जिला बार एसोसिएशन के वकीलों की हड़ताल स्थगित

फर्रुखाबाद: प्रशासनिक न्यायमूर्ति के आश्वासन के बाद जिला बार एसोसिशन के अधिवक्ताओं ने बैठक कर हड़ताल को 31 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं होतीं तो पुनः हड़ताल शुरू कर दी जायेगी।

जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शनिवार को एसोसिएशन कार्यालय में बैठक कर रणनीति बनायी। रणनीति के तहत अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि दो दिन के लिए हड़ताल खत्म की जाये। यदि मांगें नहीं मांनी गयीं तो हड़ताल को पुनः जारी कर दिया जायेगा। इस सम्बंध में अधिवक्ताओं ने जनपद न्यायाधीश को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया है। हड़ताल स्थगित किये जाने के सम्बंध में जिलाधिकारी, एसडीएम सदर, जिला उपभोक्ता फोरम, डीडीसी, सीओ आर को भी पत्र के माध्यम से जानकारी दी गयी है। संगठन के महासचिव संजीव पारिया ने कहा कि 31 जुलाई तक यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो अधिवक्ता पुनः हड़ताल पर चले जायेंगे।

तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एडीएम से मिले
तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सर्किल रेट कम किये जाने की मांग को लेकर अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार से मिले। अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार ने अधिवक्ताओं से कहा कि सर्किल रेट के सम्बंध में वह कुछ भी नहीं कह सकते हैं। जो भी निर्णय लेंगे वह जिलाधिकारी ही लेंगे। जिस पर अधिवक्ताओं ने एडीएम से कहा कि आप जिलाधिकारी से बात करके हमें बतायें कि हमारी समस्याओं का निस्तारण किया जायेगा या नहीं। जिस पर एडीएम ने कहा कि शाम तक जिलाधिकारी से बात कर उन्हें बता  दिया जायेगा। वहीं अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक बढ़े हुए सर्किल  रेट को कम नहीं किया जायेगा तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।

इस अवसर पर अधिवक्ता अतर सिंह, दयाशंकर तिवारी, फरहत अली, प्रवीनचन्द्र सक्सेना, राजीव सिंह चौहान, मुन्ना यादव आदि मौजूद रहे।