फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के भोलेपुर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने ने पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर बेटी की शादी से पूर्व दहेज में पाँच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित विधवा महिला ने बताया कि वह छोटा-मोटा काम कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी पुत्री की शादी कन्नौज जनपद के एक एक गांव से तय हुई थी।
17 नवंबर को ओम पार्टी लॉन अरौल में सगाई, गोदभराई और अन्य रस्में सम्पन्न की गईं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग 5 लाख रुपये की ज्वैलरी, सवा दो लाख रुपये का सोना-चाँदी, कपड़े और मिठाई सहित कुल करीब साढ़े सात लाख रुपये का सामान उपहारस्वरूप दिया। इसके बावजूद वर पक्ष उपहारों से असंतुष्ट हो गए और अतिरिक्त पाँच लाख रुपये कैश की माँग करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की धमकी दी और उनकी पुत्री के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि सभी लोगों ने उन्हें धक्का देकर समारोह से भगा दिया। वधूपक्ष ने घर लौटकर समाधान का प्रयास किया, लेकिन आरोपित पक्ष बातचीत को तैयार नहीं हुआ और फोन पर भी अपशब्द कहकर जान से मारने की धमकियाँ देता रहा।पीड़िता ने कहा कि उनकी पुत्री की शादी 22 नवंबर को एस.पी. गार्डन पांचालघाट में होना तय हुआ था। बारात न लाने की चेतावनी और लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान है। प्रार्थिनी का आरोप है कि दबाव व उत्पीड़न से उनकी पुत्री किसी अप्रिय कदम के लिए मजबूर हो सकती है। महिला थानाध्यक्ष रक्षा सिंह नें बताया कि दोनों पक्षो में सहमति नहीं बन पायी, उसके चलते शादी टूट गयी।
दहेज लोभीयों ने तय समय के एक दिन पहले तोड़ी शादी
30 लाख के बजट से होंगी तीन हजार कुत्तों की नसबंदी
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झनकू फाउंडेशन हरियाणा द्वारा संचालित डॉग कैचर नसबंदी केंद्र का उद्घाटन शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल नें फीता काटकर शुभारम्भ किया गया| नसबंदी टीम प्रभारी अजय कुमार नें बताया लगभग 3 हजार कुत्ते पकड़े जायेंगे| पकड़े गये कुत्तो को नसबंदी के बाद उपचार और भोजन में 996 रूपये खर्च आएगा|कुल 9 सदस्यीय टीम, जिसमें 5 कर्मचारी, 1 ड्राइवर व 2 डॉक्टर शामिल हैं, 5 दिनों के भीतर नसबंदी, वैक्सीन, और आवश्यक दवाएं देकर उसे उसी स्थान पर छोड़ दिया जाएगा, जहां से उसे पकड़ा गया था। पकड़े गए कुत्तों के खाने में अंडा, पेडिग्री , सोयाबीन, चावल, चिकन, दूध और ब्रेड शामिल किए जाएंगे ताकि उन्हें बेहतर पोषण मिल सके।केंद्र में नसबंदी और इलाज का कार्य डॉ. श्याम (छिबरामऊ) और डॉ. आलोक (फर्रुखाबाद) द्वारा किया जाएगा। नगर पालिका ने इस अभियान के संचालन के लिए अपने कर्मचारी विजय शुक्ला को टीम प्रभारी नियुक्त किया है। अभियान के पहले दिन कुल 29 कुत्तों को पकड़कर केंद्र में रखा गया, जिनमें 23 मेल और 6 फीमेल कुत्ते शामिल हैं। सभी कुत्ते बीबीगंज क्षेत्र से पकड़े गए।नगर पालिका के अनुसार शहर में लगभग 3 हजार कुत्तों की नसबंदी की जाएगी, जिसके लिए 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से शहर में कुत्तों की संख्या नियंत्रण में आएगी और काटने की घटनाओं में भी कमी आएगी। ईओ विनोद कुमार आदि रहे|
Add Post
एसआईआर का सर्वाधिक डिजिटाइजेशन करने वाले बीएलओ होंगे सम्मानित, परिवार सहित लंच व मूवी टिकट
फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) जनपद में विशेष सारणी पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से प्रगति पर है। मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले भर के बीएलओ को डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अभियान की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है और लक्ष्य को समय पर हासिल करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से उस बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा, जो एसआईआर अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक डिजिटाइजेशन का कार्य ससमय पूर्ण करेगा। जिला प्रशासन की ओर से बीएलओ को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विशेष पुरस्कार घोषित किए गए हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को जिला प्रशासन की ओर से परिवार सहित एक बार लंच तथा परिवार सहित एक बार मूवी टिकट प्रदान किया जाएगा। इसके साथ उसे सम्मानित भी किया जायेगा| प्रोत्साहन योजना के बाद बीएलओ में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद है कि अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी सफलता के साथ पूरा होगा।
महिला के पेट से 13.5 किलो का ट्यूमर निकाल बचायी जान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला अस्पताल लोहिया में डॉक्टरों ने एक हाई-रिस्क सर्जरी में बड़ा चमत्कार कर दिखाया। अस्पताल की सर्जिकल टीम ने 45 वर्षीय महिला के पेट से 13.5 किलो वजनी विशाल ट्यूमर निकालकर उनकी जान बचा ली। यह अद्भुत सर्जरी मेजर डॉ. रोहित तिवारी और उनकी टीम ने पूरी की।
डॉ. रोहित तिवारी ने बताया कि महिला पूजा कई महीनों से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। ट्यूमर लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे उसे आंतों में रुकावट, पेशाब रुकना, तेज दर्द, भूख कम लगना, चलने-फिरने में कठिनाई हो रही थी| जांच में पता चला कि पेट में 13.5 किलो का खतरनाक ट्यूमर मौजूद है, जो आंतों व मूत्राशय को बुरी तरह दबा रहा था। निजी अस्पतालों ने 5 लाख से अधिक खर्च बताया। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर ने मरीज को एम्स दिल्ली रिफर किया| एम्स दिल्ली ने सर्जरी की तारीख 2 साल बाद की दी। इस बीच मरीज की हालत तेजी से खराब होती जा रही थी और तत्काल सर्जरी ही एकमात्र विकल्प बचा था। केस की गंभीरता को समझते हुए तुरंत ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। यह सर्जरी किसी भी बड़े सुपर स्पेशलिटी संस्थान के लिए भी चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। पूरा 13.5 किलो का विशालकाय ट्यूमर सुरक्षित हटाया गया| मूत्राशय में बनी रुकावट दूर हुई, मरीज को जीवन के खतरे से बाहर निकाल लिया गया, आंतों पर पड़ा दबाव खत्म किया गया| टीम में मेजर रोहित तिवारी, एनेस्थीसिया डॉ. अमिताभ, डायग्नोसिस एवं ब्लड सपोर्ट डॉ. जगमोहन, नर्स अनीता, लाल जी, नर्स रेनू में शामिल रहीं|
लुखरियाई कांड: पुलिसकर्मियों को बंधक बना हथियारों से हमला कर रायफलों की डकैती में 10 दोषसिद्ध
फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) बीते लगभग 33 साल पूर्व कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम लुखरियाई में 30 अक्टूबर 1992 की शाम पुलिसकर्मियों पर किए गए हमले व बंधक बनाने की सनसनीखेज वारदात में न्यायालय ने सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दे दिया है। कुल 18 आरोपी थे जिसमे 8 आरोपियों की मुकदमा विचारण के दौरान मौत हो गयी|
दरअसल तत्कालीन सिपाही हरिकिशोर व सिपाही अशोक कुमार चौकी सिढऊपुर पर तैनात थे। उसी दौरान लाला गुप्ता चौकी पहुंचा व बताया कि ग्राम चकरपट्टी में झब्बू सिंह की सुरक्षा में लगे सिपाहियों तथा उसके परिजनों को कुछ ग्रामीणों ने पकड़ लिया है। सूचना पर दोनों कांस्टेबल टॉर्च, सरकारी राइफलें (राइफल नं. 3908 व 567666L) व कारतूसों के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर सभी लोगों को छुड़ाया। इसके बाद पुलिसकर्मी व ग्रामीण वापस लौट रहे थे। करीब रात 8 बजे जब पुलिस टीम लुखरियाई गांव के पास पहुंची तो ओमप्रकाश, रामबाबू, रामदीन, सौदान सिंह, बादाम सिंह,तुलाराम, वेदराम, रामचन्द्र, सियाराम, रामरतन, रुकमंगल, रामऔतार, अमर सिंह, रामवीर, देशराज, बरजोर, हरीशचंद व रामनरेश आदि लाठियाँ, रायफल, बंदूक व कट्टों से लैस होकर वहां पहुंच गए।हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों को घेर लिया और भारी मारपीट शुरू कर दी। उनकी सरकारी रायफलें, सभी कारतूस, टॉर्चें और हाथ की घड़ियाँ छीन ली गईं। कांस्टेबल हरिकिशोर और मुरलीधर को पकड़कर ओमप्रकाश की बैठक में बंधक बनाकर बंद कर दिया गया। घटनास्थल से कांस्टेबल शेषकुमार तिवारी अपनी राइफल सहित, तथा अशोक कुमार, रामपाल, गुड्डू और राजाराम किसी तरह भागकर बच निकले। सूचना मिलने पर मोहम्मदाबाद पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर दोनों बंदी पुलिसकर्मियों को छुड़ाया। हमले में हरिकिशोर को गंभीर चोटें आईं और वर्दी भी फाड़ दी गई थी। मामले में आरोपियों पर तत्कालीन सिपाही हरीकिशोर नें डकैती, सामूहिक डकैती, लोक सेवक को चोट पंहुचाना, सरकारी कार्य में बाधा, अपमानित करने आदि के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था| पुलिस नें सभी 18 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में मुकदमा दर्ज किया गया था| सुनवाई के दौरान 8 आरोपियों की मौत हो चुकी है, न्यायालय विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावी क्षेत्र) शैलेन्द्र सचान नें अभियुक्त रामबाबू, रामदीन, बादाम सिंह, रामरतन, रुकमंगल, अमर सिंह, रामवीर, देशराज, बरजोर व हरीशचंद को दोष सिद्ध किया गया है| सजा पर सुनवाई के लिए 28 नवंबर की तिथि तय की गयी है| आरोपियों की धारा 397 आईपीसी में दोषमुक्त किया है|
प्रभारी मंत्री नें लाभार्थियों को वितरित की योजनाओं की सौगात
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा फर्रुखाबाद जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मंत्री द्वारा कृषि यंत्रीकरण योजनांतर्गत लाभार्थियों को उपकरण दिए जाने से हुई। श्री मधुबाला को कम्बाइन हार्वेस्टर की चाबी प्रदान की गई जिस पर 10,19,700 रूपये का अनुदान स्वीकृत है। वहीं उमेश चंद्र को लेजर लैंड लेवलर पर 1,35,000 रूपये का अनुदान दिया गया। इसके बाद मंत्री ने 10 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। उद्यान विभाग की ओर से नौ किसानों को एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत संकर सब्जी बीज उपलब्ध कराए गए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पांच बच्चों को प्रमाणपत्र दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंप कर लाभान्वित किया गया। एनआरएलएम के अंतर्गत 126 स्वयं सहायता समूहों को प्रति समूह 30 हजार रुपये की दर से कुल 37.80 लाख का रिवॉल्विंग फंड वितरित किया गया। युवा उद्यमी विकास अभियान में पांच लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के पांच लाभार्थियों, समाज कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के तीन तथा वृद्धावस्था पेंशन के एक लाभार्थी को प्रमाणपत्र वितरण किया गया। बैठक में मंत्री ने पूर्व समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी मांगी। गंगा नदी पर तटबंध निर्माण हेतु सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ने बताया कि 465.80 करोड़ की परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिस पर कुछ आपत्तियाँ दर्ज की गई हैं। मंत्री ने निर्देश दिया कि सांसद, विधायकगण व जिलाधिकारी की संयुक्त बैठक कर आपत्तियाँ दूर कराई जाएँ तथा तटबंध क्षेत्र में आने वाले प्रभावित परिवारों की संख्या का सर्वे कराया जाए। सांसद ने बाढ़ में विस्थापित परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग ने कायमगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गाँवों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देशित किया कि जिले की स्थापना दिवस को श्रीराम नगरिया मेले में ‘जिला महोत्सव दिवस’ के रूप में आयोजित किया जाए। सांसद ने साहबगंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता को हटाने की मांग उठाई। एनएचएआई की बेबर रोड पर गड्ढों एवं नाले के सड़क से ऊँचा होने की शिकायत पर मंत्री ने पीडब्ल्यूडी व जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त तकनीकी टीम बनाकर जांच कराने के निर्देश दिए। ‘हर घर जल’ योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार न होने पर कार्रवाई के संकेत दिए। अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर कमजोर रैंकिंग पर भी मंत्री ने चिंता जताई। सांसद मुकेश राजपूत ने पटेल पार्क में सरदार पटेल की मूर्ति के सौंदर्यीकरण तथा रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा लगाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने बताया कि रानी अवंतीबाई की प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान चयनित कर लिया गया है। अमृतपुर विधायक ने यूरिया की महंगी बिक्री की शिकायत उठाई। सांसद ने मक्का क्रय केंद्रों पर किसानों की मक्का न खरीदने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने जिलाधिकारी को सभी क्रय केंद्रों की खरीद की जांच कराने तथा खरीद केवल किसानों से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का समय-समय पर निरीक्षण हो तथा लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक ही पहुंचे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर व कायमगंज विधायक डॉ.सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि अधिकारी रहे|
श्रीमद्भागवत कथा में ध्रुव चरित्र का वर्णन
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर दरीबा पश्चिम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस में कथा व्यास गंगोत्री तिवारी मृदुल जी महाराज ने भक्त ध्रुव की कथा का दिव्य वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान केवल निर्मल और निष्कपट मन वालों को ही प्रिय होते हैं। जिस मन में छल-कपट हो, ऐसे व्यक्ति को प्रभु की कृपा प्राप्त नहीं हो सकती। ध्रुव जी ने भावपूर्वक भगवान को पुकारा तो प्रभु ने उन पर अनंत कृपा बरसाई। इसी तरह भाव से मीरा ने गिरिधर को पाया। कथा व्यास ने कहा कि कलियुग में सभी सुविधाएँ होने के बाद भी लोगों के मन में अशांति बनी रहती है। मनुष्य यदि जीवन में वास्तविक शांति चाहता है तो भागवत के बताए मार्ग जुआ, शराब, व्यभिचार व मांसाहार से दूर रहने—का पालन करे। हमारे धर्मग्रंथ सदैव हमें सतमार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं, इसलिए उनका अनुसरण जरूरी है। उन्होंने सती प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि सती के पिता दक्ष ने अहंकार किया, जिसे भगवान शिव ने नष्ट किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में ऋषि दत्त शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित ने सपत्नीक व्यास पीठ का पूजन किया। प्रवेश पाण्डेय, राजेश शर्मा, अंश शर्मा, अमित शर्मा, चेतन शर्मा, रामराज यादव, ताराचंद शर्मा, गोलू शर्मा, अनुज शर्मा, टिंकू शर्मा, लकी शर्मा, ओंकार शर्मा, सोनिक शर्मा, निरंकार शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मध्याह्न भोजन बनाते समय लगी आग, रसोइया झुलसी
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता)कमालगंज क्षेत्र के गाँव गौसपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) तैयार करते समय अचानक गैस सिलेंडर के पाइप में आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर विद्यालय की रसोइया सरला देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के दौरान विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मंजूलता ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए फायर सेफ्टी सिलेंडर से आग पर काबू पा लिया, जिससे स्कूल में बड़ा हादसा टल गया और छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। झुलसी हुई सरला देवी को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना पर कमालगंज पुलिस भी मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालयों में सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच और प्रशिक्षण की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। खंड शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह नें बताया कि मामले की मामले की जाँच की जा रही है |
राष्ट्रीय एकता मार्च में उमड़ा जनसमूह, तिरंगे संग हुआ पैदल मार्च
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सरदार पटेल की 150वीं जयंती अभियान के अंतर्गत भोजपुर विधानसभा के मोहम्मदाबाद में गुरुवार को राष्ट्रीय एकता मार्च का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने विशेष सहभागिता की। एसएम इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा मोहम्मदाबाद चौराहे होते हुए मोहन पैलेस में संपन्न हुई। प्रकाश पाल तिरंगा ध्वज लेकर “सरदार पटेल अमर रहें” व “वंदे मातरम्” का उदघोष करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ते रहे। मोहन पैलेस में उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर भारत संकल्प पत्र पढ़कर शपथ दिलाई। स्कूल के बच्चों ने “वंदे मातरम्” गीत प्रस्तुत किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पूरे देश में एक उत्सव की तरह मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की अखंडता के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके विचारों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर भाजपा सरकार ने सरदार पटेल के कद को वैश्विक पहचान दी। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सरदार पटेल एक विचारधारा हैं, जिनकी राष्ट्रहित में भूमिका सदैव प्रेरणादायक रही है। जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की महान विभूतियों को सम्मान दिया है और आतंकवाद व भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री गोपाल राठौर ने किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री डीएस राठौर, खीमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कटियार, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटियार, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, पूर्व सैनिक प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर, मोहम्मदाबाद मंडल अध्यक्ष अनुज राजपूत, शंकर सिंह राठौर, शिव मोहन सिंह, शैलेंद्र राजपूत, डॉ. उदय प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि रहे|
स्ट्रीट डॉग वैक्सीनेशन के कड़े निर्देश, रैन बसेरों व गौशालाओं में भी विशेष व्यवस्था के निर्देश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जूनोटिक समिति तथा राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसीएमओ ने अवगत कराया कि देश में हर वर्ष लगभग 20 हजार मौतें रैबीज़ बीमारी से होती हैं। जिले में बचाव के लिए लोहिया अस्पताल में एंटी रैबीज़ सीरम तथा सभी सीएचसी पर एंटी रैबीज़ वैक्सीन डोज उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि रैबीज़ रोकथाम के लिए इंसानों के साथ-साथ पालतू पशुओं का वैक्सीनेशन अत्यंत आवश्यक है।
स्ट्रीट डॉग वैक्सीनेशन पर कड़े निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पालतू कुत्तों का वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से समय से कराया जाए, नगर क्षेत्र के स्ट्रीट डॉग का वैक्सीनेशन अभियान चलाकर कराया जाए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार को शेल्टर हाउस के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवारा कुत्तों को सुरक्षित रूप से रखकर उनके टीकाकरण की बेहतर व्यवस्था की जा सके।
सर्दी से पूर्व तैयारी, रैन बसेरे व गौशालाएं दुरुस्त करें
आगामी ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में गर्मी व सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम करने, शहर में रैन बसेरों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि बेघर व जरूरतमंद लोगों को सुविधा मिल सके।



