माध्यम से अब अभियान शुरू किया गया है। अधिशासी अधिकारी का बयान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद विनोद कुमार ने बताया—“शासन और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नगर के स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी कराई जा रही है। नसबंदी के बाद उन्हें उसी जगह छोड़ा जाएगा जहाँ से पकड़ा गया था।” शहरवासियों का मानना है कि नसबंदी अभियान शुरू होने से कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण मिलेगा और काटने की घटनाओं में भी कमी आ सकती है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सबार दो की मौत, दो गंभीर
फर्रुखाबाद:(नगर/मोहम्मदाबाद संवाददाता) बुधवार देर शाम भीषण हादसा हो गया, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। दो की मौके पर मौत, दो घायल अस्पताल में डॉक्टरों ने 35 वर्षीय सोनू पुत्र नरेश चंद्र और 25 वर्षीय बंटी पुत्र श्रीराम निवासी पिपरगांव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं 55 वर्षीय सुरेश पाल पुत्र श्यामलाल और 35 वर्षीय अमलेश पुत्र अतर सिंह निवासी पिपरगांव को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। चौराहे के पास हुआ हादसा यह हादसा कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नगला समई—जैतपुर चौराहे के पास हुआ। कार में सवार चारों लोग कहीं जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली मोहम्मदाबाद के दरोगा आशू कुमार लोहिया अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।



